नारसन और भगवानपुर बॉर्डर से पुलिस ने लौटाए 400 वाहन

उत्तरप्रदेश

सावन के पहले सोमवार को नारसन और भगवानपुर बॉर्डर पर पुलिस की सख्ती रही। पुलिस ने बाहरी राज्यों से आने वाले वाहनों की सघन चेकिंग की। इस दौरान 400 से अधिक वाहनों को लौटा दिया। इनमें कई वाहन कांवड़ियों के थे।

सावन के पहले सोमवार को सुबह से ही नारसन बॉर्डर पर यात्रियों की भीड़ जुटने लगी। पुलिस ने हर वाहन की सघन चेकिंग की। साथ ही बाहरी राज्यों से आने वाले लोगों की कोरोना रिपोर्ट की भी जांच की। रिपोर्ट नहीं होने पर लोगों को बॉर्डर से ही लौटा दिया। नारसन बॉर्डर से शाम सात बजे तक पुलिस ने करीब 300 वाहन लौटाए। वहीं, भगवानपुर के मंडावर और काली नदी चेक पोस्ट पर पुलिस का कड़ा पहरा रहा।

यहां से पुलिस ने 126 वाहनों को लौटाया। उधर, कांवड़ मेला अधिकारी हरीश वर्मा ने काली नदी और मंडावर चेक पोस्ट का निरीक्षण किया। उन्होंने सख्ती से चेकिंग करने के निर्देश दिए। इस दौरान एसओ पीडी भट्ट भी मौजूद थे। खानपुर क्षेत्र के बॉर्डर पर भी भारी भीड़ उमड़ी। लोगों के पास कोरोना की रिपोर्ट और रजिस्ट्रेशन न होने के चलते पुलिस ने सैकड़ों वाहनों को लौटा दिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *