इलेक्ट्रिक वाहन खरीदिए, सरकार से सब्सिडी लीजिए : सीएम

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने हिमालय दिवस के अवसर पर पर्यावरण संरक्षण के लिए प्रदेश में निजी इलेक्ट्रॉनिक वाहन खरीदने पर प्रोत्साहन राशि देने की घोषणा की है। प्रदेश में खरीदे गए पहले पांच हजार निजी दो पहिया वाहनों को प्रति वाहन 7500 रुपये और एक हजार निजी चौपहिया वाहनों पर प्रति वाहन 50 हजार रुपये की सब्सिडी का लाभ मिलेगा।

मुख्यमंत्री ने यह घोषणा हिमालय दिवस पर आयोजित ऑनलाइन वेबिनार में की। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड राज्य में वाहनों से होने वाले वायु प्रदूषण को कम करने के लिए निजी इलेक्ट्रिक दो पहिया व चार पहिया वाहनों की खरीद पर प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड यह प्रोत्साहन राशि देगा।

दो पहिया वाहनों के लिए वाहन मूल्य का 10 प्रतिशत या 7500 रुपये, जो भी कम हो और चार पहिया वाहनों के लिए वाहन के मूल्य का पांच प्रतिशत अथवा 50 हजार, जो भी कम हो, देय होगा। प्रोत्साहन की धनराशि बैक एंडेड सब्सिडी के रूप में डीबीटी के माध्यम से सीधे बैंक व वित्तीय संस्थाओं या डीलर को उपलब्ध कराई जाएगी।

अपर मुख्य सचिव आनंद बर्द्धन ने बताया कि राज्य स्तर और जिला स्तर पर पर्यावरण योजना बनाने पर कार्य किया जा रहा है। कार्यक्रम हिमालय यूनाइटेड मिशन (हम) की पुस्तक ‘हिमालय दिवस’ का विमोचन किया गया। वेबिनार में अपर प्रमुख सचिव अभिनव कुमार, विशेष सचिव डॉ.पराग मधुकर धकाते, वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से शासन के वरिष्ठ अधिकारी, जिलाधिकारी और जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed