आनंद गिरि को लेकर प्रयागराज रवाना हुई सीबीआई, साढ़े 7 घंटे चली पूछताछ

अखिल भारतीय अखाड़ा परिषद के राष्ट्रीय अध्यक्ष श्रीमहंत नरेंद्र गिरि की मौत की गुत्थी सुलझाने के लिए हरिद्वार पहुंची सेंट्रल इन्वेस्टिगेशन ब्यूरो (सीबीआई) की टीम गुरुवार को आनंद गिरि को लेकर प्रयागराज के लिए रवाना हो गई। इससे पहले सीबीआई ने आंनद गिरि से करीब साढ़े सात घंटे तक पूछताछ की। इसके बाद सीबीआई की टीम आनंद गिरि को लेकर हरिद्वार से प्रयागराज के लिए रवाना हो गई।

कंप्यूटर से डाटा लिया और लैपटॉप भी बरामद किया
सीबीआई की टीम बुधवार देर शाम आरोपी आनंद गिरि को रिमांड पर लेकर हरिद्वार पहुंची। टीम ने आनंद गिरि का श्यामपुर कांगड़ी स्थित सील आश्रम खुलवाकर वहां से सुबूत जुटाए। टीम ने आश्रम के कंप्यूटर से डाटा लिया और लैपटॉप भी बरामद किया। इसके बाद सीबीआई की टीम लौट गई।

श्रीमहंत नरेंद्र गिरि की संदिग्ध परिस्थितियों में हुई मौत के मामले में उनके शिष्य संत आनंद गिरि भी आरोपी हैं। मौत की गुत्थी सुलझाने के लिए सीबीआई जांच कर रही है। कथित सुसाइड नोट में नरेंद्र गिरि ने संत आनंद गिरि का उल्लेख करते हुए कहा कि वह हरिद्वार से उनकी किसी महिला या लड़की के साथ फोटो और वीडियो वायरल कर सकता है। इसके बाद हरिद्वार पुलिस ने आनंद गिरि को श्यामपुर कांगड़ी स्थित उसके आश्रम से गिरफ्तार करके प्रयागराज पुलिस को सौंप दिया था।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed