बॉलीवुड में बड़े अभिनेता महिला केंद्रित फिल्मों में काम नहीं करना चाहते:तापसी पन्नू

तापसी पन्नू अपने मुखर स्वभाव के लिए जानी जाती हैं। वह हर मुद्दे पर बेबाकी से अपनी राय रखती हैं। बॉलीवुड में अभिनेत्रियों के साथ होने वाले भेदभाव पर भी तापसी खुलकर बात कर चुकी हैं। वह युवा अभिनेत्रियों में महिला प्रधान फिल्में करने वाली अदाकारा के रूप में पहचान बना रही हैं। हाल ही में उन्होंने बताया कि क्यों ऐसी फिल्मों में बॉलीवुड के बड़े अभिनेता काम करने से परहेज करते हैं।
तापसी ने कहा, यह तो हमेशा से एक बड़ा मसला रहा है कि जब भी किसी महिला केंद्रित फिल्म में मेरे साथ किसी हीरो की जरूरत होती है तो मुझे हीरो नहीं मिलता। उन्होंने कहा, यहां तक कि एकाध फिल्म कर चुका अभिनेता भी महिला केंद्रित फिल्म में काम करने से पल्ला झाड़ता है। कुछ ऐसी धारणा बनी है कि इससे अभिनेताओं की छवि खराब हो जाएगी, क्योंकि वे पर्दे पर अभिनेत्री से कमतर नहीं दिखना चाहते।
तापसी ने आगे कहा, यह संघर्ष तो मेरी हर फिल्म के साथ होता है, क्योंकि मैं अधिकतर उन्हीं फिल्मों का हिस्सा बनती हूं, जिनमें महिला का किरदार सशक्त हो और यही चीज अभिनेताओं के लिए खतरा है। उन्होंने कहा, मुझे कभी दिक्कत नहीं हुई कि मेरा किरदार अभिनेता से छोटा है, लेकिन कई अभिनेताओं ने मुझसे यह बात कही कि वे ऐसी फिल्में नहीं कर सकते, जिनमें महिलाओं का किरदार मजबूत हो और वह दूसरे किरदारों पर हावी हो जाए।
तापसी ने अपनी बात आगे बढ़ाते हुए कहा, अगर कोई एक्टर महिला केंद्रित फिल्म में काम कर रहा है तो समझ लें कि उसके अंदर जरा भी असुरक्षा की भावना नहीं है और ऐसा करना बड़े अभिनेताओं के बस की बात नहीं है, क्योंकि वे बहुत असुरक्षित होते हैं। उन्होंने कहा, फिल्म मिशन मंगल ही ले लीजिए ना, जिसमें पांच महिलाएं थीं, लेकिन अक्षय टॉप पर थे। फिर भी किसी हीरोइन को अपनी स्क्रीन टाइमिंग से कोई परेशानी नहीं हुई।
तापसी बोलीं, लंबे अरसे से अभिनेत्रियां पुरुष प्रधान फिल्मों का हिस्सा बनती आई हैं, जिसमें चार गाने और दो सीन होते थे, लेकिन अब जब चीजें बदल रही हैं तो अभिनेता घबरा रहे हैं। इससे पहले तापसी ने एक इंटरव्यू में कहा था, महिला प्रधान फिल्मों को लेकर अभिनेत्रियों के बीच होड़ कम है, क्योंकि कई अभिनेत्रियां फिल्मों का भार अपने कंधों पर नहीं लेना चाहती हैं। उन्हें लगता है कि फिल्म फ्लॉप हुई तो बिल उनके नाम पर फटेगा।
पिंक, मुल्क, बदला और सांड़ की आंख जैसी फिल्मों में सशक्त महिलाओं के किरदार निभाने वालीं तापसी जल्द ही फिल्म रश्मि रॉकेट में नजर आएंगी। वह फिल्म शाबाश मिठू में काम कर रही हैं। तापसी अभिनेता ताहिर राज भसीन के साथ कॉमेडी थ्रिलर फिल्म लूप लपेटा में दिखाई देंगी। वह फिल्म दोबारा और तमिल थ्रिलर फिल्म जन गण मन का हिस्सा हैं। तापसी अपने होम प्रोडक्शन के बैनर तले बनी फिल्म ब्लर में अभिनेता गुलशन देवैया के साथ दिखाई देंगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed