अभिनेत्री कंगना रणौत के बयान पर भड़की उत्तराखंड महिला कांग्रेस, थाने में दी तहरीर
अभिनेत्री कंगना रणौत द्वारा आजादी को लेकर दिए बयान पर कांग्रेस ने इसे स्वतंत्रता सेनानियों का अपमान बताते हुए मुकदमा दर्ज करने की मांग की है। इस संबंध में महानगर कांग्रेस के प्रतिनिधिमंडल ने वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक से मुलाकात कर ज्ञापन सौंपा।
देहरादून महानगर कांग्रेस अध्यक्ष लालचंद शर्मा के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने एसएसपी जन्मेजय खंडूडी से उनके कार्यालय में मुलाकात की। एसएसपी को दिए ज्ञापन में महानगर अध्यक्ष लालचंद शर्मा ने कहा कि अभिनेत्री कंगना रणौत ने आजादी पर बयान देकर स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों और शहीदों का अपमान किया है। इस बयान से समाज में नफरत फैलाने और देश के स्वंतत्रता संग्राम सेनानियों के बलिदान का अपमान करने का काम किया है। पूर्व विधायक राजकुमार ने कहा कि कांग्रेस लोकतांत्रिक पार्टी है। जो सभी धर्मों, वर्गों, संप्रदायों व जातियों का सम्मान करती है। प्रतिनिधिमंडल ने एसएसपी के समक्ष यातायात और शहर की कानून व्यवस्था से जुड़ी अन्य समस्याएं भी रखते हुए उनके समाधान की मांग की।
