दिनेश कार्तिक की बल्लेबाजी के मुरीद हुए आरसीबी के नए कप्तान डुप्लेसिस
आईपीएल 2022 में दिनेश कार्तिक बिल्कुल नई भूमिका में हैं। वह रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर की तरफ से इस बार फिनिशर के रोल में बल्लेबाजी कर रहे हैं। 36 वर्षीय कार्तिक ने सीजन में अब तक खेले दो मैचों में ताबड़तोड़ बल्लेबाजी की है। बुधवार को कोलकाता नाइट राइडर्स के खिलाफ मैच में भी कार्तिक ने कम स्कोर वाली करीबी मुकाबले में सात गेंदों में नाबाद 14 रन बनाए। उन्होंने सातवें नंबर पर बल्लेबाजी करते हुए आरसीबी को आखिरी ओवरों में अपनी पारी से जीत दिलाई। मैच के बाद आरसीबी के कप्तान फाफ डुप्लेसिस ने कार्तिक की तारीफ करते हुए उनकी तुलना सीएसके के अपने पूर्व कप्तान महेंद्र सिंह धोनी से की।
मैच के बाद डुप्लेसिस ने साफ कहा कि आखिरी ओवरों में डीके का अनुभव टीम के काम आया। उन्होंने कहा, ‘यह अच्छी जीत थी। छोटे स्कोर का पीछा करते समय सकारात्मक सोच के साथ उतरना चाहिए और इतना लंबा मैच नहीं जाना चाहिए था लेकिन उनके गेंदबाजों ने शानदार प्रदर्शन किया।” आरसीबी के कप्तान ने कहा, “इस विकेट पर आज काफी सीम और उछाल थी। दो तीन दिन पहले यहां 200 बनाम 200 था, लेकिन आज 130 बनाम 130। हमें बेहतर ढंग से जीतना चाहिए था लेकिन जीत तो फिर जीत है।”
