पौड़ी गढ़वाल में पिकअप खाई में गिरी, ड्राइवर समेत तीन की मौत

श्रीनगर । पहाड़ से लेकर मैदान तक सड़क हादसे रूकने के नाम नहीं ले रहे। जबकि हादसों को लेकर सरकार की ओर से सभी चालकों को सावधानी बरतने के लिए कहा जाता है। वहीं मंगलवार को उत्तराखंड के पौड़ी गढ़वाल जनपद में बड़ा हादसा हो गया। थलीसैंण इलाके में पिकअप वाहन गहरी खाई में गिर गया। इस हादसे में ड्राइवर समेत तीन लोगों के मरने की सूचना है। इस अलावा चार स्कूली बच्चे भी इस हादसे में घायल हो गए।
थलीसैंण थाना प्रभारी सुनील पंवार ने बताया कि स्थानीय लोगों ने फोन पर दुर्घटना की जानकारी दी थी। इसके बाद पुलिस टीम को मौके पर भेजा गया था। पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर राहत और बचाव का कार्य शुरू किया और खाई में गिरे सभी लोगों को ऊपर सड़क पर लाया गया, जिन्हें तत्काल हॉस्पिटल ले जाया गया।
थलीसैंण थाना प्रभारी सुनील पंवार के मुताबिक डॉक्टरों ने तीन लोगों को तो मृत घोषित कर दिया, जबकि अन्य चार घायल स्कूली बच्चों को हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया। घायलों में एक बच्चे की हालत गंभीर थी, जिसके हायर सेंटर रेफर कर दिया गया। वहीं हादसे का कारणों का अभीतक पता नहीं चल पाया है। हादसे के कारणों का पता करने के लिए पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है। बताया जा रहा है कि हादसे में घायल हुए चारों स्कूली बच्चों ने पिकअप के ड्राइवर से लिफ्ट ली थी।
मृतकों में आनंद सिंह पुत्र शेर सिंह निवासी ग्राम क्वीन धुमाकोट 60 वर्ष (चालक), मोहन सिंह पुत्र कोतवाल सिंह निवासी किंगोडीखाल धुमाकोट 65 वर्ष, अर्जुन सिंह पुत्र गुमान सिंह निवासी ग्राम बंदर कोट तह बीरोंखाल 60वर्ष शामिल है वहीं घायलों में सानू पुत्र सुरेंद्र सिंह निवासी ठकुलसारी बिरोखाल उम्र 16 वर्ष, अनुराग पुत्र रनवीर सिंह निवासी ठकुरसारी बिरोखाल उम्र 14 वर्ष, आदित्य पुत्र रनवीर सिंह नेगी निवासी ठकुरसारी बिरोखाल उम्र 14 वर्ष और आयुष पुत्र चंद्र सिंह निवासी ठकुलसारी उम्र 11 वर्ष (रामनगर रेफर) शामिल है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed