तेज रफ्तार डंपर ने बाइक सवार को कुचला, मौके पर ही मौत

लक्सर। हरिद्वार के लक्सर में दर्दनाक हादसे में बाइक सवार व्यक्ति की मौत हो गई। हरिद्वार लक्सर हाईवे पर तेज रफ्तार डंपर ने बाइक सवार युवक को कुचल दिया। हादसे में युवक की मौके पर ही मौत हो गई।
हादसा रविवार दोपहर करीब एक बजे का है। लक्सर के थाना पथरी के धनपुरा चौक पर एक तेज रफ्तार खाली डंपर और बाइक में आमने-सामने जबरदस्त टक्कर हो गई। हादसे में बाइक सवार 30 वर्षीय नौशाद पुत्र नवाब अली निवासी सुल्तानपुर थाना लक्सर की मौके पर ही मौत हो गई। नौशाद बाइक से सुल्तानपुर से हरिद्वार के लिए निकला था। लेकिन सड़क पर उसका सफर मौत में बदल गया।
हादसा इतना भीषण था कि बाइक का कचुंबर बन गया। वहीं मौके पर लोगों की भीड़ लग गई। भीड़ में से किसी ने पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने नौशाद को एंबुलेंस से जिला अस्पताल भिजवाया। जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। वहीं पुलिस ने चालक समेत डंपर (यूके08 सी 8353) और बाइक को कब्जे में लिया।
उधर स्थानीय लोगों में इस घटना से भारी गुस्सा है। उनका कहना है कि इस रूट पर डंपर चालक बेलगाम होकर गाड़ियां दौड़ाते हैं। पहले भी कई हादसे हो चुके हैं। लेकिन प्रशासन की नींद अब तक नहीं टूटी है। लोगों ने डंपरों की रफ्तार पर नियंत्रण लगाने और सख्त निगरानी रखी जाने की मांग की। वहीं थाना पथरी अध्यक्ष मनोज नौटियाल ने बताया कि धनपुरा चौक पर एक डंपर और बाइक के बीच टक्कर में एक युवक की मौत हुई है। शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा गया है और दोनों वाहन पुलिस की कस्टडी में हैं। जांच की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed