केदारताल ट्रेक रेस्क्यू अभियान: हेलीकॉप्टर के माध्यम से 03 शव मातली हेलीपैड पहुंचाए गए, शेष लापता व्यक्तियों की तलाश जारी

उत्तरकाशी। जनपद उत्तरकाशी के केदारताल ट्रेक पर लापता ट्रेकर्स एवं सपोर्टिंग स्टाफ की तलाश में SDRF उत्तराखंड पुलिस द्वारा संचालित सर्च एवं रेस्क्यू अभियान लगातार जारी है।
उल्लेखनीय है कि 27 अक्टूबर को गंगोत्री से 07 ट्रेकर्स एवं 06 सपोर्टिंग स्टाफ सहित कुल 13 सदस्यीय दल केदारताल ट्रेक के लिए रवाना हुआ था। खराब मौसम, भारी बर्फबारी एवं ग्लेशियर के कारण मार्ग अवरुद्ध होने से दल निर्धारित समय पर वापस नहीं लौट सका था। सूचना प्राप्त होने पर प्रशासन के समन्वय से SDRF, नेहरू पर्वतारोहण संस्थान (NIM), वन विभाग एवं ट्रेकिंग एजेंसी की टीमें लगातार सर्च एवं रेस्क्यू अभियान में जुटी हुई हैं।
सेनानायक SDRF अर्पण यदुवंशी के निर्देशन में SDRF की टीमें अत्यंत दुर्गम एवं चुनौतीपूर्ण भौगोलिक परिस्थितियों में अन्य रेस्क्यू एजेंसियों के साथ समन्वय स्थापित कर सर्चिंग अभियान संचालित कर रही हैं।
सर्चिंग अभियान के दौरान प्राप्त 03 शवों (02 पुरुष एवं 01 महिला) को हेलीकॉप्टर के माध्यम से मातली हेलीपैड, उत्तरकाशी पहुंचाया गया है। शेष लापता व्यक्तियों की तलाश के लिए केदारताल क्षेत्र में SDRF, NIM, वन विभाग एवं अन्य संबंधित एजेंसियों की टीमें संयुक्त रूप से सर्च एवं रेस्क्यू अभियान संचालित कर रही हैं।
प्रतिकूल मौसम, भारी बर्फबारी एवं अत्यंत कठिन भौगोलिक परिस्थितियों के बावजूद सभी रेस्क्यू टीमें आपसी समन्वय एवं पूरी तत्परता के साथ अभियान में जुटी हुई हैं। शेष लापता व्यक्तियों की तलाश हेतु सर्चिंग अभियान लगातार जारी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed