मसूरी विधानसभा क्षेत्र में आधारभूत सुविधाओं के विस्तार और ग्रामीण क्षेत्रों के विकास को मिल रही गति : गणेश जोशी
कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी ने मसूरी विधानसभा क्षेत्र के कार्लीगाड़ में ₹73.97 लाख के विकास कार्यों का किया शिलान्यास
देहरादून। कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी ने आज देहरादून सहस्त्रधारा में मसूरी विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत कार्लीगाड़ में ग्राम पंचायत कार्लीगाड़ और मोटीधार में मसूरी देहरादून विकास प्राधिकरण एवं मंडी परिषद द्वारा स्वीकृत लगभग ₹73.97 लाख की लागत के विभिन्न विकास कार्यों का शिलान्यास किया। इस अवसर पर कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी ने कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में प्रदेश सरकार ग्रामीण क्षेत्रों के समग्र विकास और आधारभूत सुविधाओं के सुदृढ़ीकरण के लिए निरंतर कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि मसूरी विधानसभा क्षेत्र के प्रत्येक गांव में सड़क, सुरक्षा, सामुदायिक सुविधाओं सहित आवश्यक विकास कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर धरातल पर उतारा जा रहा है। सरकार का उद्देश्य अंतिम छोर पर खड़े व्यक्ति तक विकास का लाभ पहुंचाना है। इस दौरान कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी ने संबंधित विभागीय अधिकारियों को निर्माण कार्य समय पर पूर्ण करने और निर्माण की गुणवत्ता का विशेष ध्यान देने के भी निर्देश दिए। कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी ने कहा कि इन विकास कार्यों के पूर्ण होने से क्षेत्रवासियों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध होंगी और स्थानीय लोगों को इसका सीधा लाभ मिलेगा। उन्होंने कहा कि केंद्र एवं प्रदेश की डबल इंजन सरकार विकास के संकल्प के साथ निरंतर आगे बढ़ रही है। शिलान्यास किए गए कार्यों में ग्राम पंचायत कार्लीगाड़ में शिव मंदिर के पास ₹13.05 लाख की लागत से सुरक्षात्मक दीवार का निर्माण, ग्राम पंचायत कार्लीगाड़, सहस्रधारा में ₹32.74 लाख की लागत से सामुदायिक भवन का निर्माण शामिल है। इसके अतिरिक्त, ग्राम पंचायत मोटीधार में ₹9.32 लाख की लागत से आंतरिक सीसी मार्ग एवं सुरक्षात्मक कार्य तथा ग्राम लुहारीगढ़ में ₹18.86 लाख की लागत से पुलिया निर्माण कार्य का शिलान्यास किया गया। इस अवसर पर जिला पंचायत सदस्य वीर सिंह चौहान, ग्राम प्रधान राकेश जावड़ी, कृपाल जवाड़ी, धीरज थापा, सुनील चमोली, रतन सिंह नेगी, प्रेम कोहली सहित बड़ी संख्या में स्थानीय लोग उपस्थित रहे।
