उत्तराखण्ड गौ सेवा आयोग की सामान्य कार्यकारिणी की पहली बैठक हुई

प्रदेश के प्रत्येक विकासखंड में गौशाला स्थापित करने की दिशा में प्रभावी कार्यवाही की जाएः राजेंद्र अणथ्वाल

देहरादून । उत्तराखण्ड गौ सेवा आयोग के अध्यक्ष (डॉ.) पंडित राजेंद्र अणथ्वाल की अध्यक्षता एवं उपाध्यक्ष भूपेंद्र कण्डारी की उपस्थिति में सोमवार को पशुधन भवन मोथरोवाला में आयोग की सामान्य कार्यकारिणी की बैठक आयोजित की गई। इस अवसर पर आयोग के अध्यक्ष (डॉ.) पंडित राजेंद्र अणथ्वाल ने कहा कि उत्तराखण्ड सनातन की राजधानी है। देवभूमि उत्तराखण्ड के राज्य निर्माण की मूल परिकल्पना के अनुरूप राज्य सरकार मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में गो, गंगा, गायत्री एवं संत सेवा के कार्यों में निरंतर तत्परता से जुटी हुई है। उन्होंने कहा कि गोवंश की सेवा में लगे सभी लोगों पर भगवान की विशेष कृपा है। जहां गाय का अनादर होता है, वहां दुर्दशा होना निश्चित है। इस बात पर समाज के प्रत्येक व्यक्ति को गंभीरता से विचार करने की आवश्यकता है। गोमाता के प्रति सम्मान, सेवा एवं संरक्षण हमारी सनातन संस्कृति के मूल भाव हैं।
अध्यक्ष ने समिति के सभी सदस्यों को बोर्ड की बैठकों में अनिवार्य रूप से स्वयं उपस्थित रहने के निर्देश दिए। उन्होंने प्रत्येक छह माह में बोर्ड की बैठक आयोजित करने को कहा। उन्होंने सभी सदस्यों से अपने-अपने जनपदों में नकारात्मक सोच रखने वाले लोगों से दूर रहते हुए सकारात्मक दृष्टिकोण के साथ गोवंश संरक्षण एवं संवर्धन के लिए कार्य करने की अपेक्षा की। उन्होंने बैठक में प्रस्तुत सभी प्रस्तावों को पूर्ण करने की उम्मीद भी जताई। बैठक में पिछली बैठक में दिए गए निर्देशों के क्रम में संबंधित विभागों एवं अधिकारियों द्वारा की गई कार्यवाही की प्रगति से सदस्यों को अवगत कराया गया। बैठक में निराश्रित गाय एवं गोवंश को आश्रय उपलब्ध कराने के संबंध में विस्तार से चर्चा की गई। इसके साथ ही वर्तमान में संचालित, निर्माणाधीन एवं नए प्रस्तावित गौसदनों तथा गौशालाओं की स्थिति की समीक्षा करते हुए आवश्यक निर्देश दिए गए। अध्यक्ष ने कहा कि प्रदेश के प्रत्येक विकासखंड में गौशाला स्थापित करने की दिशा में प्रभावी कार्यवाही की जाए, ताकि निराश्रित गोवंश को स्थानीय स्तर पर सुरक्षित आश्रय उपलब्ध कराया जा सके।
अध्यक्ष ने कहा कि निराश्रित गोवंश के साथ किसी भी प्रकार की क्रूरता न हो तथा गौसदनों एवं गौशालाओं में साफ-सफाई की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। गोवंश के भरण-पोषण के लिए मिलने वाला अनुदान निर्धारित समय के भीतर गोसेवकों तक पहुंचाने पर विशेष ध्यान दिया जाए। उन्होंने निर्देश दिए कि गौसदनों को दिए जाने वाले अनुदान से संबंधित सभी आवश्यक प्रक्रियाएं प्रत्येक माह की 1 से 5 तारीख तक पूर्ण कर ली जाएं, ताकि गौसदनों को समय से अनुदान उपलब्ध कराया जा सके और गोवंश के भरण-पोषण एवं देखभाल में किसी प्रकार की बाधा न आए। उन्होंने नगर निकायों एवं पंचायती राज विभाग को निर्देश दिए कि सड़कों पर घायल अवस्था में मिलने वाले निराश्रित गोवंश को तत्काल मौके पर चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराई जाए तथा उपचार के उपरांत उन्हें सुरक्षित गौशालाओं तक पहुंचाया जाए। इसके लिए संबंधित विभागों में नोडल अधिकारी नामित किए जाएं। साथ ही नगर निकायों एवं ब्लॉक स्तर पर गोवंश के जन्म एवं मृत्यु से संबंधित रिकॉर्ड संधारित करने की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए।
अध्यक्ष ने गोहत्या, गौकशी, गौमांस तथा गौ तस्करी पर प्रभावी रोक लगाने के लिए और अधिक सख्ती से कार्रवाई करने के निर्देश दिए। उन्होंने पुलिस विभाग को निर्देशित किया कि गौमांस पकड़े जाने की कार्रवाई के दौरान नमूने एकत्रित करने के लिए मौके पर पहुंचने वाले पशु चिकित्सा अधिकारियों को आवश्यक सुरक्षा उपलब्ध कराई जाए। साथ ही इस संबंध में थाना स्तर पर संबंधित अधिकारियों की जिम्मेदारी निर्धारित करने को कहा, जिससे ऐसी कार्रवाई में जवाबदेही सुनिश्चित हो सके।
बैठक में मुख्य पशु अधिशासी अधिकारी, उत्तराखण्ड पशुधन विकास परिषद ने अवगत कराया कि पशु कल्याण बोर्ड के अंतर्गत प्रदेश में कुल 112 गौसदन पंजीकृत हैं, जिनमें 91 एनजीओ के माध्यम से तथा 21 अनुबंध के आधार पर संचालित हो रहे हैं। उन्होंने बताया कि 21,454 गोवंश के भरण-पोषण हेतु प्रथम किश्त के रूप में 21 करोड़ 91 लाख रुपये की धनराशि संबंधित जनपदों के जिलाधिकारियों को उपलब्ध करा दी गई है। वहीं, द्वितीय किश्त के रूप में 26 करोड़ रुपये का प्रस्ताव शासन को भेजा गया है। बैठक में डेयरी संचालकों पर प्रभावी नियंत्रण एवं उनकी गतिविधियों को व्यवस्थित करने के संबंध में भी चर्चा की गई। इस दौरान अवगत कराया गया कि डेयरी संचालकों के पंजीकरण से संबंधित नियमावली तैयार कर शासन को भेज दी गई है। यह भी अवगत कराया गया कि गोवंश के भरण-पोषण के लिए भूसे पर दी जाने वाली सब्सिडी शीघ्र उपलब्ध कराई जाएगी।
बैठक में आयोग के उपाध्यक्ष भूपेंद्र कण्डारी ने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी द्वारा गोमाता की सेवा एवं निराश्रित गोवंश को आश्रय उपलब्ध कराने के लिए समर्पण भाव से किए जा रहे प्रयासों के प्रति आभार व्यक्त किया। बैठक में बोर्ड के सदस्यों ने अपने-अपने क्षेत्र की समस्याओं एवं अनुभवों को साझा करते हुए विभिन्न महत्वपूर्ण सुझाव प्रस्तुत किए। इनमें गोवंश को सड़क दुर्घटनाओं से बचाने के लिए उनके गले में रेडियम बेल्ट लगाने, गोवंश पर अत्याचार करने वालों को पकड़वाने में सहयोग करने वाले व्यक्तियों को प्रोत्साहन स्वरूप पारितोषिक देने तथा बोर्ड के सदस्यों को अन्य राज्यों में गोवंश संरक्षण एवं संवर्धन के क्षेत्र में किए जा रहे उत्कृष्ट कार्यों का अध्ययन करने के लिए भ्रमण कराने जैसे सुझाव प्रमुख रहे। इसके अतिरिक्त गोवंश संरक्षण एवं गोसेवा को और अधिक प्रभावी बनाने के लिए अन्य सुझाव भी दिए गए। बैठक में निदेशक पशुपालन डॉ. उदय शंकर, संयुक्त सचिव पशुपालन आलोक कुमार सिंह, कृषि, राजस्व से अर्पण कुमार राजू, वन विभाग से मुकेश कुमार राय, अनु सचिव वित्त श्रीकृष्ण बडोनी, सीओ डालनवाला नितिन लोहानी सहित गो सेवा आयोग के सदस्यगण एवं विभिन्न संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed

आदि गौरव महोत्सव के दूसरे दिन मुख्यमंत्री ने बढ़ाया जनजातीय गौरव और संस्कृति का उत्साह किशन महिपाल, अज्जू तोमर और सौरभ मैठाणी ने उत्तराखंड के लोकप्रिय लोकगीतों से मोहा दर्शकों का मन देहरादून । परेड ग्राउंड, देहरादून में आयोजित आदि गौरव महोत्सव 2026 के दूसरे दिन भारत की समृद्ध जनजातीय विरासत और सांस्कृतिक विविधता का भव्य उत्सव देखने को मिला। इस अवसर पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। इस अवसर पर कैबिनेट मंत्री खजान दास, महापौर सौरभ थपलियाल, उत्तराखंड अनुसूचित जनजाति आयोग की अध्यक्ष लीलावती राणा, गीता राम गौर और सिद्धार्थ उमेश अग्रवाल सहित अन्य गणमान्य व्यक्ति भी उपस्थित रहे। राज्य जनजातीय शोध संस्थान (टीआरआई), उत्तराखण्ड द्वारा आयोजित यह चार दिवसीय महोत्सव देशभर के जनजातीय समुदायों, शिल्पकारों, लोक कलाकारों और सांस्कृतिक प्रतिनिधियों को एक मंच पर ला रहा है। मुख्यमंत्री की उपस्थिति ने महोत्सव के दूसरे दिन के आयोजन को विशेष महत्व प्रदान किया। इस अवसर पर जनजातीय कल्याण निदेशक एस.एस. टोलिया, उप निदेशक राजीव कुमार सोलंकी, उत्तराखंड शासन के समाज कल्याण विभाग के सचिव डॉ. श्रीधर बाबू अददांकी सहित अन्य अधिकारियों ने मुख्यमंत्री का स्वागत किया। सभा को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा, ष्आदि गौरव महोत्सव एक ऐसा सुंदर संगम है, जो हमें अपने जनजातीय भाई-बहनों के साथ जोड़ता है और उनकी विविध परंपराओं की समृद्धि को करीब से जानने-समझने का अवसर प्रदान करता है। यहां आकर मुझे अत्यंत प्रसन्नता हो रही है। भगवान बिरसा मुंडा का जीवन और संघर्ष आज भी हम सभी के लिए प्रेरणास्रोत हैं। इतनी कम आयु में उन्होंने जिस अद्भुत आंदोलन का नेतृत्व किया, वह उनके साहस और दृढ़ संकल्प का परिचायक है। उनका जीवन हमें संघर्ष करते रहने और अपने अधिकारों एवं पहचान की रक्षा के लिए सदैव खड़े रहने की प्रेरणा देता है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के दूरदर्शी नेतृत्व में जनजातीय समुदायों के कल्याण और विकास के लिए अनेक महत्वपूर्ण पहल की गई हैं। जनजातीय कल्याण के लिए बजट आवंटन में उल्लेखनीय वृद्धि की गई है। वहीं, एकलव्य मॉडल आवासीय विद्यालय जैसी योजनाएं गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के नए अवसर उपलब्ध करा रही हैं। उत्तराखण्ड में प्रधानमंत्री जनजातीय उन्नत ग्राम अभियान के अंतर्गत सात जनपदों के 128 जनजाति बहुल गांवों का चयन किया गया है। इस अभियान का उद्देश्य बुनियादी सुविधाओं को सुदृढ़ करना तथा इन गांवों में सड़क, बिजली, पेयजल, शिक्षा और स्वास्थ्य सेवाओं की बेहतर उपलब्धता सुनिश्चित करना है। हमारी सरकार जनजातीय युवाओं को शिक्षा, तकनीकी प्रशिक्षण और आजीविका के स्थायी अवसर उपलब्ध कराने के लिए भी प्रतिबद्ध है। खटीमा में जनजातीय बालिकाओं के लिए छात्रावास निर्माण को स्वीकृति प्रदान की गई है। वहीं, महाराणा प्रताप जनजातीय राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान की स्थापना की गई है, जिसके माध्यम से विशेष रूप से थारू और बुक्सा समुदाय के विद्यार्थियों को रोजगारपरक तकनीकी एवं कौशल विकास प्रशिक्षण प्रदान किया जा रहा है। इसके अतिरिक्त, पात्र जनजातीय परिवारों की अधिकतम दो बेटियों के विवाह के लिए प्रति बेटी 50 हजार रुपये की आर्थिक सहायता भी प्रदान की जाती है। हाल ही में मुझे आदि कैलाश अल्ट्रा मैराथन में शामिल होने का अवसर भी मिला, जहां मैंने अपने जनजातीय समुदायों के लोगों में दिखाई दे रहे उत्साह और उनकी बढ़ती सहभागिता को करीब से देखा। वर्ष 2047 तक विकसित भारत के संकल्प को साकार करने की दिशा में हमारे जनजातीय युवा और बच्चे राष्ट्र के भविष्य के निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे। मैं उनसे आग्रह करता हूं कि वे शिक्षा को प्राथमिकता दें, उपलब्ध अवसरों का लाभ उठाएं, अपनी सांस्कृतिक पहचान और परंपराओं को संरक्षित रखें तथा एक सशक्त एवं विकसित भारत के निर्माण में अपना योगदान दें।ष् दिनभर महोत्सव में उत्तराखण्ड सहित देश के विभिन्न राज्यों से आए जनजातीय समुदायों ने आकर्षक सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दीं। विभिन्न क्षेत्रों का प्रतिनिधित्व कर रहे पारंपरिक नृत्य दलों और लोक कलाकारों ने अपने-अपने क्षेत्रों के लोकनृत्य, गीत और संगीत परंपराओं की मनमोहक प्रस्तुतियां देकर दर्शकों को भारत की विविध सांस्कृतिक पहचान से परिचित कराया। इन प्रस्तुतियों के माध्यम से स्वदेशी कला रूपों और पारंपरिक ज्ञान एवं सांस्कृतिक परंपराओं को आने वाली पीढ़ियों के लिए संरक्षित रखने का संदेश भी दिया गया। महोत्सव में लगाई गई प्रदर्शनी भी दर्शकों के आकर्षण का प्रमुख केंद्र बनी रही। यहां लोगों ने विभिन्न जनजातीय एवं स्थानीय उत्पादों और हस्तनिर्मित वस्तुओं की विस्तृत श्रृंखला का अवलोकन किया। प्रदर्शनी में हस्तनिर्मित परिधान, पारंपरिक लकड़ी की कलाकृतियां, होम डेकोर उत्पाद, हस्तनिर्मित वस्तुएं, स्थानीय उत्पाद, जैविक खाद्य सामग्री और पहाड़ी मोटे अनाज की विभिन्न किस्में प्रदर्शित की गई हैं। यह प्रदर्शनी जनजातीय एवं ग्रामीण समुदायों के पारंपरिक शिल्प कौशल और खानपान की समृद्ध परंपराओं को करीब से जानने का अवसर प्रदान कर रही है। शाम होते ही महोत्सव का माहौल उत्तराखण्ड की लोक संस्कृति और संगीत के रंग में रंग गया। लोकप्रिय लोक गायक किशन महिपाल ने मंच संभालते हुए अपनी प्रस्तुति की शुरुआत भक्तिमय गीत जय बद्री विशाल से की। इसके बाद उन्होंने अपने लोकप्रिय लोकगीतों से दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। उनके गीत श्घुघुतीश् और श्भानु मेरीश् सहित अन्य प्रस्तुतियों पर दर्शकों ने खूब उत्साह दिखाया। उनकी मधुर आवाज और लोकगीतों ने पूरे वातावरण को उत्तराखंड की सांस्कृतिक खुशबू से सराबोर कर दिया। संगीतमय शाम को आगे बढ़ाते हुए लोक गायक अज्जू तोमर ने अपनी ऊर्जावान प्रस्तुतियों से दर्शकों का भरपूर मनोरंजन किया। उन्होंने हो सुषमा, चस्का और नूरी बंथनी जैसे लोकप्रिय गीतों के साथ अन्य चर्चित रचनाएं प्रस्तुत कर खूब तालियां बटोरीं। वहीं, प्रसिद्ध लोक गायक सौरभ मैठाणी ने अपनी दमदार आवाज और लोकप्रिय उत्तराखंडी गीतों से समां बांध दिया। उन्होंने श्मां ऊंचा पहाड़ों मांश् और श्जय हो कुमाऊं, जय हो गढ़वालश् सहित कई लोकप्रिय गीतों की प्रस्तुति देकर दर्शकों को झूमने पर मजबूर कर दिया। इस वर्ष के महोत्सव में असम, ओडिशा, सिक्किम, तेलंगाना, गुजरात, पश्चिम बंगाल, झारखंड और हरियाणा सहित विभिन्न राज्यों के जनजातीय समुदायों की सहभागिता इसे राष्ट्रीय स्वरूप प्रदान कर रही है। विशेष रूप से गुजरात के सिद्दी समुदाय की भागीदारी महोत्सव के प्रमुख आकर्षणों में शामिल है। अफ्रीकी मूल का यह जनजातीय समुदाय भारत की सांस्कृतिक विविधता की अनूठी मिसाल प्रस्तुत करता है। उत्तराखण्ड के जनजातीय समुदायों की सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने राज्य की समृद्ध स्वदेशी विरासत को जीवंत कर दिया। इनमें जौनसारी, थारू, भोटिया, बुक्सा और राजी समुदायों की पारंपरिक सांस्कृतिक अभिव्यक्तियां देखने को मिलीं। रंग-बिरंगे पारंपरिक परिधानों, लोकनृत्यों, लयबद्ध संगीत और सदियों पुरानी परंपराओं के माध्यम से कलाकारों ने उत्तराखण्ड के जनजातीय समुदायों की विविध सांस्कृतिक पहचान को खूबसूरती से प्रस्तुत किया। महोत्सव का आयोजन 18 नवंबर 2026 तक जारी रहेगा। इस दौरान दर्शकों को देश की स्वदेशी कला, हस्तशिल्प और सांस्कृतिक परंपराओं से रूबरू होने के साथ-साथ विभिन्न सांस्कृतिक प्रस्तुतियों का आनंद लेने का अवसर मिलेगा। महोत्सव आम जनता के लिए प्रतिदिन सुबह 11 बजे से रात 10 बजे तक खुला है। इसमें प्रवेश पूरी तरह निःशुल्क है, जबकि शाम के सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रतिदिन शाम 6 बजे से रात 10 बजे तक आयोजित किए जा रहे हैं।