हरबंसवाला टी-स्टेट में गोकशी की घटना से भड़के गौ रक्षक
विश्व हिंदू परिषद-बजरंग दल एवं स्थानीय लोगों ने चौराहे पर लगाया जाम, पुलिस प्रशासन की कार्यशैली पर उठाए सवाल
देहरादून। थाना वसंत विहार क्षेत्र के अंतर्गत हरबंसवाला टी-स्टेट में गोकशी की घटना सामने आने के बाद गौ रक्षकों, विश्व हिंदू परिषद-बजरंग दल के कार्यकर्ताओं एवं स्थानीय लोगों में भारी आक्रोश देखने को मिला। घटना के विरोध में बड़ी संख्या में लोगों ने एकत्रित होकर चौराहे पर जाम लगाते हुए पुलिस प्रशासन के खिलाफ अपना रोष व्यक्त किया और क्षेत्र में लगातार बढ़ रही गोकशी की घटनाओं पर प्रभावी अंकुश लगाने की मांग की।
इस अवसर पर बजरंग दल के प्रांत मिलन प्रमुख विकास वर्मा ने पुलिस प्रशासन की कार्यशैली पर गंभीर सवाल उठाते हुए कहा कि क्षेत्र में लगातार गोकशी की घटनाएं रुकने के बजाय बढ़ती जा रही हैं, जो बेहद चिंताजनक है। आखिर पुलिस प्रशासन ऐसी घटनाओं को रोकने में नाकाम क्यों साबित हो रहा है?
उन्होंने कहा कि वर्ष 2014 के बाद देश में हिंदू समाज ने जिस राजनीतिक नेतृत्व को सत्ता में बैठाने के लिए अपना समर्थन दिया, उसके पीछे गौ रक्षा, मंदिरों की सुरक्षा और सनातन धर्म के मानबिंदुओं की रक्षा जैसी प्रमुख अपेक्षाएं थीं। लेकिन आज भी यदि गौ माता की हत्या की घटनाएं लगातार सामने आ रही हैं और सनातन समाज को सड़कों पर उतरकर विरोध करना पड़ रहा है, तो यह केंद्र एवं प्रदेश सरकार दोनों के लिए गंभीर चिंता का विषय होना चाहिए। स्थानीय लोगों ने कहा कि जिला प्रशासन और पुलिस की लापरवाह एवं निष्क्रिय कार्यशैली के कारण ऐसे असामाजिक तत्वों के हौसले बढ़ रहे हैं। उन्होंने स्पष्ट चेतावनी देते हुए कहा कि वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव में गौ माता की रक्षा और गोकशी का मुद्दा आम सनातन समाज के बीच प्रमुखता से उठाया जाएगा। गौ रक्षा केवल भावनात्मक विषय नहीं, बल्कि समाज की आस्था और प्रशासन की जवाबदेही से जुड़ा विषय है। प्रदर्शन के दौरान बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिकों एवं विश्व हिंदू परिषद-बजरंग दल के कार्यकर्ताओं की सहभागिता रही। मौके पर राघव उपाध्याय, आशीष बलूनी एवं गौरव तोमर सहित अनेक गौ रक्षक एवं स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे। क्षेत्र के विधायिका सविता कपूर, जोगेन्द्र पुंडीर, पार्षद आशू एवं जनप्रतिनिधि भी मौके पर पहुंचे और पुलिस प्रशासन की कार्यशैली पर नाराजगी व्यक्त करते हुए व्यवस्था में सुधार तथा दोषियों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई की चेतावनी दी। विकास वर्मा ने पुलिस प्रशासन से लोगों के जनाक्रोश का साथ देते हुए हुए कहा कि बुधवार प्रातः 10:00 बजे तक यदि पुलिस द्वारा गौ हत्या के दोषियों को गिरफ्तार कर उनके विरुद्ध उचित कार्रवाई नहीं की जाती है, तो विश्व हिंदू परिषद-बजरंग दल एवं गौ रक्षकों द्वारा एक बड़े गौ रक्षा आंदोलन का आह्वान किया जाएगा। उन्होंने कहा कि गौ माता की रक्षा के लिए संघर्ष निरंतर जारी रहेगा और दोषियों को कानून के दायरे में लाकर कठोर कार्रवाई कराना ही इस आंदोलन का प्रमुख उद्देश्य है।
