नैनीताल के क्षतिग्रस्त लोअर मालरोड को हल्के वाहनों हेतु खोला गया , जिलाधिकारी ने किया स्थलीय निरीक्षण

नैनीताल – लगभग 33 दिन बाद क्षतिग्रस्त लोअर माल रोड हल्के वाहनों के आवागम के लिए प्रशासन द्वारा खोल दी गयी है। लोअर माल रोड के खोले जाने से पहले गुरूवार की सुबह जिलाधिकारी श्री विनोद कुमार सुमन, अपर पुलिस अधीक्षक हरीश चन्द्र सती द्वारा संयुक्त रूप से निरीक्षण किया। इस मौके पर लोक निर्माण विभाग के अधिशासी अभियन्ता चन्दन सिंह नेगी के अलावा अन्य अभियन्ता भी मौजूद थे।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी श्री सुमन ने अपर पुलिस अधीक्षक श्री सती को निर्देश दिये कि अभी केवल हल्के वाहन ही इस रोड से गुजारे जाये, भारी वाहनों को कदापि भी इस रोड पर न आने दिया जाये। उन्होंने अधिशासी अभियन्ता से कहा कि वह नव निर्मित कार्य के अलावा आसपास भी झील के किनारों का निरीक्षण करते रहें। कहीं और भी टूटने या दरार की संभावना हो तो उस का उपचार तत्काल कर लिया जाये। उन्होंने कहा कि मानसून सीजन लगभग समाप्त हो चुका हैं, ऐसे में अन्य क्षतिग्रस्त सड़कों का मरम्मत कार्य भी प्रारम्भ कर दिया जाये। उन्होंने माॅ नन्दा देवी के डोले को लोअर माल रोड से गुजरने और समय सीमा में वांछित मरम्मत कार्य पूर्ण कर लेने पर लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों व कर्मचारियों को बधाई दी।
गौरतलब है कि विगत 18 अगस्त को लोअर माल रोड का लगभग 25 मीटर हिस्सा झील में समा गया था, जिसके कारण प्रशासन द्वारा लोअर माल रोड पर सभी प्रकार के वाहनों का आवागमन प्रतिबन्धित कर दिया था। लोअर माल रोड को नन्दा देवी महोत्सव से पूर्व आवश्यक मरम्मत करने के आदेश माननीय उच्च न्यायालय द्वारा भी दिये गये थे साथ ही आयुक्त कुमायू मण्डल श्री राजीव रौतेला ने भी तत्परता से इस रोड के निर्माण का स्टीमेट तैयार कराया तथा बजट आवंटन के लिए शासन स्तर पर पेरवी एवं अनुश्रवण भी किया। इस महत्वपूर्ण कार्य के लिए 23.69 लाख की धनराशि अवमुक्त की गयी थी। लोअर माल रोड के खुल जाने से स्थानीय लोगों के साथ ही प्रशासन ने भी राहत की सांस ली है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed