गर्भवतियों के अस्पताल आने-जाने की होगी निशुल्क व्यवस्था
उत्तराखंड में खुशियों की सवारी सेवा चार साल बाद एक बार फिर शुरू हो गई है। मंगलवार को मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने प्रसव उपरांत जच्चा-बच्चा को अस्पताल से घर तक नि:शुल्क छोड़ने के लिए खुशियों की सवारी सेवा वाहन को हरी झंडी दिखाई।
इस दौरान स्वास्थ्य मंत्री डॉ.धन सिंह रावत ने कहा कि सरकार गर्भवती महिलाओं के सरकारी अस्पताल आने-जाने की भी निशुल्क व्यवस्था करेगी। किसी कारणवश यदि एंबुलेंस नहीं मिल पाती है तो गर्भवती महिलाएं प्राइवेट वाहन से भी अस्पताल आ जा सकती हैं, सरकार वाहन का किराया वहन करेगी।
