ड्यूटी के दौरान लापरवाही बरतने पर पुलिस कर्मियों के विरुद्ध होगी अनुशासनात्मक कार्यवाहीः डीजीपी

देहरादून। पुलिस महानिदेशक अभिनव कुमार द्वारा समस्त पुलिस अधिकारियों, कर्मचारियों हेतु निर्देशित किया गया है कि अति विशिष्ट, विशिष्ट महानुभावों तथा वरिष्ठ अधिकारियों के भ्रमण के दौरान ड्यूटी पर तैनात पुलिस कार्मिक अपनी ड्यूटी पर सतर्क न रहकर अन्य क्रिया कलापों यथा मोबाइल पर व्यस्त रहना, किसी अन्य व्यक्ति से बातचीत करना, किसी दुकान पर बैठे रहना आदि में समय व्यतीत करते हैं। अति विशिष्ट विशिष्ट महानुभावों तथा वरिष्ठ अधिकारियों के भ्रमण जैसी महत्वपूर्ण ड्यूटी के दौरान इस प्रकार की लापरवाही बरतना अनुशासनहीनता का द्योतक है। इसी प्रकार की लापरवाही से सुरक्षा व्यवस्था में चूक हो सकती है। ड्यूटी के पर्यवेक्षण अधिकारियों द्वारा भी इस ओर ध्यान नहीं दिया जा रहा है।
कतिपय पुलिस कर्मचारियों द्वारा अपने वरिष्ठ अधिकारियों का सही से अभिवादन नहीं किया जा रहा है, पुलिस एक अनुशासित बल है, अनुशासित बल द्वारा इस प्रकार का कृत्य कदापि उचित नहीं है। पुलिस महानिदेशक द्वारा अति विशिष्ट, विशिष्ट महानुभावों तथा वरिष्ठ अधिकारियों के भ्रमण के दौरान सतर्कता से ड्यूटी करने तथा वरिष्ठ अधिकारियों को सही से अभिवादन किये जाने हेतु अपने अधीनस्थ समस्त अधिकारियों व कर्मचारियों को आदेश का अनुपालन करने हेतु बताया गया एवं साथ ही यदि भविष्य में इस प्रकार की कोई लापरवाही पायी जाती है तो सम्बन्धित कार्मिक के विरुद्व अनुशासनात्मक कार्यवाही एवं सम्बन्धित पर्यवेक्षण अधिकारी का भी उत्तरदायित्व निर्धारित किये जाने के सम्बन्ध में बताया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed

राज्योत्सव समारोह में मुख्यमंत्री ने केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह का किया स्वागत एवं अभिनंदन देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शुक्रवार को परेड ग्राउंड, देहरादून में आयोजित राज्योत्सव समारोह में केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह का समस्त प्रदेशवासियों की ओर से स्वागत एवं अभिनंदन किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखण्ड राज्य स्थापना की 26वीं वर्षगांठ से पूर्व केंद्रीय गृह मंत्री का देवभूमि आगमन प्रदेशवासियों के लिए खुशी और गौरव का विषय है। मुख्यमंत्री ने कहा कि आजादी के बाद सरदार वल्लभभाई पटेल ने देश की एकता और अखंडता की मजबूत नींव रखी थी। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह उसी संकल्प को आगे बढ़ाते हुए देश की आंतरिक सुरक्षा को सुदृढ़ करने के लिए निरंतर कार्य कर रहे हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व और केंद्रीय गृह मंत्री के मार्गदर्शन में देश ने अनेक ऐतिहासिक निर्णय लिए हैं। अनुच्छेद 370 के प्रावधानों को हटाने, नागरिकता संशोधन अधिनियम तथा तीन नए आपराधिक कानूनों के माध्यम से राष्ट्रीय एकता, सुरक्षा और न्याय व्यवस्था को मजबूती प्रदान की गई है। आतंकवाद, अलगाववाद और नक्सलवाद के विरुद्ध कठोर कार्रवाई से देश में शांति एवं विकास का मार्ग प्रशस्त हुआ है। वहीं, सहकार से समृद्धि अभियान के माध्यम से किसानों, पशुपालकों और छोटे उद्यमियों को आत्मनिर्भर बनने के नए अवसर मिल रहे हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखण्ड पुलिस को प्रतिष्ठित राष्ट्रपति पुलिस कलर प्रदान किया जाना पूरे प्रदेश के लिए गौरवपूर्ण उपलब्धि है। उन्होंने इस उपलब्धि के लिए उत्तराखण्ड पुलिस के समस्त अधिकारियों, जवानों और प्रदेशवासियों को बधाई देते हुए केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह का आभार व्यक्त किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि 9 नवंबर को उत्तराखण्ड राज्य की स्थापना के 26 वर्ष पूर्ण हो रहे हैं। भारत रत्न पूर्व प्रधानमंत्री स्वर्गीय अटल बिहारी वाजपेयी ने राज्य आंदोलनकारियों के संघर्ष, त्याग और बलिदान का सम्मान करते हुए पृथक उत्तराखण्ड राज्य के सपने को साकार किया था। आज राज्य सरकार प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी एवं केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के मार्गदर्शन और सहयोग से राज्य आंदोलनकारियों की आकांक्षाओं के अनुरूप उत्तराखण्ड को विकसित और समृद्ध बनाने के लिए निरंतर कार्य कर रही है।