विधानसभा भवन में गूंजा ‘कौशल का दशक’ का जयघोष

पैरा-ग्लाइडिंग ग्राउंड क्रू प्रशिक्षण के 50 युवाओं को मिला प्रमाणपत्र

देहरादून । उत्तराखंड विधानसभा भवन आज उस विशेष गौरवशाली क्षण का साक्षी बना जब ‘कौशल का दशक’ अभियान के तहत पैरा-ग्लाइडिंग ग्राउंड क्रू प्रशिक्षण कार्यक्रम के 50 प्रतिभागियों को सम्मानपूर्वक प्रमाणपत्र वितरित किए गए। इस कार्यक्रम ने न केवल युवाओं के आत्मविश्वास को नई ऊंचाई दी, बल्कि राज्य में साहसिक पर्यटन एवं कौशल विकास को भी मजबूती प्रदान की।
इस भव्य समारोह की मुख्य अतिथि उत्तराखंड विधानसभा अध्यक्ष माननीय ऋतु खंडूरी भूषण थीं, जिन्होंने प्रशिक्षण प्राप्त कर चुके 50 युवाओं को उनके उज्ज्वल भविष्य के लिए प्रमाणपत्र सौंपे और उन्हें प्रोत्साहित किया। उन्होंने अपने संबोधन में कहा कि उत्तराखंड जैसे राज्य, जहां प्रकृति, पर्वत और रोमांच का संगम है, वहां के युवाओं को ऐसे व्यावसायिक प्रशिक्षण देकर उन्हें आत्मनिर्भर और रोजगारोन्मुख बनाना समय की मांग है। उन्होंने यह भी कहा कि ‘कौशल का दशक’ अभियान को वास्तव में जनांदोलन बनाना होगा, ताकि हर युवा अपनी क्षमताओं को पहचानकर आगे बढ़ सके।
यह प्रशिक्षण Tourism and Hospitality Skill Council (THSC) और VISA के सहयोग से Skill India Mission के अंतर्गत आयोजित किया गया, जिसे समर्पित मीडिया सोसाइटी ने ज़मीनी स्तर पर सफलतापूर्वक क्रियान्वित किया। कार्यक्रम का उद्देश्य युवाओं को साहसिक पर्यटन के क्षेत्र में विशेष दक्षता देना था, ताकि वे ‘ग्राउंड क्रू’ के रूप में न केवल उत्तराखंड बल्कि देशभर में रोजगार प्राप्त कर सकें।
इस कार्यक्रम की सफलता में देहरादून स्थित प्रतिष्ठित Beehive College की भूमिका भी उल्लेखनीय रही, जिसने तकनीकी व प्रशासनिक सहयोग प्रदान कर कार्यक्रम के संचालन में अहम भूमिका निभाई।
कार्यक्रम में अनेक अतिथियों की गरिमामयी उपस्थिति ने समारोह की शोभा को और बढ़ा दिया। विशेष रूप से उत्तराखंड राज्य आंदोलन की वरिष्ठ नेता कमला भट्ट, तथा सेवानिवृत्त आईटीबीपी सूबेदार विष्णु दत्त भट्ट विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। सभी ने अपने वक्तव्यों में ऐसे प्रशिक्षण कार्यक्रमों की आवश्यकता को दोहराया और युवाओं के हुनर को मंच प्रदान करने के लिए THSC एवं समर्पित मीडिया सोसाइटी की सराहना की।
इस आयोजन में युवा प्रतिभागियों ने खुले मन से अपने अनुभव साझा किए और बताया कि कैसे इस प्रशिक्षण ने उनके जीवन की दिशा बदली है। किसी ने पहली बार पैराग्लाइडिंग उपकरणों को हाथ लगाया, तो किसी ने ग्राउंड सेफ्टी व टेक्निकल सपोर्ट की बारीकियों को सीखा। अधिकांश प्रतिभागियों ने माना कि उन्हें अब आत्मनिर्भर बनने का नया रास्ता मिला है।
समारोह के सफल संचालन में समर्पित मीडिया सोसाइटी की टीम ने आयोजन से लेकर प्रमाणपत्र वितरण,और मंच संचालन तक हर स्तर पर उत्कृष्ट प्रबंधन किया। यह कार्यक्रम *जनभागीदारी आधारित “कौशल का दशक” अभियान का एक आदर्श उदाहरण बना, जिसमें सरकार, प्रशिक्षण संस्थाएं, निजी भागीदार और छात्र – सभी ने मिलकर समाज में कौशल आधारित परिवर्तन का संदेश दिया।
उत्तराखंड विधानसभा जैसे प्रतिष्ठित मंच पर इस कार्यक्रम का आयोजन, प्रतिभागियों के लिए जीवनभर की स्मृति बन गया। यह आयोजन न केवल एक प्रमाणपत्र वितरण समारोह था, बल्कि यह उत्तराखंड के युवाओं के लिए एक प्रेरणास्त्रोत और राज्य में साहसिक पर्यटन व व्यावसायिक कौशल के नए युग का उद्घोष था।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed

राज्योत्सव समारोह में मुख्यमंत्री ने केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह का किया स्वागत एवं अभिनंदन देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शुक्रवार को परेड ग्राउंड, देहरादून में आयोजित राज्योत्सव समारोह में केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह का समस्त प्रदेशवासियों की ओर से स्वागत एवं अभिनंदन किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखण्ड राज्य स्थापना की 26वीं वर्षगांठ से पूर्व केंद्रीय गृह मंत्री का देवभूमि आगमन प्रदेशवासियों के लिए खुशी और गौरव का विषय है। मुख्यमंत्री ने कहा कि आजादी के बाद सरदार वल्लभभाई पटेल ने देश की एकता और अखंडता की मजबूत नींव रखी थी। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह उसी संकल्प को आगे बढ़ाते हुए देश की आंतरिक सुरक्षा को सुदृढ़ करने के लिए निरंतर कार्य कर रहे हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व और केंद्रीय गृह मंत्री के मार्गदर्शन में देश ने अनेक ऐतिहासिक निर्णय लिए हैं। अनुच्छेद 370 के प्रावधानों को हटाने, नागरिकता संशोधन अधिनियम तथा तीन नए आपराधिक कानूनों के माध्यम से राष्ट्रीय एकता, सुरक्षा और न्याय व्यवस्था को मजबूती प्रदान की गई है। आतंकवाद, अलगाववाद और नक्सलवाद के विरुद्ध कठोर कार्रवाई से देश में शांति एवं विकास का मार्ग प्रशस्त हुआ है। वहीं, सहकार से समृद्धि अभियान के माध्यम से किसानों, पशुपालकों और छोटे उद्यमियों को आत्मनिर्भर बनने के नए अवसर मिल रहे हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखण्ड पुलिस को प्रतिष्ठित राष्ट्रपति पुलिस कलर प्रदान किया जाना पूरे प्रदेश के लिए गौरवपूर्ण उपलब्धि है। उन्होंने इस उपलब्धि के लिए उत्तराखण्ड पुलिस के समस्त अधिकारियों, जवानों और प्रदेशवासियों को बधाई देते हुए केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह का आभार व्यक्त किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि 9 नवंबर को उत्तराखण्ड राज्य की स्थापना के 26 वर्ष पूर्ण हो रहे हैं। भारत रत्न पूर्व प्रधानमंत्री स्वर्गीय अटल बिहारी वाजपेयी ने राज्य आंदोलनकारियों के संघर्ष, त्याग और बलिदान का सम्मान करते हुए पृथक उत्तराखण्ड राज्य के सपने को साकार किया था। आज राज्य सरकार प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी एवं केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के मार्गदर्शन और सहयोग से राज्य आंदोलनकारियों की आकांक्षाओं के अनुरूप उत्तराखण्ड को विकसित और समृद्ध बनाने के लिए निरंतर कार्य कर रही है।