महाराज ने केन्द्रीय पर्यटन मंत्री शेखावत से की शिष्टाचार भेंट, पर्यटन क्षेत्र में अवस्थापना सुविधाओं के लिए मांगा सहयोग

देहरादून। प्रदेश के पर्यटन, धर्मस्व एवं संस्कृति मंत्री सतपाल महाराज ने केन्द्रीय पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत से शिष्टाचार भेंट कर पर्यटन के क्षेत्र में प्रदेश में हो रहे कार्यों से उन्हें अवगत कराते हुए भावी योजनाओं पर भी चर्चा की।
प्रदेश के पर्यटन, धर्मस्व एवं संस्कृति मंत्री सतपाल महाराज ने रविवार को देहरादून लक्ष्मी रोड स्थित एक निजी आवास पर पहुंचे केन्द्रीय पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत से शिष्टाचार भेंट कर राज्य में पर्यटन एवं संस्कृति के क्षेत्र में हो रहे विभिन्न कार्यों से उन्हें अवगत कराते हुए उत्तराखंड को विश्व पर्यटन मानचित्र पर स्थापित करने के लिए भावी योजनाओं पर चर्चा की। उन्होंने केन्द्रीय मंत्री से पर्यटन के क्षेत्र में अवस्थापना सुविधाओं को बढाने का अनुरोध करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के विजन के अनुरूप राज्य की पुष्कर सिंह धामी सरकार शीतकालीन चारधाम यात्रा को बढावा देने के लिए लगातार प्रयास कर रही है। इसलिए राज्य को केंद्र की ओर से अधिक से अधिक मदद दी जाये।
महाराज ने केन्द्रीय पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत को बताया कि राज्य को वेडिंग डेस्टिनेशन के रूप में विकसित करने के अलावा पर्यटन के क्षेत्र में सरकार द्वारा कई योजनाएं और पहलें की गई हैं, जिनका उद्देश्य राज्य में पर्यटन को बढावा देना और स्थानीय लोगों को रोजगार के अवसर प्रदान करना है। इनमें उत्तराखंड पर्यटन उद्यमी प्रोत्साहन योजना और वीर चंद्र सिंह गढवाली पर्यटन स्वरोजगार योजना जैसी योजनाएं शामिल हैं, जो पर्यटन क्षेत्र में निवेश और स्वरोजगार को प्रोत्साहित करती हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed

राज्योत्सव समारोह में मुख्यमंत्री ने केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह का किया स्वागत एवं अभिनंदन देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शुक्रवार को परेड ग्राउंड, देहरादून में आयोजित राज्योत्सव समारोह में केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह का समस्त प्रदेशवासियों की ओर से स्वागत एवं अभिनंदन किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखण्ड राज्य स्थापना की 26वीं वर्षगांठ से पूर्व केंद्रीय गृह मंत्री का देवभूमि आगमन प्रदेशवासियों के लिए खुशी और गौरव का विषय है। मुख्यमंत्री ने कहा कि आजादी के बाद सरदार वल्लभभाई पटेल ने देश की एकता और अखंडता की मजबूत नींव रखी थी। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह उसी संकल्प को आगे बढ़ाते हुए देश की आंतरिक सुरक्षा को सुदृढ़ करने के लिए निरंतर कार्य कर रहे हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व और केंद्रीय गृह मंत्री के मार्गदर्शन में देश ने अनेक ऐतिहासिक निर्णय लिए हैं। अनुच्छेद 370 के प्रावधानों को हटाने, नागरिकता संशोधन अधिनियम तथा तीन नए आपराधिक कानूनों के माध्यम से राष्ट्रीय एकता, सुरक्षा और न्याय व्यवस्था को मजबूती प्रदान की गई है। आतंकवाद, अलगाववाद और नक्सलवाद के विरुद्ध कठोर कार्रवाई से देश में शांति एवं विकास का मार्ग प्रशस्त हुआ है। वहीं, सहकार से समृद्धि अभियान के माध्यम से किसानों, पशुपालकों और छोटे उद्यमियों को आत्मनिर्भर बनने के नए अवसर मिल रहे हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखण्ड पुलिस को प्रतिष्ठित राष्ट्रपति पुलिस कलर प्रदान किया जाना पूरे प्रदेश के लिए गौरवपूर्ण उपलब्धि है। उन्होंने इस उपलब्धि के लिए उत्तराखण्ड पुलिस के समस्त अधिकारियों, जवानों और प्रदेशवासियों को बधाई देते हुए केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह का आभार व्यक्त किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि 9 नवंबर को उत्तराखण्ड राज्य की स्थापना के 26 वर्ष पूर्ण हो रहे हैं। भारत रत्न पूर्व प्रधानमंत्री स्वर्गीय अटल बिहारी वाजपेयी ने राज्य आंदोलनकारियों के संघर्ष, त्याग और बलिदान का सम्मान करते हुए पृथक उत्तराखण्ड राज्य के सपने को साकार किया था। आज राज्य सरकार प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी एवं केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के मार्गदर्शन और सहयोग से राज्य आंदोलनकारियों की आकांक्षाओं के अनुरूप उत्तराखण्ड को विकसित और समृद्ध बनाने के लिए निरंतर कार्य कर रही है।