उत्तराखण्ड पुलिस दल पहुंचा गुजरात, राष्ट्रीय एकता दिवस पर आयोजित एकता परेड में पुलिस व्यवस्था व प्रबंधन की बारीकियों का करेगा अध्ययन

देहरादून/गुजरात । डीजी/आईजी सम्मेलन के अनुपालन में बड़े आयोजनों के दौरान पुलिस व्यवस्थाओं के प्रभावी प्रबंधन को और अधिक सुदृढ़ बनाने के उद्देश्य से, दीपम सेठ, पुलिस महानिदेशक, उत्तराखण्ड के निर्देशन में उत्तराखण्ड पुलिस के 05 पुलिस अधिकारियों की एक टीम को नर्मदा (गुजरात) भेजा गया है।
इस टीम में पुलिस उपाधीक्षक अभिनय चौधरी, पुलिस उपाधीक्षक नताशा सिंह, निरीक्षक प्रमोद कुमार उनियाल, उपनिरीक्षक बरखा कन्याल तथा उपनिरीक्षक दीपिका बिष्ट सम्मिलित हैं।
यह पुलिस दल “राष्ट्रीय एकता दिवस” के अवसर पर गुजरात के केवड़िया में आयोजित एकता परेड के दौरान पुलिस व्यवस्थाओं, भीड़ प्रबंधन, वीवीआईपी सुरक्षा बंदोबस्त तथा यातायात प्रबंधन से जुड़ी तैयारियों और कार्यप्रणालियों का विस्तृत अध्ययन और अवलोकन करेगा।
उल्लेखनीय है कि सरदार वल्लभभाई पटेल जी की 150वीं जयंती के उपलक्ष्य में “एक भारत, श्रेष्ठ भारत” के प्रतीक के रूप में गुजरात के केवड़िया में भव्य एकता परेड का आयोजन किया जा रहा है, जिसमें देशभर से विभिन्न राज्यों की पुलिस बलों, केंद्रीय पुलिस संगठनों और अर्द्धसैनिक बलों के 4200 पुलिसकर्मी भाग ले रहे हैं।
पुलिस महानिदेशक दीपम सेठ ने इस अवसर पर कहा कि— ऐसे राष्ट्रीय आयोजनों से पुलिस अधिकारियों को बड़े आयोजनों के दौरान सुरक्षा एवं यातायात प्रबंधन की बारीकियों को सीखने का अवसर मिलता है और विभिन्न राज्यों की पुलिस के बीच तालमेल और कार्यकुशलता भी बढ़ती है। इस अध्ययन दौरे से मिले अनुभवों को उत्तराखण्ड में होने वाले आयोजनों में सर्वोत्तम प्रथाओं (Best Practices) के रूप में अपनाया जाएगा, जिससे पुलिस व्यवस्था और अधिक प्रभावी एवं जनहितकारी बन सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed

राज्योत्सव समारोह में मुख्यमंत्री ने केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह का किया स्वागत एवं अभिनंदन देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शुक्रवार को परेड ग्राउंड, देहरादून में आयोजित राज्योत्सव समारोह में केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह का समस्त प्रदेशवासियों की ओर से स्वागत एवं अभिनंदन किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखण्ड राज्य स्थापना की 26वीं वर्षगांठ से पूर्व केंद्रीय गृह मंत्री का देवभूमि आगमन प्रदेशवासियों के लिए खुशी और गौरव का विषय है। मुख्यमंत्री ने कहा कि आजादी के बाद सरदार वल्लभभाई पटेल ने देश की एकता और अखंडता की मजबूत नींव रखी थी। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह उसी संकल्प को आगे बढ़ाते हुए देश की आंतरिक सुरक्षा को सुदृढ़ करने के लिए निरंतर कार्य कर रहे हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व और केंद्रीय गृह मंत्री के मार्गदर्शन में देश ने अनेक ऐतिहासिक निर्णय लिए हैं। अनुच्छेद 370 के प्रावधानों को हटाने, नागरिकता संशोधन अधिनियम तथा तीन नए आपराधिक कानूनों के माध्यम से राष्ट्रीय एकता, सुरक्षा और न्याय व्यवस्था को मजबूती प्रदान की गई है। आतंकवाद, अलगाववाद और नक्सलवाद के विरुद्ध कठोर कार्रवाई से देश में शांति एवं विकास का मार्ग प्रशस्त हुआ है। वहीं, सहकार से समृद्धि अभियान के माध्यम से किसानों, पशुपालकों और छोटे उद्यमियों को आत्मनिर्भर बनने के नए अवसर मिल रहे हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखण्ड पुलिस को प्रतिष्ठित राष्ट्रपति पुलिस कलर प्रदान किया जाना पूरे प्रदेश के लिए गौरवपूर्ण उपलब्धि है। उन्होंने इस उपलब्धि के लिए उत्तराखण्ड पुलिस के समस्त अधिकारियों, जवानों और प्रदेशवासियों को बधाई देते हुए केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह का आभार व्यक्त किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि 9 नवंबर को उत्तराखण्ड राज्य की स्थापना के 26 वर्ष पूर्ण हो रहे हैं। भारत रत्न पूर्व प्रधानमंत्री स्वर्गीय अटल बिहारी वाजपेयी ने राज्य आंदोलनकारियों के संघर्ष, त्याग और बलिदान का सम्मान करते हुए पृथक उत्तराखण्ड राज्य के सपने को साकार किया था। आज राज्य सरकार प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी एवं केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के मार्गदर्शन और सहयोग से राज्य आंदोलनकारियों की आकांक्षाओं के अनुरूप उत्तराखण्ड को विकसित और समृद्ध बनाने के लिए निरंतर कार्य कर रही है।