10 छात्र-छात्राओं का स्कूल गेम्स फेडरेशन ऑफ इंडिया (SGFI) फुटबॉल प्रतियोगिता के लिए चयन 

देहरादून।  पीएम श्री केंद्रीय विद्यालय, भारतीय सैन्य अकादमी, देहरादून के लिए गौरव का क्षण विद्यालय के 10 प्रतिभाशाली छात्र-छात्राओं का चयन स्कूल गेम्स फेडरेशन ऑफ इंडिया (SGFI) फुटबॉल प्रतियोगिता के लिए हुआ है। इन प्रतिभाशाली खिलाड़ियों ने राष्ट्रीय स्तर की चयन प्रतियोगिता, जो हाल ही में लखनऊ में आयोजित हुई थी, में उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए यह उपलब्धि हासिल की।

विद्यालय की अंडर-14 बालिका टीम ने प्रतियोगिता में स्वर्ण पदक (Gold Medal) अर्जित किया, जबकि अंडर-17 बालिका टीम ने उपविजेता (Runner-up) रहकर विद्यालय का नाम रोशन किया। इन्हीं शानदार प्रदर्शनों के आधार पर खिलाड़ियों का SGFI टूर्नामेंट हेतु राष्ट्रीय स्तर पर चयन हुआ है।

चयनित खिलाड़ी
अंडर-14 बालिका वर्ग: दिया रावत, श्रेया पंत, अंशिका नेगी, मिट्ठी रानी, अंशिका
अंडर-17 बालिका वर्ग: तेजस्वी पंवार, अदिति पंवार, प्रियांशी, इशिका
अंडर-17 बालक वर्ग: आशीष सेमवाल

ये सभी प्रतिभाशाली खिलाड़ी पीएम के.वी. सीआरपीएफ, राँची में आयोजित प्रशिक्षण शिविर हेतु रवाना हो चुके हैं। यह 5 दिवसीय प्रशिक्षण शिविर 13 से 17 दिसंबर तक आयोजित होगा जिसके पश्चात मुख्य टूर्नामेंट 18 से 22 दिसंबर 2025 तक मेगा स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स, राँची (झारखंड) में खेला जाएगा।

विद्यालय के कोच अजय गुसाईं खिलाड़ियों के मार्गदर्शक के रूप में उनके साथ हैं। साथ ही अनुरक्षक के रूप में कविता जिंदे एवं भावना दल का सहयोग कर रही हैं।

विद्यालय के प्राचार्य माम चन्द जी ने सभी चयनित खिलाड़ियों, कोच एवं अनुरक्षकों को हार्दिक बधाई देते हुए कहा कि—

“यह सफलता विद्यार्थियों की कड़ी मेहनत, खेल के प्रति समर्पण एवं प्रशिक्षकों के निरंतर मार्गदर्शन का परिणाम है। हमें गर्व है कि हमारे छात्र-छात्राएं राष्ट्रीय स्तर पर विद्यालय एवं देहरादून का नाम रोशन कर रहे हैं।”

विद्यालय परिवार ने सभी खिलाड़ियों को शुभकामनाएँ दी हैं कि वे आगामी प्रतियोगिता में भी उत्कृष्ट खेल भावना और टीम स्पिरिट का परिचय देकर उच्चतम सफलता प्राप्त करें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed

राज्योत्सव समारोह में मुख्यमंत्री ने केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह का किया स्वागत एवं अभिनंदन देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शुक्रवार को परेड ग्राउंड, देहरादून में आयोजित राज्योत्सव समारोह में केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह का समस्त प्रदेशवासियों की ओर से स्वागत एवं अभिनंदन किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखण्ड राज्य स्थापना की 26वीं वर्षगांठ से पूर्व केंद्रीय गृह मंत्री का देवभूमि आगमन प्रदेशवासियों के लिए खुशी और गौरव का विषय है। मुख्यमंत्री ने कहा कि आजादी के बाद सरदार वल्लभभाई पटेल ने देश की एकता और अखंडता की मजबूत नींव रखी थी। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह उसी संकल्प को आगे बढ़ाते हुए देश की आंतरिक सुरक्षा को सुदृढ़ करने के लिए निरंतर कार्य कर रहे हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व और केंद्रीय गृह मंत्री के मार्गदर्शन में देश ने अनेक ऐतिहासिक निर्णय लिए हैं। अनुच्छेद 370 के प्रावधानों को हटाने, नागरिकता संशोधन अधिनियम तथा तीन नए आपराधिक कानूनों के माध्यम से राष्ट्रीय एकता, सुरक्षा और न्याय व्यवस्था को मजबूती प्रदान की गई है। आतंकवाद, अलगाववाद और नक्सलवाद के विरुद्ध कठोर कार्रवाई से देश में शांति एवं विकास का मार्ग प्रशस्त हुआ है। वहीं, सहकार से समृद्धि अभियान के माध्यम से किसानों, पशुपालकों और छोटे उद्यमियों को आत्मनिर्भर बनने के नए अवसर मिल रहे हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखण्ड पुलिस को प्रतिष्ठित राष्ट्रपति पुलिस कलर प्रदान किया जाना पूरे प्रदेश के लिए गौरवपूर्ण उपलब्धि है। उन्होंने इस उपलब्धि के लिए उत्तराखण्ड पुलिस के समस्त अधिकारियों, जवानों और प्रदेशवासियों को बधाई देते हुए केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह का आभार व्यक्त किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि 9 नवंबर को उत्तराखण्ड राज्य की स्थापना के 26 वर्ष पूर्ण हो रहे हैं। भारत रत्न पूर्व प्रधानमंत्री स्वर्गीय अटल बिहारी वाजपेयी ने राज्य आंदोलनकारियों के संघर्ष, त्याग और बलिदान का सम्मान करते हुए पृथक उत्तराखण्ड राज्य के सपने को साकार किया था। आज राज्य सरकार प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी एवं केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के मार्गदर्शन और सहयोग से राज्य आंदोलनकारियों की आकांक्षाओं के अनुरूप उत्तराखण्ड को विकसित और समृद्ध बनाने के लिए निरंतर कार्य कर रही है।