राज्य सरकार शिक्षा के साथ-साथ खेलों के विकास को भी दे रही समान प्राथमिकता : जोशी

देहरादून। कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी ने शनिवार को कैप्टन प्रतीक आचार्य राजकीय इंटर कॉलेज, डोभालवाला में अपने पिता स्वर्गीय श्याम दत्त जोशी की स्मृति में आयोजित स्व. श्याम दत्त जोशी अंतर विद्यालयी बास्केटबॉल टुर्नामेंट–2025 एवं पुस्तक मेला कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में प्रतिभाग किया। इस अवसर पर कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी ने विधायक निधि वर्ष 2025–26 से स्वीकृत अमर शहीद कैप्टन प्रतीक आचार्य राजकीय इंटर कॉलेज डोभालवाला में बास्केटबॉल कोर्ट, बास्केटबॉल पोल तथा विद्यालय में पुस्तकालय की स्थापना के कार्यों का ₹ 15.67 लाख की लागत का विधिवत लोकार्पण किया।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी अपने पिता स्वर्गीय श्याम दत्त जोशी को स्मरण कर भावुक हो गए। उन्होंने कहा कि आज वे जिस भी मुकाम पर हैं, वह अपने पिता की प्रेरणा और आशीर्वाद का परिणाम है। इस दौरान मंत्री जोशी ने विद्यालय परिसर में कैप्टन प्रतीक आचार्य की प्रतिमा स्थापना तथा नए विद्यालय कक्ष के निर्माण की भी घोषणा की।

मंत्री जोशी ने कहा कि राज्य सरकार शिक्षा के साथ-साथ खेलों के विकास को भी समान प्राथमिकता दे रही है। उन्होंने कहा कि विद्यालयों में बेहतर खेल सुविधाओं से विद्यार्थियों में अनुशासन, टीम भावना और नेतृत्व क्षमता का विकास होता है, जो उनके व्यक्तित्व निर्माण में सहायक सिद्ध होता है। काबिना मंत्री गणेश जोशी ने कहा कि पुस्तकालय किसी भी शैक्षणिक संस्थान की आत्मा होता है और पुस्तक व्यक्ति की सबसे अच्छी मित्र होती है। उन्होंने कहा कि पुस्तकालय की स्थापना से विद्यार्थियों को ज्ञानवर्धन, प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी और नियमित अध्ययन की आदत विकसित करने में सहायता मिलेगी। उन्होंने शिक्षकों से आग्रह किया कि वे छात्रों को पुस्तकालय का अधिकतम उपयोग करने के लिए प्रेरित करें। साथ ही उन्होंने कहा कि यह पुस्तकालय आसपास के लोगों के लिए भी उपयोगी होगा, जिससे आमजन भी ज्ञानवर्धक पुस्तकों का लाभ उठा सकें। अमर शहीद कैप्टन प्रतीक आचार्य को नमन करते हुए मंत्री जोशी ने कहा कि शहीदों के नाम पर स्थापित संस्थानों का विकास करना हम सभी का नैतिक दायित्व है। यह न केवल शहीदों के प्रति सच्ची श्रद्धांजलि है, बल्कि आने वाली पीढ़ी को देशभक्ति, सेवा और समर्पण के मूल्यों से जोड़ने का सशक्त माध्यम भी है। कार्यक्रम में प्रदेश मंत्री भाजपा नेहा जोशी, मंडल अध्यक्ष प्रदीप रावत, प्रधानाचार्य सुरेंद्र सिंह बिष्ट, वीर माता बीना आचार्य, पार्षद मोहन बहुगुणा, देवी दत्त जोशी, पूनम नौटियाल, सत्येंद्र नाथ बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed

राज्योत्सव समारोह में मुख्यमंत्री ने केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह का किया स्वागत एवं अभिनंदन देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शुक्रवार को परेड ग्राउंड, देहरादून में आयोजित राज्योत्सव समारोह में केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह का समस्त प्रदेशवासियों की ओर से स्वागत एवं अभिनंदन किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखण्ड राज्य स्थापना की 26वीं वर्षगांठ से पूर्व केंद्रीय गृह मंत्री का देवभूमि आगमन प्रदेशवासियों के लिए खुशी और गौरव का विषय है। मुख्यमंत्री ने कहा कि आजादी के बाद सरदार वल्लभभाई पटेल ने देश की एकता और अखंडता की मजबूत नींव रखी थी। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह उसी संकल्प को आगे बढ़ाते हुए देश की आंतरिक सुरक्षा को सुदृढ़ करने के लिए निरंतर कार्य कर रहे हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व और केंद्रीय गृह मंत्री के मार्गदर्शन में देश ने अनेक ऐतिहासिक निर्णय लिए हैं। अनुच्छेद 370 के प्रावधानों को हटाने, नागरिकता संशोधन अधिनियम तथा तीन नए आपराधिक कानूनों के माध्यम से राष्ट्रीय एकता, सुरक्षा और न्याय व्यवस्था को मजबूती प्रदान की गई है। आतंकवाद, अलगाववाद और नक्सलवाद के विरुद्ध कठोर कार्रवाई से देश में शांति एवं विकास का मार्ग प्रशस्त हुआ है। वहीं, सहकार से समृद्धि अभियान के माध्यम से किसानों, पशुपालकों और छोटे उद्यमियों को आत्मनिर्भर बनने के नए अवसर मिल रहे हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखण्ड पुलिस को प्रतिष्ठित राष्ट्रपति पुलिस कलर प्रदान किया जाना पूरे प्रदेश के लिए गौरवपूर्ण उपलब्धि है। उन्होंने इस उपलब्धि के लिए उत्तराखण्ड पुलिस के समस्त अधिकारियों, जवानों और प्रदेशवासियों को बधाई देते हुए केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह का आभार व्यक्त किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि 9 नवंबर को उत्तराखण्ड राज्य की स्थापना के 26 वर्ष पूर्ण हो रहे हैं। भारत रत्न पूर्व प्रधानमंत्री स्वर्गीय अटल बिहारी वाजपेयी ने राज्य आंदोलनकारियों के संघर्ष, त्याग और बलिदान का सम्मान करते हुए पृथक उत्तराखण्ड राज्य के सपने को साकार किया था। आज राज्य सरकार प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी एवं केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के मार्गदर्शन और सहयोग से राज्य आंदोलनकारियों की आकांक्षाओं के अनुरूप उत्तराखण्ड को विकसित और समृद्ध बनाने के लिए निरंतर कार्य कर रही है।