‘‘साड़ी गौरव मैराथन’’ में महिलाओं ने दिखाया उत्साह, परम्परा और स्वास्थ्य जागरूकता का दिया संदेश

देहरादून। अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर महिलाओं के गौरव, सम्मान और सशक्तिकरण को समर्पित ‘‘साड़ी गौरव मैराथन’’ का आयोजन जिला प्रोबेशन अधिकारी कार्यालय, देहरादून द्वारा महिला कल्याण विभाग, उत्तराखण्ड के तत्वावधान में किया गया। पारम्परिक भारतीय परिधान साड़ी में आयोजित इस विशेष मैराथन में महिलाओं ने बढ़-चढ़कर प्रतिभाग करते हुए उत्साह और ऊर्जा का परिचय दिया।
मैराथन का शुभारम्भ नारी निकेतन चौराहा, दून विश्वविद्यालय रोड से किया गया, जो आगे दून विश्वविद्यालय मार्ग पर 02 किलोमीटर तथा 03 किलोमीटर की दूरी पर सम्पन्न हुई। इस अवसर पर विभिन्न आयु वर्ग की महिलाओं ने पारम्परिक परिधान में दौड़ लगाकर समाज में महिलाओं की शक्ति, आत्मविश्वास और सक्रियता का संदेश दिया। कार्यक्रम की मुख्य अतिथि गीता खन्ना, अध्यक्ष, राज्य बाल अधिकार संरक्षण आयोग रहीं। उन्होंने प्रतिभागियों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि महिलाएं अपनी संस्कृति और परम्पराओं को संजोते हुए हर क्षेत्र में नई ऊंचाइयों को प्राप्त कर रही हैं।
मैराथन में जिला प्रोबेशन अधिकारी कार्यालय, राजकीय नारी निकेतन तथा राजकीय बाल देखरेख संस्थाओं में कार्यरत अधिकारी एवं कार्मिकों के साथ-साथ निदेशालय महिला कल्याण के अधिकारियों/कार्मिकों तथा आम जनमानस की महिलाओं ने भी स्वेच्छा से प्रतिभाग किया। कुल 70 से अधिक महिलाओं ने इस मैराथन में भाग लेकर कार्यक्रम को सफल बनाया।
प्रतियोगिता के अंतर्गत 02 किलोमीटर दौड़ में प्रथम स्थान नविता, द्वितीय स्थान रेखा चौहान तथा तृतीय स्थान मीनू तड़ियाल ने प्राप्त किया। वहीं 03 किलोमीटर दौड़ में प्रथम स्थान गीता बहुगुणा, द्वितीय स्थान रियांका तथा तृतीय स्थान ऋतु ने प्राप्त किया। सभी विजेताओं को मुख्य अतिथि द्वारा मेडल पहनाकर सम्मानित किया गया। इसके अतिरिक्त 60 वर्ष से अधिक आयु वर्ग में प्रतिभाग करने वाली महिला मानेश्वरी को भी उनके उत्साह एवं प्रेरणादायी सहभागिता के लिए मेडल पहनाकर सम्मानित किया गया। इस अवसर पर आयोजकों ने बताया कि मैराथन का मुख्य उद्देश्य यह संदेश देना है कि महिलाएं अपनी परम्पराओं और संस्कृति को संजोते हुए जीवन के प्रत्येक क्षेत्र में सफलता प्राप्त कर सकती हैं। साथ ही व्यस्त जीवनशैली के बीच महिलाओं को अपने स्वास्थ्य के प्रति विशेष रूप से सजग रहने की आवश्यकता है, ताकि वे शारीरिक एवं मानसिक रूप से स्वस्थ रहकर परिवार, समाज और कार्यस्थल की जिम्मेदारियों का सफलतापूर्वक निर्वहन कर सकें। कार्यक्रम का आयोजन मुख्य परिवीक्षा अधिकारी अंजना गुप्ता के मार्गदर्शन में जिला प्रोबेशन अधिकारी, देहरादून मीना बिष्ट द्वारा किया गया। कार्यक्रम में निदेशालय महिला कल्याण से उप मुख्य परिवीक्षा अधिकारी राजीव नयन, विधि अधिकारी समीक्षा शर्मा, कार्यक्रम प्रबंधक प्रीति उपाध्याय, राजकीय नारी निकेतन की अधीक्षिका सोनल राणा, मधु, पूजा सहित अन्य अधिकारी/कार्मिक एवं बड़ी संख्या में अन्य महिलाओं ने प्रतिभाग किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed

राज्योत्सव समारोह में मुख्यमंत्री ने केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह का किया स्वागत एवं अभिनंदन देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शुक्रवार को परेड ग्राउंड, देहरादून में आयोजित राज्योत्सव समारोह में केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह का समस्त प्रदेशवासियों की ओर से स्वागत एवं अभिनंदन किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखण्ड राज्य स्थापना की 26वीं वर्षगांठ से पूर्व केंद्रीय गृह मंत्री का देवभूमि आगमन प्रदेशवासियों के लिए खुशी और गौरव का विषय है। मुख्यमंत्री ने कहा कि आजादी के बाद सरदार वल्लभभाई पटेल ने देश की एकता और अखंडता की मजबूत नींव रखी थी। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह उसी संकल्प को आगे बढ़ाते हुए देश की आंतरिक सुरक्षा को सुदृढ़ करने के लिए निरंतर कार्य कर रहे हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व और केंद्रीय गृह मंत्री के मार्गदर्शन में देश ने अनेक ऐतिहासिक निर्णय लिए हैं। अनुच्छेद 370 के प्रावधानों को हटाने, नागरिकता संशोधन अधिनियम तथा तीन नए आपराधिक कानूनों के माध्यम से राष्ट्रीय एकता, सुरक्षा और न्याय व्यवस्था को मजबूती प्रदान की गई है। आतंकवाद, अलगाववाद और नक्सलवाद के विरुद्ध कठोर कार्रवाई से देश में शांति एवं विकास का मार्ग प्रशस्त हुआ है। वहीं, सहकार से समृद्धि अभियान के माध्यम से किसानों, पशुपालकों और छोटे उद्यमियों को आत्मनिर्भर बनने के नए अवसर मिल रहे हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखण्ड पुलिस को प्रतिष्ठित राष्ट्रपति पुलिस कलर प्रदान किया जाना पूरे प्रदेश के लिए गौरवपूर्ण उपलब्धि है। उन्होंने इस उपलब्धि के लिए उत्तराखण्ड पुलिस के समस्त अधिकारियों, जवानों और प्रदेशवासियों को बधाई देते हुए केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह का आभार व्यक्त किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि 9 नवंबर को उत्तराखण्ड राज्य की स्थापना के 26 वर्ष पूर्ण हो रहे हैं। भारत रत्न पूर्व प्रधानमंत्री स्वर्गीय अटल बिहारी वाजपेयी ने राज्य आंदोलनकारियों के संघर्ष, त्याग और बलिदान का सम्मान करते हुए पृथक उत्तराखण्ड राज्य के सपने को साकार किया था। आज राज्य सरकार प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी एवं केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के मार्गदर्शन और सहयोग से राज्य आंदोलनकारियों की आकांक्षाओं के अनुरूप उत्तराखण्ड को विकसित और समृद्ध बनाने के लिए निरंतर कार्य कर रही है।