युद्ध के बीच गैस की किल्लत, बाजार में मुस्कुराया कोयला

गैस की कमी के चलते कोयले की मांग में उछाल
होटल-ढाबों और पीजी संचालकों ने बढ़ाई खरीदारी
देहरादून: अंतरराष्ट्रीय हालात और गैस आपूर्ति में आई दिक्कतों के बीच देहरादून में रसोई गैस की किल्लत का असर अब बाजार पर भी दिखाई देने लगा है। गैस सिलेंडरों की कमी की चर्चा के बीच शहर में कोयले की मांग अचानक बढ़ गई है। आमतौर पर मार्च के महीने में कोयले की बिक्री कम हो जाती थी, लेकिन इस बार हालात उलट नजर आ रहे हैं। कोयला कारोबारियों के अनुसार गैस की किल्लत के बाद शहर में कोयले की मांग करीब 20 प्रतिशत तक बढ़ गई है।
सबसे ज्यादा खरीदारी होटल-ढाबा संचालक और पीजी चलाने वाले लोग कर रहे हैं, जो गैस की अनिश्चितता के बीच वैकल्पिक व्यवस्था के तौर पर कोयले का सहारा ले रहे हैं।
सहारनपुर चौक के पास कोयला बेचने वाले एक व्यापारी ने बताया कि सामान्य दिनों में इस समय कोयले की बिक्री काफी कम हो जाती थी, लेकिन पिछले कुछ दिनों से अचानक ग्राहकों की संख्या बढ़ गई है। पहले जहां रोजाना सीमित ग्राहक आते थे, वहीं अब होटल-ढाबों के संचालक बड़ी मात्रा में कोयला खरीदने पहुंच रहे हैं। गैस आपूर्ति की स्थिति जल्द सामान्य नहीं होती तो आने वाले दिनों में कोयले की मांग और बढ़ सकती है। फिलहाल गैस संकट की चर्चा के बीच शहर के कोयला बाजार में रौनक लौट आई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed

राज्योत्सव समारोह में मुख्यमंत्री ने केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह का किया स्वागत एवं अभिनंदन देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शुक्रवार को परेड ग्राउंड, देहरादून में आयोजित राज्योत्सव समारोह में केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह का समस्त प्रदेशवासियों की ओर से स्वागत एवं अभिनंदन किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखण्ड राज्य स्थापना की 26वीं वर्षगांठ से पूर्व केंद्रीय गृह मंत्री का देवभूमि आगमन प्रदेशवासियों के लिए खुशी और गौरव का विषय है। मुख्यमंत्री ने कहा कि आजादी के बाद सरदार वल्लभभाई पटेल ने देश की एकता और अखंडता की मजबूत नींव रखी थी। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह उसी संकल्प को आगे बढ़ाते हुए देश की आंतरिक सुरक्षा को सुदृढ़ करने के लिए निरंतर कार्य कर रहे हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व और केंद्रीय गृह मंत्री के मार्गदर्शन में देश ने अनेक ऐतिहासिक निर्णय लिए हैं। अनुच्छेद 370 के प्रावधानों को हटाने, नागरिकता संशोधन अधिनियम तथा तीन नए आपराधिक कानूनों के माध्यम से राष्ट्रीय एकता, सुरक्षा और न्याय व्यवस्था को मजबूती प्रदान की गई है। आतंकवाद, अलगाववाद और नक्सलवाद के विरुद्ध कठोर कार्रवाई से देश में शांति एवं विकास का मार्ग प्रशस्त हुआ है। वहीं, सहकार से समृद्धि अभियान के माध्यम से किसानों, पशुपालकों और छोटे उद्यमियों को आत्मनिर्भर बनने के नए अवसर मिल रहे हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखण्ड पुलिस को प्रतिष्ठित राष्ट्रपति पुलिस कलर प्रदान किया जाना पूरे प्रदेश के लिए गौरवपूर्ण उपलब्धि है। उन्होंने इस उपलब्धि के लिए उत्तराखण्ड पुलिस के समस्त अधिकारियों, जवानों और प्रदेशवासियों को बधाई देते हुए केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह का आभार व्यक्त किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि 9 नवंबर को उत्तराखण्ड राज्य की स्थापना के 26 वर्ष पूर्ण हो रहे हैं। भारत रत्न पूर्व प्रधानमंत्री स्वर्गीय अटल बिहारी वाजपेयी ने राज्य आंदोलनकारियों के संघर्ष, त्याग और बलिदान का सम्मान करते हुए पृथक उत्तराखण्ड राज्य के सपने को साकार किया था। आज राज्य सरकार प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी एवं केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के मार्गदर्शन और सहयोग से राज्य आंदोलनकारियों की आकांक्षाओं के अनुरूप उत्तराखण्ड को विकसित और समृद्ध बनाने के लिए निरंतर कार्य कर रही है।