क्यूआरटी ने सक्रिय रूप से अपने-अपने क्षेत्रों में आवंटित गैस एजेंसियों का भ्रमण कर गैस की आपूर्ति एवं वितरण व्यवस्था का जायजा लिया

देहरादून। जिला प्रशासन के निर्देशों के अनुपालन में आज जनपद की समस्त गैस एजेंसियों पर एलपीजी गैस का वितरण केवल होम डिलीवरी के माध्यम से ओटीपी आधारित व्यवस्था के तहत किया गया। इस व्यवस्था का उद्देश्य गैस एजेंसियों एवं गोदामों पर अनावश्यक भीड़ को नियंत्रित करना तथा वितरण प्रक्रिया को पारदर्शी एवं व्यवस्थित बनाना है।
जिलाधिकारी सविन बंसल के निर्देशों के क्रम में जिला प्रशासन की क्यूआरटी (क्विक रिस्पांस टीम) ने सक्रिय रूप से अपने-अपने क्षेत्रों में आवंटित गैस एजेंसियों का भ्रमण कर गैस की आपूर्ति एवं वितरण व्यवस्था का जायजा लिया। टीम द्वारा यह सुनिश्चित किया गया कि गैस सिलेंडर का वितरण केवल होम डिलीवरी और ओटीपी सत्यापन के माध्यम से ही किया जाए।
जिला प्रशासन के निर्देशानुसार सभी गैस एजेंसियों एवं गैस गोदामों पर होम डिलीवरी से संबंधित फ्लैक्स एवं सूचना पट्ट चस्पा कर दिए गए हैं, जिससे उपभोक्ताओं को नई व्यवस्था की जानकारी मिल सके। इस व्यवस्था के प्रभावी क्रियान्वयन से गैस एजेंसियों एवं गोदामों पर लगने वाली भारी भीड़ में भी कमी देखी जा रही है।
जिला प्रशासन ने सभी गैस एजेंसियों को सख्त निर्देश दिए हैं कि उपभोक्ताओं को गैस सिलेंडर केवल होम डिलीवरी के माध्यम से ही उपलब्ध कराया जाए तथा वितरण के समय ओटीपी आधारित सत्यापन अनिवार्य रूप से किया जाए। किसी भी प्रकार की अनियमितता पाए जाने पर संबंधित एजेंसी के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
जिला प्रशासन ने जनमानस से अपील की है कि वे किसी प्रकार की घबराहट न दिखाएं। जनपद में गैस की पर्याप्त एवं निरंतर आपूर्ति सुनिश्चित की जा रही है। नागरिकों से अपेक्षा की गई है कि व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने में जिला प्रशासन का सहयोग करें।
गैस आपूर्ति अथवा वितरण से संबंधित किसी भी समस्या या शिकायत के लिए नागरिक जिला प्रशासन द्वारा जारी हेल्पलाइन नंबर 1077, 0135-2626066, 0135-2726066 तथा व्हाट्सएप नंबर 7534826066 पर संपर्क कर सकते हैं। जिला प्रशासन द्वारा प्राप्त शिकायतों का त्वरित संज्ञान लेते हुए आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed

राज्योत्सव समारोह में मुख्यमंत्री ने केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह का किया स्वागत एवं अभिनंदन देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शुक्रवार को परेड ग्राउंड, देहरादून में आयोजित राज्योत्सव समारोह में केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह का समस्त प्रदेशवासियों की ओर से स्वागत एवं अभिनंदन किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखण्ड राज्य स्थापना की 26वीं वर्षगांठ से पूर्व केंद्रीय गृह मंत्री का देवभूमि आगमन प्रदेशवासियों के लिए खुशी और गौरव का विषय है। मुख्यमंत्री ने कहा कि आजादी के बाद सरदार वल्लभभाई पटेल ने देश की एकता और अखंडता की मजबूत नींव रखी थी। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह उसी संकल्प को आगे बढ़ाते हुए देश की आंतरिक सुरक्षा को सुदृढ़ करने के लिए निरंतर कार्य कर रहे हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व और केंद्रीय गृह मंत्री के मार्गदर्शन में देश ने अनेक ऐतिहासिक निर्णय लिए हैं। अनुच्छेद 370 के प्रावधानों को हटाने, नागरिकता संशोधन अधिनियम तथा तीन नए आपराधिक कानूनों के माध्यम से राष्ट्रीय एकता, सुरक्षा और न्याय व्यवस्था को मजबूती प्रदान की गई है। आतंकवाद, अलगाववाद और नक्सलवाद के विरुद्ध कठोर कार्रवाई से देश में शांति एवं विकास का मार्ग प्रशस्त हुआ है। वहीं, सहकार से समृद्धि अभियान के माध्यम से किसानों, पशुपालकों और छोटे उद्यमियों को आत्मनिर्भर बनने के नए अवसर मिल रहे हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखण्ड पुलिस को प्रतिष्ठित राष्ट्रपति पुलिस कलर प्रदान किया जाना पूरे प्रदेश के लिए गौरवपूर्ण उपलब्धि है। उन्होंने इस उपलब्धि के लिए उत्तराखण्ड पुलिस के समस्त अधिकारियों, जवानों और प्रदेशवासियों को बधाई देते हुए केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह का आभार व्यक्त किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि 9 नवंबर को उत्तराखण्ड राज्य की स्थापना के 26 वर्ष पूर्ण हो रहे हैं। भारत रत्न पूर्व प्रधानमंत्री स्वर्गीय अटल बिहारी वाजपेयी ने राज्य आंदोलनकारियों के संघर्ष, त्याग और बलिदान का सम्मान करते हुए पृथक उत्तराखण्ड राज्य के सपने को साकार किया था। आज राज्य सरकार प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी एवं केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के मार्गदर्शन और सहयोग से राज्य आंदोलनकारियों की आकांक्षाओं के अनुरूप उत्तराखण्ड को विकसित और समृद्ध बनाने के लिए निरंतर कार्य कर रही है।