देहरादून में बढ़ते अपराध और नशे के खिलाफ कांग्रेस का हल्ला बोल, धरना देकर लक्की राणा ने प्रशासन को दी चेतावनी

देहरादून । राजधानी देहरादून में लगातार बढ़ते अपराध, युवाओं में बढ़ती नशे की प्रवृत्ति और हाल ही में हुई ब्रिगेडियर मुकेश जोशी की जघन्य हत्या ने कानून व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। देर रात तक अनियंत्रित रूप से संचालित हो रहे बार, पब और क्लबों को इस बिगड़ती स्थिति का एक बड़ा कारण माना जा रहा है। इसी के विरोध में उत्तराखंड प्रदेश कांग्रेस कमेटी के प्रदेश सचिव लक्की राणा के नेतृत्व में कांग्रेसजनों ने जोरदार धरना प्रदर्शन किया और उसके बाद जिला आबकारी अधिकारी को एक कड़ा ज्ञापन सौंपा।
धरना प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की और शहर की बिगड़ती कानून व्यवस्था पर कड़ी नाराजगी जताई। बड़ी संख्या में मौजूद कार्यकर्ताओं ने एक स्वर में सख्त कार्रवाई की मांग करते हुए चेतावनी दी कि यदि जल्द कदम नहीं उठाए गए तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा।
ज्ञापन में कहा गया है कि शहर में कई बार, पब और क्लब निर्धारित समय सीमा के बाद भी संचालित हो रहे हैं, जिससे नशे का दायरा तेजी से बढ़ रहा है और आपराधिक घटनाओं में लगातार इजाफा हो रहा है। ब्रिगेडियर मुकेश जोशी की हत्या जैसी घटनाएं इस बात का प्रमाण हैं कि हालात कितने गंभीर हो चुके हैं और आम जनता में भय व असुरक्षा का माहौल बन गया है।
इस दौरान लक्की राणा ने कहा कि वर्तमान स्थिति बेहद चिंताजनक है और यह सीधे तौर पर प्रशासन की लापरवाही को दर्शाती है। उन्होंने कहा कि अगर समय रहते सख्त और स्थायी कार्रवाई नहीं की गई, तो देहरादून का माहौल और अधिक खराब हो सकता है। राणा ने यह भी कहा कि यह मुद्दा केवल प्रशासनिक नहीं बल्कि युवाओं के भविष्य, समाज की सुरक्षा और शहर की शांति से जुड़ा हुआ है।
इसी दौरान उन्होंने प्रशासन पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि शासन और प्रशासन तब ही जागता है और कार्रवाई करता है, जब किसी मासूम की जान चली जाती है, जो कि बेहद दुर्भाग्यपूर्ण और चिंताजनक स्थिति है।
ज्ञापन के माध्यम से प्रशासन से मांग की गई है कि बार, पब और क्लबों के लिए निर्धारित समय सीमा का सख्ती से पालन कराया जाए और उल्लंघन करने वालों के खिलाफ तत्काल सीलिंग और लाइसेंस निरस्तीकरण जैसी कठोर कार्रवाई की जाए। साथ ही आबकारी और पुलिस विभाग द्वारा संयुक्त रूप से नियमित रात्रिकालीन विशेष अभियान चलाने, प्रमुख स्थानों पर सीसीटीवी निगरानी सुनिश्चित करने और आम जनता के लिए 24 घंटे हेल्पलाइन एवं व्हाट्सएप नंबर जारी करने की भी मांग रखी गई है।
इसके अलावा, इस पूरी व्यवस्था में लापरवाही बरतने वाले अधिकारियों और कर्मचारियों के खिलाफ व्यक्तिगत जिम्मेदारी तय कर सख्त अनुशासनात्मक कार्रवाई की बात भी कही गई है।
लक्की राणा ने प्रशासन को चेतावनी देते हुए कहा कि यदि जल्द ही ठोस कदम नहीं उठाए गए, तो वे स्वयं निर्धारित समय के बाद संचालित पब, बार और क्लबों में तालाबंदी करने के लिए बाध्य होंगे और जनहित में व्यापक जन आंदोलन शुरू किया जाएगा। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी हमेशा जनता की सुरक्षा और हितों के लिए संघर्ष करती आई है और आगे भी यह लड़ाई पूरी मजबूती से जारी रहेगी।
ज्ञापन देने वालों में लक्की राणा के साथ अनुसूचित जाति के पूर्व महानगर अध्यक्ष संजय गौतम, विजय प्रसाद भट्टाराई, पार्षद अभिषेक तिवारी, विनोद कुमार, अरुण बलूनी, शिवम कुमार, ब्रह्मपाल, कुंदन आर्य, आदिल, राहुल, सौरव कुमार आदि मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed

राज्योत्सव समारोह में मुख्यमंत्री ने केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह का किया स्वागत एवं अभिनंदन देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शुक्रवार को परेड ग्राउंड, देहरादून में आयोजित राज्योत्सव समारोह में केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह का समस्त प्रदेशवासियों की ओर से स्वागत एवं अभिनंदन किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखण्ड राज्य स्थापना की 26वीं वर्षगांठ से पूर्व केंद्रीय गृह मंत्री का देवभूमि आगमन प्रदेशवासियों के लिए खुशी और गौरव का विषय है। मुख्यमंत्री ने कहा कि आजादी के बाद सरदार वल्लभभाई पटेल ने देश की एकता और अखंडता की मजबूत नींव रखी थी। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह उसी संकल्प को आगे बढ़ाते हुए देश की आंतरिक सुरक्षा को सुदृढ़ करने के लिए निरंतर कार्य कर रहे हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व और केंद्रीय गृह मंत्री के मार्गदर्शन में देश ने अनेक ऐतिहासिक निर्णय लिए हैं। अनुच्छेद 370 के प्रावधानों को हटाने, नागरिकता संशोधन अधिनियम तथा तीन नए आपराधिक कानूनों के माध्यम से राष्ट्रीय एकता, सुरक्षा और न्याय व्यवस्था को मजबूती प्रदान की गई है। आतंकवाद, अलगाववाद और नक्सलवाद के विरुद्ध कठोर कार्रवाई से देश में शांति एवं विकास का मार्ग प्रशस्त हुआ है। वहीं, सहकार से समृद्धि अभियान के माध्यम से किसानों, पशुपालकों और छोटे उद्यमियों को आत्मनिर्भर बनने के नए अवसर मिल रहे हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखण्ड पुलिस को प्रतिष्ठित राष्ट्रपति पुलिस कलर प्रदान किया जाना पूरे प्रदेश के लिए गौरवपूर्ण उपलब्धि है। उन्होंने इस उपलब्धि के लिए उत्तराखण्ड पुलिस के समस्त अधिकारियों, जवानों और प्रदेशवासियों को बधाई देते हुए केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह का आभार व्यक्त किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि 9 नवंबर को उत्तराखण्ड राज्य की स्थापना के 26 वर्ष पूर्ण हो रहे हैं। भारत रत्न पूर्व प्रधानमंत्री स्वर्गीय अटल बिहारी वाजपेयी ने राज्य आंदोलनकारियों के संघर्ष, त्याग और बलिदान का सम्मान करते हुए पृथक उत्तराखण्ड राज्य के सपने को साकार किया था। आज राज्य सरकार प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी एवं केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के मार्गदर्शन और सहयोग से राज्य आंदोलनकारियों की आकांक्षाओं के अनुरूप उत्तराखण्ड को विकसित और समृद्ध बनाने के लिए निरंतर कार्य कर रही है।