मुखबिर की सूचना पर आबकारी विभाग को मिली सफलता
हरियाणा से कार में छिपाकर हरिद्वार लाई जा रही थी शराब
हरिद्वार। आबकारी विभाग की परिवर्तन टीम ने शहर में अवैध शराब तस्करी के खिलाफ कार्रवाई करते हुए चमगादड़ टापू पार्किंग क्षेत्र से 45 पेटी अंग्रेजी शराब बरामद की। टीम ने एक कार को कब्जे में लेकर उसमें सवार एक युवती समेत दो आरोपियों को गिरफ्तार किया। जबकि एक अन्य युवक टीम के आने से पहले ही मौके से भागने में सफल रहा।
शनिवार देर रात करीब 12 बजे मुखबिर से सूचना मिली थी कि हरियाणा से अवैध शराब की बड़ी खेप हरिद्वार लाई जा रही है। जिस पर टीम ने क्षेत्र में घेराबंदी कर चेकिंग अभियान चलाया। इसी दौरान एक संदिग्ध कार चमगादड़ टापू पार्किंग में पहुंची। टीम ने तत्काल कार्रवाई करते हुए वाहन को रोक लिया। तलाशी के दौरान कार से 45 पेटी अंग्रेजी शराब बरामद हुई।
टीम ने कार को कब्जे में लेकर कार में सवार एक युवती समेत दो लोगों को गिरफ्तार किया। इसी दौरान अंधेरे का फायदा उठाकर कार सवार एक व्यक्ति भागने में सफल रहा। आरोपियों की पहचान अक्षय पुत्र जगबीर सिंह निवासी ग्राम शहरी, थाना खरखोदा, सोनीपत हरियाणा और युवती गृतिका पुत्री अमरजीत निवासी बी-ब्लॉक, पहलादपुर दिल्ली बताई। दोनों आरोपियों को मेडिकल जांच के बाद न्यायालय में पेश किया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया है।
