चारधाम यात्रा की तैयारियों पर प्रभारी मंत्री ने यात्रा मार्ग का लिया जायजा, मार्ग सुधारीकरण कार्यों में तेजी के निर्देश

चमोली ( प्रदीप लखेड़ा )
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के निर्देशों के क्रम में जिला प्रभारी मंत्री ग्राम्य विकास, लघु एवं सूक्ष्म मध्यम उद्यम, खादी एवं ग्रामोद्योग श्री भरत सिंह चौधरी ने रविवार को चारधाम यात्रा व्यवस्थाओं का स्थलीय निरीक्षण कर तैयारियों का जायजा लिया।
जिला प्रभारी मंत्री भरत सिंह चौधरी ने कमेड़ा (गौचर) से श्री बद्रीनाथ धाम तक बद्रीनाथ राष्ट्रीय राजमार्ग का निरीक्षण करते हुए यात्रा को सुगम, सुरक्षित एवं व्यवस्थित बनाने के लिए सभी कार्यदायी संस्थाओं को कार्यों में तेजी लाने तथा गुणवत्ता का विशेष ध्यान रखने के निर्देश दिए।उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि सभी कार्य निर्धारित समयसीमा के भीतर पूर्ण किए जाएं ताकि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।
निरीक्षण के दौरान मा० मंत्री ने कमेड़ा, नंदप्रयाग, पागलनाला, भनेरपानी एवं टंगड़ी के लैंडस्लाइड जोन में एनएचआईडीसीएल द्वारा संचालित मार्ग सुधारीकरण कार्यों की समीक्षा की। उन्होंने इन संवेदनशील स्थलों पर कार्यों को युद्ध स्तर पर पूर्ण करने, अधिक मशीनरी एवं मैनपावर तैनात करने तथा कार्यों की गुणवत्ता सुनिश्चित करने के निर्देश दिये। बीआरओ के अधिशासी अभियंता को मारवाड़ी के आगे हाथीपहाड़ क्षेत्र सहित अन्य क्षतिग्रस्त स्थलों पर सड़कों के त्वरित सुधारीकरण के निर्देश दिये। इसके साथ ही पीआईयू (पीडब्ल्यूडी) के अधिकारियों को बद्रीनाथ धाम में संचालित मास्टर प्लान से जुड़े कार्यों को तय समय में पूर्ण करने तथा कार्यों की गति बढ़ाने के निर्देश दिए।
उन्होंने कहा कि यात्रा मार्गों पर किसी भी प्रकार की बाधा को तत्काल दूर किया जाए तथा संभावित आपदा स्थलों पर पूर्व तैयारी रखते हुए सतर्कता बरती जाए। साथ ही उन्होंने संबंधित विभागों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित कर कार्यों को प्रभावी ढंग से संचालित करने पर बल दिया। इस दौरान मा० मंत्री ने वैश्विक परिस्थितियों के कारण उत्पन्न एलपीजी आपूर्ति संबंधी चुनौतियों के समाधान हेतु किये जा रहे वैकल्पिक उपायों एवं सरकार के प्रयासों की भी जानकारी दी, ताकि यात्रा के दौरान आवश्यक सेवाएं निर्बाध रूप से उपलब्ध रह सकें।
निरीक्षण के दौरान थराली विधायक भूपाल राम टम्टा, भाजपा जिला अध्यक्ष गजपाल बर्तवाल, एनएचआईडीसीएल के जीएम शादाब इमाम , पीआईयू (पीडब्ल्यूडी) के अधिशासी अभियंता योगेश मनराल, बीआरओ के अधिशासी अभियंता केटी राव , एसडीएम कर्णप्रयाग सोहन सिंह रागण, एसडीएम चमोली, एसडीएम जोशीमठ सहित जनपद स्तरीय अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed

राज्योत्सव समारोह में मुख्यमंत्री ने केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह का किया स्वागत एवं अभिनंदन देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शुक्रवार को परेड ग्राउंड, देहरादून में आयोजित राज्योत्सव समारोह में केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह का समस्त प्रदेशवासियों की ओर से स्वागत एवं अभिनंदन किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखण्ड राज्य स्थापना की 26वीं वर्षगांठ से पूर्व केंद्रीय गृह मंत्री का देवभूमि आगमन प्रदेशवासियों के लिए खुशी और गौरव का विषय है। मुख्यमंत्री ने कहा कि आजादी के बाद सरदार वल्लभभाई पटेल ने देश की एकता और अखंडता की मजबूत नींव रखी थी। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह उसी संकल्प को आगे बढ़ाते हुए देश की आंतरिक सुरक्षा को सुदृढ़ करने के लिए निरंतर कार्य कर रहे हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व और केंद्रीय गृह मंत्री के मार्गदर्शन में देश ने अनेक ऐतिहासिक निर्णय लिए हैं। अनुच्छेद 370 के प्रावधानों को हटाने, नागरिकता संशोधन अधिनियम तथा तीन नए आपराधिक कानूनों के माध्यम से राष्ट्रीय एकता, सुरक्षा और न्याय व्यवस्था को मजबूती प्रदान की गई है। आतंकवाद, अलगाववाद और नक्सलवाद के विरुद्ध कठोर कार्रवाई से देश में शांति एवं विकास का मार्ग प्रशस्त हुआ है। वहीं, सहकार से समृद्धि अभियान के माध्यम से किसानों, पशुपालकों और छोटे उद्यमियों को आत्मनिर्भर बनने के नए अवसर मिल रहे हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखण्ड पुलिस को प्रतिष्ठित राष्ट्रपति पुलिस कलर प्रदान किया जाना पूरे प्रदेश के लिए गौरवपूर्ण उपलब्धि है। उन्होंने इस उपलब्धि के लिए उत्तराखण्ड पुलिस के समस्त अधिकारियों, जवानों और प्रदेशवासियों को बधाई देते हुए केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह का आभार व्यक्त किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि 9 नवंबर को उत्तराखण्ड राज्य की स्थापना के 26 वर्ष पूर्ण हो रहे हैं। भारत रत्न पूर्व प्रधानमंत्री स्वर्गीय अटल बिहारी वाजपेयी ने राज्य आंदोलनकारियों के संघर्ष, त्याग और बलिदान का सम्मान करते हुए पृथक उत्तराखण्ड राज्य के सपने को साकार किया था। आज राज्य सरकार प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी एवं केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के मार्गदर्शन और सहयोग से राज्य आंदोलनकारियों की आकांक्षाओं के अनुरूप उत्तराखण्ड को विकसित और समृद्ध बनाने के लिए निरंतर कार्य कर रही है।