हरिद्वार में अज्ञात हमलावरों ने कांवड़िए को मारी गोली

हरिद्वार । हरिद्वार में गंगाजल लेकर लौट रहे एक कांवड़िए को अज्ञात हमलावरों ने गोली मार दी। गोली लगने से कांवड़िया गंभीर रूप से घायल हो गया। देर रात हुए गोलीकांड से इलाके में हड़कंप मच गया। कनखल थाना क्षेत्र स्थित गुरुकुल कांगड़ी विश्वविद्यालय के पास हाईवे की यह घटना बताई जा रही है। यहां हाईवे के किनारे विश्राम कर रहे एक कांवड़िए को अज्ञात हमलावरों द्वारा गोली मारी गई। गंभीर रूप से घायल कांवड़िए को पहले एक निजी अस्पताल ले जाया गया, जहां से हालत नाजुक होने पर उसे हायर सेंटर रेफर कर दिया गया। पुलिस ने रात को ही फरार आरोपियों की तलाश में घेराबंदी की।
घायल युवक की पहचान अजय के रूप में हुई है जो ग्रेटर नोएडा का रहने वाला है। वह अपने साथियों के साथ रविवार को हरिद्वार से गंगाजल लेकर नोएडा लौट रहा था। रात अधिक होने के कारण कांवड़ियों का दल गुरुकुल कांगड़ी विश्वविद्यालय के पास हाईवे किनारे रात्रि विश्राम करने लगा। कांवड़ियों के मुताबिक हाईवे के ऊपर बने पुल पर कुछ युवक शराब पी रहे थे। इस दौरान वो शोर शराबा और गाली गलौज भी कर रहे थे। कांवड़ियों ने उन्हें शोर न मचाने की बात कही, जिस पर विवाद हो गया। आरोप है कि कुछ देर बाद वे युवक पुल से नीचे आए और आराम कर रहे कांवड़ियों के पास आ धमके।
इससे पहले कि कांवड़िये कुछ समझ पाते तभी हमलावरों ने अजय के सीने से सटाकर गोली चला दी। सीने की जगह कंधे पर गोली लगते ही अजय घायल हो गया, जिससे मौके पर अफरा तफरी मच गई और अजय गंभीर रूप से घायल होकर नीचे गिर पड़ा। मौके पर पहुंची पुलिस ने घायल कांवड़िए को नजदीक निजी अस्पताल पहुंचाया, जहां उसकी गंभीर हालत को देखते हुए ऋषिकेश एम्स हायर सेंटर रेफर कर दिया गया। देर रात करीब बारह बजे गोली चलने के बाद मौके पर अफरा तफरी मच गई। शोर सुनकर आसपास ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मियों ने भी दौड़ लगाई और आरोपियों को पकड़ने का प्रयास किया।

गोली चलने की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए रातभर अभियान चलाया गया। गहनता से मामले की जांच की जा रही है, जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर पूरे मामले का खुलासा किया जाएगा।
                                                                                                                    -अनुज सिंह, एसएसआई, कनखल थाना-
वारदात को अंजाम देकर आरोपी अपनी एक बुलेट मोटरसाइकिल भी मौके पर छोड़कर गए, जिसे पुलिस ने कब्जे में ले लिया है। जबकि पांच से छह हमलावर अन्य बाइकों पर सवार होकर फरार हो गए। घटना की सूचना मिलते ही सीओ सिटी शिशुपाल सिंह नेगी, कनखल थाना प्रभारी देवेंद्र सिंह रावत और एसएसआई अनुज सिंह पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने कांवड़ियों से घटना की जानकारी ली और आसपास के क्षेत्र में नाकाबंदी कराई। घायल अजय जिस दल के साथ यात्रा कर रहा था, वह गाय को राष्ट्रमाता घोषित करने की मांग को लेकर 221 लीटर गंगाजल की विशेष कांवड़ लेकर हरिद्वार से नोएडा जा रहा था। दल में करीब दस गौ सेवक शामिल थे।
कांवड़ियों को लगभग 240 किलोमीटर की पैदल यात्रा पूरी करनी थी। रात होने के चलते वो गुरूकुल कांगड़ी विश्विद्यालय के पास हाईवे के किनारे रात्रि विश्राम के लिए रुके थे। तभी अज्ञात हमलावरों ने दल में शामिल अजय नाम के युवक को गोली मार दी और फरार हो गए। फिलहाल हायर सेंटर में अजय का इलाज जारी है। घटना के बाद स्थानीय गौ सेवक भी मौके पर पहुंचे और पुलिस से आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करने की मांग की। पुलिस अधिकारियों ने आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी का आश्वासन दिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed

राज्योत्सव समारोह में मुख्यमंत्री ने केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह का किया स्वागत एवं अभिनंदन देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शुक्रवार को परेड ग्राउंड, देहरादून में आयोजित राज्योत्सव समारोह में केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह का समस्त प्रदेशवासियों की ओर से स्वागत एवं अभिनंदन किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखण्ड राज्य स्थापना की 26वीं वर्षगांठ से पूर्व केंद्रीय गृह मंत्री का देवभूमि आगमन प्रदेशवासियों के लिए खुशी और गौरव का विषय है। मुख्यमंत्री ने कहा कि आजादी के बाद सरदार वल्लभभाई पटेल ने देश की एकता और अखंडता की मजबूत नींव रखी थी। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह उसी संकल्प को आगे बढ़ाते हुए देश की आंतरिक सुरक्षा को सुदृढ़ करने के लिए निरंतर कार्य कर रहे हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व और केंद्रीय गृह मंत्री के मार्गदर्शन में देश ने अनेक ऐतिहासिक निर्णय लिए हैं। अनुच्छेद 370 के प्रावधानों को हटाने, नागरिकता संशोधन अधिनियम तथा तीन नए आपराधिक कानूनों के माध्यम से राष्ट्रीय एकता, सुरक्षा और न्याय व्यवस्था को मजबूती प्रदान की गई है। आतंकवाद, अलगाववाद और नक्सलवाद के विरुद्ध कठोर कार्रवाई से देश में शांति एवं विकास का मार्ग प्रशस्त हुआ है। वहीं, सहकार से समृद्धि अभियान के माध्यम से किसानों, पशुपालकों और छोटे उद्यमियों को आत्मनिर्भर बनने के नए अवसर मिल रहे हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखण्ड पुलिस को प्रतिष्ठित राष्ट्रपति पुलिस कलर प्रदान किया जाना पूरे प्रदेश के लिए गौरवपूर्ण उपलब्धि है। उन्होंने इस उपलब्धि के लिए उत्तराखण्ड पुलिस के समस्त अधिकारियों, जवानों और प्रदेशवासियों को बधाई देते हुए केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह का आभार व्यक्त किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि 9 नवंबर को उत्तराखण्ड राज्य की स्थापना के 26 वर्ष पूर्ण हो रहे हैं। भारत रत्न पूर्व प्रधानमंत्री स्वर्गीय अटल बिहारी वाजपेयी ने राज्य आंदोलनकारियों के संघर्ष, त्याग और बलिदान का सम्मान करते हुए पृथक उत्तराखण्ड राज्य के सपने को साकार किया था। आज राज्य सरकार प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी एवं केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के मार्गदर्शन और सहयोग से राज्य आंदोलनकारियों की आकांक्षाओं के अनुरूप उत्तराखण्ड को विकसित और समृद्ध बनाने के लिए निरंतर कार्य कर रही है।