हल्द्वानी में अमेजन के स्टोर में लगी भीषण आग, दो कर्मचारियों की झुलसने से मौत

हल्द्वानी। नैनीताल जनपद के हल्द्वानी के रामपुर रोड स्थित जीतपुर नेगी क्षेत्र में अमेजन के स्टोर में शुक्रवार देर रात भीषण आग लगने से दो कर्मचारियों की दर्दनाक मौत हो गई। हादसे के समय दोनों कर्मचारी स्टोर के अंदर सो रहे थे। आग में लाखों का सामान, एक स्कूटी और मालवाहक वाहन भी जलकर राख हो गए। पुलिस और फायर ब्रिगेड ने मौके पर पहुंचकर स्टोर का शटर तोड़ कर आग पर काबू पाया।
हल्द्वानी के रामपुर रोड स्थित जीतपुर नेगी क्षेत्र में शुक्रवार देर रात उस समय अफरा-तफरी मच गई जब एक अमेजन के स्टोर में अचानक भीषण आग लग गई। आग इतनी तेजी से फैली कि स्टोर के अंदर मौजूद दो कर्मचारियों को बाहर निकलने का मौका तक नहीं मिल सका। हादसे के वक्त स्टोर का शटर बाहर से बंद था और दोनों कर्मचारी अंदर सो रहे थे। पुलिस के मुताबिक प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, सबसे पहले पास में स्थित एक अन्य डिलीवरी स्टोर के कर्मचारियों ने आग की लपटें और धुआं उठता देखा। इसके बाद तत्काल फायर ब्रिगेड और पुलिस को सूचना दी गई।
सूचना मिलते ही एसपी सिटी मनोज कत्याल पुलिस बल और दमकल की टीम के साथ मौके पर पहुंचे। शटर बंद होने के कारण राहत और बचाव कार्य में काफी मुश्किलें आईं। दमकल कर्मियों ने कटर की मदद से शटर को काटकर अंदर प्रवेश किया और कई घंटों की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। हालांकि तब तक स्टोर के अंदर मौजूद दोनों कर्मचारियों की मौत हो चुकी थी। मृतकों की पहचान गौलापार निवासी नरेंद्र और पंचायतघर निवासी अमित के रूप में हुई है। पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सुशीला तिवारी अस्पताल भेज दिया है और परिजनों को सूचना दे दी गई है।
आग में स्टोर के भीतर रखा लाखों रुपये का सामान, डिलीवरी पार्सल, एक चार्जिंग पर लगी स्कूटी और एक मालवाहक टेंपो भी पूरी तरह चपेट में आ गया। प्रारंभिक जांच में आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट माना जा रहा है, हालांकि अधिकारियों का कहना है कि वास्तविक कारण जांच पूरी होने के बाद ही स्पष्ट हो पाएगा। फिलहाल फायर विभाग की टीमें मामले की विस्तृत जांच में जुटी हुई हैं। सीओ सिटी अमित कुमार सैनी ने बताया कि बीती देर रात आग की सूचना मिली थी। सूचना पर पुलिस टीम और फायर की टीम मौके पर पहुंची। स्टोर का शटर बंद होने से रेस्क्यू में काफी दिक्कतें आई। जिसके बाद शटर को काट कर आग में काबू पाया गया। स्टोर के अंदर सो रहे दो लोगों की मौत भी हुई है। बरहाल आग लगने के कारणों का पता किया जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed

राज्योत्सव समारोह में मुख्यमंत्री ने केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह का किया स्वागत एवं अभिनंदन देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शुक्रवार को परेड ग्राउंड, देहरादून में आयोजित राज्योत्सव समारोह में केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह का समस्त प्रदेशवासियों की ओर से स्वागत एवं अभिनंदन किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखण्ड राज्य स्थापना की 26वीं वर्षगांठ से पूर्व केंद्रीय गृह मंत्री का देवभूमि आगमन प्रदेशवासियों के लिए खुशी और गौरव का विषय है। मुख्यमंत्री ने कहा कि आजादी के बाद सरदार वल्लभभाई पटेल ने देश की एकता और अखंडता की मजबूत नींव रखी थी। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह उसी संकल्प को आगे बढ़ाते हुए देश की आंतरिक सुरक्षा को सुदृढ़ करने के लिए निरंतर कार्य कर रहे हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व और केंद्रीय गृह मंत्री के मार्गदर्शन में देश ने अनेक ऐतिहासिक निर्णय लिए हैं। अनुच्छेद 370 के प्रावधानों को हटाने, नागरिकता संशोधन अधिनियम तथा तीन नए आपराधिक कानूनों के माध्यम से राष्ट्रीय एकता, सुरक्षा और न्याय व्यवस्था को मजबूती प्रदान की गई है। आतंकवाद, अलगाववाद और नक्सलवाद के विरुद्ध कठोर कार्रवाई से देश में शांति एवं विकास का मार्ग प्रशस्त हुआ है। वहीं, सहकार से समृद्धि अभियान के माध्यम से किसानों, पशुपालकों और छोटे उद्यमियों को आत्मनिर्भर बनने के नए अवसर मिल रहे हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखण्ड पुलिस को प्रतिष्ठित राष्ट्रपति पुलिस कलर प्रदान किया जाना पूरे प्रदेश के लिए गौरवपूर्ण उपलब्धि है। उन्होंने इस उपलब्धि के लिए उत्तराखण्ड पुलिस के समस्त अधिकारियों, जवानों और प्रदेशवासियों को बधाई देते हुए केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह का आभार व्यक्त किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि 9 नवंबर को उत्तराखण्ड राज्य की स्थापना के 26 वर्ष पूर्ण हो रहे हैं। भारत रत्न पूर्व प्रधानमंत्री स्वर्गीय अटल बिहारी वाजपेयी ने राज्य आंदोलनकारियों के संघर्ष, त्याग और बलिदान का सम्मान करते हुए पृथक उत्तराखण्ड राज्य के सपने को साकार किया था। आज राज्य सरकार प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी एवं केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के मार्गदर्शन और सहयोग से राज्य आंदोलनकारियों की आकांक्षाओं के अनुरूप उत्तराखण्ड को विकसित और समृद्ध बनाने के लिए निरंतर कार्य कर रही है।