भाई ने भाई का ही कर डाला बेहरहमी से क़त्ल

उत्तराखण्ड

  • फरमान बेग से शाहिद ने 1 लाख में लिए थे हथियार
  • दून पुलिस फरमान बेग की तलाश में जुटी

देहरादून(राज छाबड़ा)। राजधानी देहरादून के विकासनगर स्थित भुड्डी गांव से एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है, जहाँ एक सगे भाई ने ही अपने भाई का बेरहमी से कत्ल कर डाला। मृतक सोहेल हारून विकासनगर के एक जाने-माने अधिवक्ता थे। लेकिन इस सनसनीखेज हत्याकांड के सामने आने के बाद अब पुलिस के निशाने पर है अवैध हथियारों का एक बड़ा सप्लायरकृ फरमान बेग!
जी हाँ, पुलिस की तफ्तीश में जो खुलासा हुआ है, उसने सबको चौंका कर रख दिया है। पुलिस सूत्रों के मुताबिक, आरोपी शाहिद ने भुड्डी गांव में इस वारदात को अंजाम देने के लिए हथियार सप्लायर फरमान बेग से सौदा किया था। फरमान बेग ने महज़ एक लाख रुपये में मौत का यह सामान शाहिद को बेचा था। अवैध हथियारों के काले कारोबार से जुड़ा फरमान बेग इस पूरी साजिश का मुख्य सूत्रधार नजर आ रहा है। जब आरोपी शाहिद ने फरमान से कहा था कि उसे एक हत्या करनी है, तो शातिर फरमान बेग ने हथियार थमाते हुए बेखौफ होकर कहा था कि ले जाओ, एक ही गोली में काम तमाम हो जाएगा।
हत्याकांड के बाद हरकत में आई पुलिस ने मुस्तैदी दिखाते हुए आरोपी शाहिद के घर पर छापेमारी की। पुलिस ने शाहिद के ठिकाने से दो अवैध पिस्टल, तीन जिंदा कारतूस और चार खोखे बरामद किए हैं। इन पुख्ता सबूतों के साथ पुलिस ने आरोपी शाहिद को कोर्ट में पेश किया, जहाँ से उसे सलाखों के पीछे जेल भेज दिया गया है।
लेकिन कहानी यहीं खत्म नहीं होती। भुड्डी गांव में हुए इस कत्ल के बाद पुलिस के सामने अब सबसे बड़ी चुनौती उस चेहरे को बेनकाब करना है, जिसने इस कत्ल के लिए बारूद मुहैया कराया। पुलिस की कई टीमें अब मुख्य हथियार सप्लायर फरमान बेग की सरगर्मी से तलाश कर रही हैं। पुलिस इस बात की गहराई से जांच कर रही है कि फरमान बेग को ये अवैध हथियार कहाँ से मिलते हैं और क्या वो किसी बड़े अंतरराज्यीय अवैध हथियार तस्करी नेटवर्क का हिस्सा है।
एक भाई ने ही अपने सगे भाई का खून कर डाला, लेकिन इस खूनी खेल के पीछे छिपे मुख्य सप्लायर फरमान बेग का कानून के शिकंजे में आना अभी बाकी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *