राष्ट्रीय पुरस्कार से सम्मानित गढ़वाली फिल्म ‘ढोली’ ने बढ़ाया उत्तराखंड का गौरव
दून पुस्तकालय में फिल्म प्रमोशन व चौथे गीत ‘जागर’ का हुआ लोकार्पण
ढोल वादकों का किया गया सम्मान
देहरादून। उत्तराखंड की लोक संस्कृति, परंपराओं और पहाड़ के पारंपरिक जीवन को सिनेमा के माध्यम से अभिव्यक्त करने वाली राष्ट्रीय पुरस्कार विजेता गढ़वाली फिल्म ‘ढोली’ के प्रचार-प्रसार को लेकर आज दून पुस्तकालय एवं शोध केन्द्र, देहरादून में एक विशेष कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस अवसर पर फिल्म के चौथे गीत ‘जागर’ का लोकार्पण भी किया गया। कार्यक्रम में फिल्म की उपलब्धि, उत्तराखंड के क्षेत्रीय सिनेमा की संभावनाओं, लोक कलाकारों की भूमिका तथा पारंपरिक लोक संस्कृति के संरक्षण और संवर्धन पर विचार-विमर्श हुआ।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि प्रो. (डॉ.) संजय जसोला ने कहा कि गढ़वाली फिल्म ‘ढोली’ को राष्ट्रीय स्तर पर सम्मान मिलना पूरे उत्तराखंड के लिए गौरव की बात है। यह उपलब्धि बताती है कि हमारी लोक संस्कृति और रचनात्मक परंपराओं में राष्ट्रीय स्तर पर पहचान बनाने की पर्याप्त क्षमता है। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड की सांस्कृतिक विशिष्टताओं को बेहतर ढंग से प्रस्तुत करने की जरूरत है। फिल्म के प्रचार-प्रसार के लिए सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर्स से संपर्क स्थापित करना चाहिए, ताकि नई पीढ़ी तक फिल्म और उसकी विषयवस्तु को प्रभावी ढंग से पहुंचाया जा सके। कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए पर्यावरणविद् एवं मैती आंदोलन के प्रणेता कल्याण सिंह रावत ‘मैती’ ने कहा कि फिल्म ‘ढोली’ को मिला राष्ट्रीय सम्मान केवल फिल्म से जुड़े लोगों की उपलब्धि नहीं है, बल्कि यह उत्तराखंड के ढोल वादकों, लोक कलाकारों और समूचे सांस्कृतिक समाज का सम्मान है। हमारे पारंपरिक वाद्य, लोक संगीत और लोक जीवन की अपनी विशिष्ट पहचान है। इस तरह की उपलब्धियां प्रदेश में क्षेत्रीय भाषा की और अधिक फिल्मों के निर्माण के लिए प्रेरणा बनेंगी। उन्होंने उम्मीद जताई कि इससे उत्तराखंड के युवा फिल्म निर्माण की ओर आकर्षित होंगे और अपनी सांस्कृतिक विरासत को रचनात्मक माध्यमों से सामने लाएंगे।
विशिष्ट अतिथि एडवोकेट ललित जोशी ने फिल्म के ट्रेलर, संगीत और दृश्यांकन की सराहना करते हुए कहा कि फिल्म की प्रस्तुति प्रभावशाली है। उन्होंने सुझाव दिया कि क्षेत्रीय फिल्मों के प्रचार-प्रसार के लिए सुनियोजित इवेंट मैनेजमेंट की व्यवस्था की जानी चाहिए तथा विभिन्न संस्थाओं और व्यावसायिक प्रतिष्ठानों के सहयोग से फिल्म के विशेष शो प्रायोजित कराए जाने चाहिए। इस अवसर पर उन्होंने ढोल वादकों के बच्चों को निःशुल्क शिक्षा उपलब्ध कराने की घोषणा भी की। उनका यह प्रस्ताव लोक कलाकारों के परिवारों को शिक्षा के अवसर उपलब्ध कराने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल है। वरिष्ठ रंगकर्मी अभि नंदा ने अपनी संस्था ‘जागृति संस्था’ के माध्यम से फिल्म के प्रचार-प्रसार में सहयोग देने की बात कही। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड की लोक संस्कृति और रंगमंच की परंपराओं को आगे बढ़ाने में सिनेमा की महत्वपूर्ण भूमिका हो सकती है। रंगमंच और फिल्म जगत के बीच परस्पर सहयोग से क्षेत्रीय भाषा और संस्कृति को व्यापक मंच प्रदान किया जा सकता है।
फिल्म के निर्देशक दिनेश पी. भोसले ने फिल्म निर्माण की प्रक्रिया, इसकी विषयवस्तु और उद्देश्य के बारे में विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने बताया कि फिल्म के निर्माण में उत्तराखंड की लोक परंपराओं, सांस्कृतिक परिवेश और पारंपरिक कलाकारों के योगदान को विशेष महत्व दिया गया है। फिल्म के माध्यम से पहाड़ के लोक जीवन और उसकी सांस्कृतिक पहचान को दर्शकों तक पहुंचाने का प्रयास किया गया है। उन्होंने फिल्म को मिले राष्ट्रीय सम्मान को पूरी टीम और उत्तराखंड के लोक कलाकारों की सामूहिक उपलब्धि बताया।
इस अवसर पर फिल्म निर्देशक आशु चौहान, बीना बिश्नोई, संतोष डिमरी, प्रतीक पंवार, नवीन कंडवाल और मोहित घिल्डियाल ने भी अपने विचार रखे। वक्ताओं ने कहा कि उत्तराखंड में क्षेत्रीय सिनेमा के विकास की व्यापक संभावनाएं हैं। इसके लिए स्थानीय कलाकारों, लेखकों, निर्देशकों, तकनीकी विशेषज्ञों और सांस्कृतिक संस्थाओं को एक साथ मिलकर प्रयास करने होंगे। उन्होंने कहा कि लोक संस्कृति पर आधारित फिल्मों को दर्शकों तक पहुंचाने के लिए प्रचार-प्रसार के पारंपरिक माध्यमों के साथ डिजिटल मंचों का भी प्रभावी उपयोग किया जाना चाहिए। कार्यक्रम में रंगकर्मियों, फिल्म कलाकारों, फिल्म प्रेमियों, पत्रकारों, मीडिया प्रतिनिधियों, पॉडकास्टर्स, साहित्यकारों, लेखकों और पाठकों सहित शहर के अनेक प्रबुद्ध नागरिकों ने सहभागिता की। दून रंगमंच से जुड़े कलाकारों, गढ़वाली फिल्म जगत के प्रतिनिधियों तथा गढ़वाल सभा और लोक विरासत से जुड़े लोगों की उपस्थिति ने आयोजन को व्यापक सांस्कृतिक संवाद का स्वरूप दिया। इस अवसर पर फिल्म निर्माण से जुड़े कलाकारों, निर्देशकों, तकनीकी सहयोगियों और रंगमंच के उन सभी साथियों के प्रयासों की सराहना की गई, जो उत्तराखंड की भाषा, लोक संस्कृति और कलात्मक परंपराओं को अपनी रचनात्मक गतिविधियों के माध्यम से आगे बढ़ा रहे हैं।
कार्यक्रम में उत्तराखंड की कला, संस्कृति, रंगमंच और लोक परंपराओं के क्षेत्र में योगदान के लिए मदन मोहन डुकलान, अमित कपूर, कुलानंद घनशाला, रमाकांत बेंजवाल, मोहन प्रसाद डिमरी, अजय जोशी, चंद्रशेखर तिवारी, नीरा नंदा, दिनेश बौड़ाई, सुनील बडोनी, डॉ. डी.के. पाण्डे, परिणिता बडोनी, सुंदर बिष्ट, ज्ञान प्रकाश, बद्रीश छाबड़ा और शैलेन्द्र सेमवाल को सम्मानित किया गया। इसके साथ ही रुद्रप्रयाग के पारंपरिक ढोल वादकों धनीराम और कुलदीप का भी विशेष सम्मान किया गया। इस सम्मान के माध्यम से लोक वाद्य परंपरा को पीढ़ियों से जीवित रखने वाले कलाकारों के योगदान के प्रति आदर व्यक्त किया गया।
उपस्थित रंगकर्मियों और कलाकारों ने फिल्म ‘ढोली’ की राष्ट्रीय उपलब्धि को उत्तराखंड के क्षेत्रीय सिनेमा के लिए एक सकारात्मक संकेत बताते हुए फिल्म की टीम को बधाई दी। वक्ताओं ने कहा कि लोक कलाकारों, पारंपरिक वाद्य यंत्रों और स्थानीय भाषाओं को केंद्र में रखकर किए जाने वाले रचनात्मक प्रयास ही उत्तराखंड की सांस्कृतिक पहचान को नई पीढ़ी तक पहुंचा सकते हैं।
कार्यक्रम का संचालन गायत्री टम्टा ने किया। अंत में फिल्म की टीम की ओर से सभी अतिथियों, रंगकर्मियों, कलाकारों, साहित्यकारों, पत्रकारों और संस्कृति प्रेमियों के प्रति आभार व्यक्त किया गया। फिल्म के प्रचार-प्रसार में सहयोग देने तथा उत्तराखंड के क्षेत्रीय सिनेमा को प्रोत्साहित करने के लिए सभी सहभागियों का अभिनंदन किया गया।
