भूमि अनुभाग की कार्यप्रणाली में लापरवाही बर्दाश्त नहीं होगी: महापौर सौरभ थपलियाल
भूमि संबंधी प्रकरणों के त्वरित निस्तारण, पारदर्शिता एवं जवाबदेही सुनिश्चित करने के अधिकारियों को दिए सख्त निर्देश
देहरादून । नगर निगम देहरादून के महापौर सौरभ थपलियाल ने आज नगर निगम कार्यालय में भूमि अनुभाग की समीक्षा बैठक लेते हुए संबंधित अधिकारियों को स्पष्ट एवं सख्त निर्देश दिए कि भूमि अनुभाग से जुड़े सभी कार्यों में पूर्ण पारदर्शिता, समयबद्धता एवं जवाबदेही सुनिश्चित की जाए। बैठक के दौरान महापौर ने भूमि अनुभाग में लंबित प्रकरणों की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को निर्देशित किया कि किसी भी प्रकरण को अनावश्यक रूप से लंबित न रखा जाए तथा आम नागरिकों को अपने कार्यों के लिए कार्यालय के अनावश्यक चक्कर न काटने पड़ें। उन्होंने कहा कि प्रत्येक प्रकरण का निर्धारित समयसीमा के भीतर नियमानुसार निस्तारण सुनिश्चित किया जाए।
बैठक के दौरान महापौर सौरभ थपलियाल ने नगर निगम की भूमि को अतिक्रमण एवं अवैध कब्जों से सुरक्षित रखने के लिए पूर्व में दिए गए निर्देशों की प्रगति की जानकारी लेते हुए अधिकारियों से पूछा कि अब तक कितनी भूमि पर तारबाड़ (फेंसिंग) का कार्य पूर्ण किया जा चुका है। इस पर अवगत कराया गया कि उक्त कार्यों की प्रगति एवं अभिलेखों के रखरखाव की जिम्मेदारी भूमि अनुभाग एवं निर्माण अनुभाग की निर्धारित की गई है
इस पर महापौर ने बैठक के दौरान ही तत्काल निर्माण अनुभाग के अधिशासी अभियंता रजित कोटियाल को मौके पर तलब कर कार्यों की प्रगति एवं जवाबदेही को लेकर कड़े निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि नगर निगम की एक-एक इंच भूमि की सुरक्षा सुनिश्चित करना अधिकारियों की जिम्मेदारी है। नगर निगम की किसी भी भूमि पर अवैध कब्जा अथवा अतिक्रमण किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। यदि कहीं भी नगर निगम की भूमि पर कब्जा पाया जाता है, तो संबंधित अधिकारी तत्काल नियमानुसार कठोर कार्रवाई करते हुए भूमि को कब्जामुक्त कराना सुनिश्चित करें साथ ही महापौर ने अधिकारियों को दो टूक निर्देश दिए कि नगर निगम की भूमि की सुरक्षा एवं तारबाड़ के कार्यों में किसी भी प्रकार की ढिलाई स्वीकार नहीं की जाएगी। साथ ही उन्होंने स्पष्ट किया कि इन सभी कार्यों की प्रगति की साप्ताहिक समीक्षा एवं मॉनिटरिंग वे स्वयं करेंगे, ताकि नगर निगम की संपत्तियों को अतिक्रमण से मुक्त रखते हुए सुरक्षित किया जा सके
उन्होंने यह भी निर्देश दिए कि भूमि संबंधी अभिलेखों का उचित रखरखाव किया जाए, लंबित मामलों की नियमित मॉनिटरिंग हो तथा प्रत्येक प्रकरण की प्रगति की जानकारी उच्चाधिकारियों को उपलब्ध कराई जाए।
महापौर सौरभ थपलियाल ने स्पष्ट किया कि नगर निगम की संपत्तियों एवं भूमि से जुड़े मामलों में नियमों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित किया जाएगा। नगर निगम की संपत्तियों के संरक्षण पे प्राथमिकता से कार्य किया जाये एवं जनहित से जुड़े कार्यों में किसी भी प्रकार की लापरवाही पर संबंधित अधिकारियों की जवाबदेही तय की जाएगी। महापौर ने कहा कि नगर निगम की प्राथमिकता सुशासन, पारदर्शी व्यवस्था और आम जनता को समयबद्ध सेवाएं उपलब्ध कराना है इसके लिए सभी विभागों को अपनी कार्यशैली में सुधार लाते हुए पूरी जिम्मेदारी और प्रतिबद्धता के साथ कार्य करना होगा। बैठक के दौरान उप नगर आयुक्त तनवीर मारवा सहायक नगर आयुक्त विनय प्रताप टीएस पूनम नायब तहसीलदार निगम उनियाल एवं सभी वार्डो के भूमि निरीक्षक मौजूद रहे।
