स्वच्छता रथ की रवानगी के साथ नैनीताल जनपद में प्रारम्भ हुआ स्वच्छता सर्वेक्षण ग्रामीण

नैनीताल- जिला पंचायत अध्यक्षा सुमित्रा प्रसाद, मण्डलायुक्त राजीव रौतेला व विधायक राम सिंह केड़ा द्वारा संयुक्त रूप से स्वच्छता संचेतना रथ को हरी झण्डी दिखाकर ग्रामीण क्षेत्रों में स्वच्छता के प्रति वृहद जन-जागरूकता लाने हेतु रवाना किया तथा जनपद स्तर पर स्वच्छता सर्वेक्षण ग्रामीण का शुभारम्भ किया।

इस अवसर पर जिला पंचायत अध्यक्षा सुमित्रा प्रसाद ने कहा कि देवभूमि प्राकृतिक सौन्दर्य से भरपूर बहुत ही सुन्दर प्रदेश है। देवभूमि की स्वच्छता बनाऐ रखने के लिए गाॅव एवं शहरों को स्वच्छ रखना होगा तथा प्रत्येक नागरिक को स्वच्छता की शुरूआत स्वयं एवं अपने घर से करनी होगी। उन्होंने जनता से खुले स्थानों पर कूड़ा न डालने तथा निर्धारित स्थान पर ही कूड़ा डालने एवं रखने तथा पौलीथीन का उपयोग न करने का आह्वान किया।

आयुक्त राजीव रौतेला ने कहा कि शहरों, ग्रामीण क्षेत्रों एवं आस-पास के वातावरण को स्वच्छ रखने के लिए व्यक्तिगत व सार्वजनिक रूप अभियान पर विशेष ध्यान देना होगा। उन्होंने कहा कि देश के 62 केन्टोंमेन्ट बोर्डों की स्वच्छता रेकिंग में केण्टोंमेन्ट बोर्ड नैनीताल प्रथम स्थान प्राप्त किया है। उन्होंने कहा कि केन्टोंमेन्ट बोर्ड की तर्ज पर शहरों एवं कस्बों को स्वच्छ बनाने के लिए विभिन्न प्रयास किये जा रहे हैं तथा नैनीताल में सूखें कूड़े के निस्तारण के लिए एनजीओ से अनुबन्ध किया गया है। उन्होंने कहा कि नैनीताल शहर सहित जनपद को स्वच्छ व सुन्दर बनाऐ रखने के लिए सभी क्षेत्रवासियों को सामूहिक प्रयास करते हुए स्वच्छता कार्य में लगी संस्थाओं के साथ पूर्ण सहयोग देना होगा। उन्होंने कहा कि सामूहिक प्रयास होने पर शीघ्रता से लक्ष्य को प्राप्त किया जा सकता है। उन्होंने ग्रामीण क्षेत्रों में सर्वेक्षण के लिए आने वाली टीम को सही जानकारी उपलब्ध कराने का आह्वान किया ताकि स्वच्छता की वास्तविक स्थिति प्रकट हो सके। उन्होंने बताया कि संचेतना रथ द्वारा जनपद के ग्रमीण क्षेत्रों में जाकर स्वच्छता के प्रति जागरूकता संदेश दिया जायेगा।

मुख्य विकास अधिकारी विनीत कुमार ने बताया कि पेयजल एवं स्वच्छता मंत्रालय भारत सरकार द्वारा स्वच्छ भारत मिशन के अन्तर्गत ग्रामीण क्षेत्रों में स्वच्छता आंकलन करने के लिए 1 अगस्त से 31 अगस्त तक स्वच्छ सर्वेक्षण ग्रामीण 2018 सम्पादित किया जा रहा है। निर्धारित मापदण्डों के आधार पर उच्च श्रेणी प्राप्त करने वाले राज्य एवं जनपद को गांधी जयंती के अवसर पर पुरस्कृत किया जायेगा।

सीडीओ ने स्वच्छता सर्वेक्षण ग्रामीण के घटकों के विषय में जानकारी देते हुए बताया कि सेवा स्तर के लिए 35 प्रतिशत तथा समुदाय प्रतिक्रिया के लिए 35 व प्रत्यक्ष अवलोकन हेतु 30 प्रतिशत नम्बर निर्धारित किये गये हैं। उन्होंने बताया कि सर्वेक्षण के अन्तर्गत नोडल अधिकारी नियुक्त किये गये हैं। उन्होंने नोडल अधिकारियों के विषय में जानकारी देते हुए बताया कि सरकारी विद्यालयों के लिए मुख्य शिक्षा अधिकारी, आंगनबाड़ी केन्द्रों के लिए जिला कार्यक्रम अधिकारी, प्राथमिक सेवाओं के लिए मुख्य चिकित्साधिकारी, पंचायत घरों के लिए जिला पंचायतराज अधिकारी, सामुदायिक भवन हेतु जिला विकास अधिकारी, हाट-बाजार हेतु अपर मुख्य अधिकारी, धार्मिक स्थलों हेतु पर्यटन अधिकारी, जिओं टेगिंग, फ्लेक्सी हाॅर्डिंग, दीवार लेखन के स्थल चयन हेतु परियोजना प्रबन्धक स्वजल को नोडल अधिकारी नामित किया गया है।

इस अवसर पर माॅ सरस्वती लोक सांस्कृतिक कला समिति द्वारा स्वच्छता विषयक सांस्कृतिक प्रस्तुतियाॅ दी।

कार्यक्रम में परियोजना निदेशक डीआरडीए बाल कृष्ण, जिला विकास अधिकारी रमा गोस्वामी, जिला अर्थ एवं सांख्याधिकारी एलएम जोशी, जिला समाज कल्याण अधिकारी आरएस सामन्त, डीपीआरओ अतुल प्रताप सिंह, बीडीओ संतोष कुमार पन्त सहित अन्य अधिकारी उपस्थित थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed