18000 से ज्यादा लोग देश-विदेश से लौटे पहाड़
कोरोना वायरस संक्रमण के इस दौर में प्रवासी पहाड़ सबसे सुरक्षित मान रहे हैं। भारत सहित दुनिया के तमाम देशों में कोरोना वायरस का संक्रमण बढ़ने पर मार्च के दूसरे पखवाड़े में ही अब तक 18 हजार से अधिक प्रवासी पहाड़ पहुंच चुके हैं। टिहरी जिले के विदेशों में कार्यरत 256 लोग अपने घर लौट आए हैं। इतनी बड़ी संख्या में प्रवासियों के पहाड़ का रुख करने से ग्रामीणों में भय का माहौल बना है। कई हिस्सों में ग्रामीणों ने खुलकर उनकी वापसी का विरोध किया, जबकि कई स्थानों पर ग्रामीणों ने ऐसे लोगों से दूरी बनाते हुए प्रशासन से उनके मेडिकल परीक्षण की मांग उठाई है। टिहरी जिले में 14 मार्च से अब तक चीन, जापान सहित अन्य देशों में कार्यरत जिले के 256 लोग अपने घर पहुंच चुके हैं, जबकि देश के विभिन्न राज्यों में कार्य करने वाले जिले के 6268 लोग भी अपने गांव पहुंचे हैं।
