कनॉट प्लेस में कर्मचारी पर चाकू से हमला कर 75 लाख रुपये लूटे

कनॉट प्लेस में एक कंपनी के कर्मचारी को चाकू मारकर स्कूटी सवार बदमाश सरेराह 75 लाख रुपये लूटकर ले गए। कर्मचारी को कई चाकू लगे हैं। उसे राममनोहर लोहिया अस्पताल में भर्ती कराया गया है। जहां उसकी हालत स्थिर बनी हुई है। 75 लाख रुपये लूटने की वारदात सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई है। लूट की इस वारदात से नई दिल्ली जिला पुलिस अधिकारियों में हड़कंप मचा हुआ है। नई दिल्ली जिला डीसीपी दीपक यादव का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है।

नई दिल्ली जिला पुलिस अधिकारियों के अनुसार दिल बहादुर विजय बिल्डिंग में स्थित एमएमजी ग्रूप में काम करता है। दिल बहादुर सोमवार शाम करीब पौने सात बजे 75 लाख रुपये कंपनी के कनॉट प्लेस में स्थित दूसरे कार्यालय में लेकर पैदल ही जा रहा था। जब वह बारांखभा रेडलाइट के पास पहुंचा तो स्कूटी पर दो बदमाश आए थे। बदमाशों ने दिल बहादुर पर चाकू से हमला कर दिया। एक चाकू दिल बहादुर के पेट में लगा। चाकू लगने के बाद दिल बहादुर नीचे गिर पड़ा। बदमाश नोटों से भरा बैग लेकर फरार हो गए। पुलिस ने दिल बहादुर को राममनोहर लोहिया अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

नई दिल्ली जिला डीसीपी दीपक यादव ने बताया कि पीड़ित कंपनी के लोगों ने अभी तक पुलिस को ये लिखित में नहीं बताया है कि बदमाश कितने रुपये लूटकर ले गए हैं। नई दिल्ली जिला पुलिस अधिकारियों के अनुसार कंपनी के लोग 75 लाख रुपये बता रहे है। बाराखंभा थाना पुलिस ने लूट का मामला दर्जकर जांच शुरू कर दी है। बाराखंभा थाना पुलिस व जिले के स्पेशल सेल स्टाफ की टीमें बदमाशों की तलाश कर रही है। 24 घंटे बाद भी स्कूटी सवार बदमाशों का सुराग हाथ नहीं लगा है। डीसीपी ने दावा किया है कि आरोपी बदमाश को जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed