उत्तराखंड डी०डी०यू०-जी०के०वाई० योजना में देशभर में अव्वल — ग्राम्य विकास मंत्री गणेश जोशी

देहरादून। ग्राम्य विकास मंत्री गणेश जोशी ने आज उत्तराखंड राज्य स्थापना दिवस की रजत जयंती के अवसर पर सर्वे ऑफ इंडिया ऑडिटोरियम, हाथीबड़कला में ग्राम्य विकास विभाग द्वारा आयोजित दीन दयाल उपाध्याय ग्रामीण कौशल्य योजना (DDU-GKY) के अंतर्गत Alumni Meet-2025 में बतौर मुख्य अतिथि प्रतिभाग किया।
कार्यक्रम का शुभारंभ मंत्री गणेश जोशी ने दीप प्रज्वलित कर किया। इस दौरान उन्होंने प्रशिक्षण पूर्ण कर चुके अभ्यर्थियों को प्रमाण पत्र एवं मेडल प्रदान कर सम्मानित भी किया। कार्यक्रम में योजना के अंतर्गत पूर्व में प्रशिक्षित एवं वर्तमान में रोजगाररत 150 से अधिक एल्यूमनी ने प्रतिभाग किया।
मंत्री गणेश जोशी ने कहा कि योजना के तहत राज्य को वर्ष 2019 से 2024 तक 26,800 युवाओं को प्रशिक्षित कर रोजगार उपलब्ध कराने का लक्ष्य दिया गया था। अब तक 26,000 से अधिक अभ्यर्थियों का प्रशिक्षण पूर्ण किया जा चुका है, जबकि 21,000 से अधिक युवाओं को रोजगार से जोड़ा गया है। उन्होंने कहा कि योजना के अंतर्गत 19 सेक्टरों के 90 ट्रेड स्वीकृत हैं और वर्तमान में 1,119 अभ्यर्थी प्रशिक्षणरत हैं।
उन्होंने गर्व व्यक्त करते हुए कहा कि दीन दयाल उपाध्याय ग्रामीण कौशल्य योजना के क्रियान्वयन में उत्तराखंड विगत पाँच वर्षों से देश के 30 राज्यों में प्रथम स्थान पर रहा है। इस उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए उन्होंने विभागीय अधिकारियों और टीम को शाबाशी दी।
मंत्री जोशी ने कहा कि एल्यूमनी मीट योजना का एक अभिन्न घटक है, जो न केवल प्रशिक्षित युवाओं को अपने अनुभव साझा करने का अवसर देता है बल्कि प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे युवाओं के लिए प्रेरणा का स्रोत भी बनता है। उन्होंने कहा कि इस अवसर पर कई एल्यूमनी ने अपने अनुभव साझा किए, जिससे नए प्रशिक्षु युवाओं को दिशा, आत्मविश्वास और मार्गदर्शन प्राप्त हुआ है।
उन्होंने कहा कि डी०डी०यू०-जी०के०वाई० योजना के तहत उत्तराखंड की कार्यप्रणाली और प्रदर्शन को राष्ट्रीय स्तर पर सराहा जाता रहा है। कार्यक्रम के अंत में मंत्री जोशी ने पंडित दीन दयाल उपाध्याय के आदर्शों को आत्मसात करने का आव्हान किया और सभी प्रशिक्षित अभ्यर्थियों को उनके उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएं दीं।
इस अवसर पर आयुक्त ग्राम्य विकास अनुराधा पाल, एके राजपूत सहित अन्य अधिकारीगण उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed

राज्योत्सव समारोह में मुख्यमंत्री ने केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह का किया स्वागत एवं अभिनंदन देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शुक्रवार को परेड ग्राउंड, देहरादून में आयोजित राज्योत्सव समारोह में केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह का समस्त प्रदेशवासियों की ओर से स्वागत एवं अभिनंदन किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखण्ड राज्य स्थापना की 26वीं वर्षगांठ से पूर्व केंद्रीय गृह मंत्री का देवभूमि आगमन प्रदेशवासियों के लिए खुशी और गौरव का विषय है। मुख्यमंत्री ने कहा कि आजादी के बाद सरदार वल्लभभाई पटेल ने देश की एकता और अखंडता की मजबूत नींव रखी थी। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह उसी संकल्प को आगे बढ़ाते हुए देश की आंतरिक सुरक्षा को सुदृढ़ करने के लिए निरंतर कार्य कर रहे हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व और केंद्रीय गृह मंत्री के मार्गदर्शन में देश ने अनेक ऐतिहासिक निर्णय लिए हैं। अनुच्छेद 370 के प्रावधानों को हटाने, नागरिकता संशोधन अधिनियम तथा तीन नए आपराधिक कानूनों के माध्यम से राष्ट्रीय एकता, सुरक्षा और न्याय व्यवस्था को मजबूती प्रदान की गई है। आतंकवाद, अलगाववाद और नक्सलवाद के विरुद्ध कठोर कार्रवाई से देश में शांति एवं विकास का मार्ग प्रशस्त हुआ है। वहीं, सहकार से समृद्धि अभियान के माध्यम से किसानों, पशुपालकों और छोटे उद्यमियों को आत्मनिर्भर बनने के नए अवसर मिल रहे हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखण्ड पुलिस को प्रतिष्ठित राष्ट्रपति पुलिस कलर प्रदान किया जाना पूरे प्रदेश के लिए गौरवपूर्ण उपलब्धि है। उन्होंने इस उपलब्धि के लिए उत्तराखण्ड पुलिस के समस्त अधिकारियों, जवानों और प्रदेशवासियों को बधाई देते हुए केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह का आभार व्यक्त किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि 9 नवंबर को उत्तराखण्ड राज्य की स्थापना के 26 वर्ष पूर्ण हो रहे हैं। भारत रत्न पूर्व प्रधानमंत्री स्वर्गीय अटल बिहारी वाजपेयी ने राज्य आंदोलनकारियों के संघर्ष, त्याग और बलिदान का सम्मान करते हुए पृथक उत्तराखण्ड राज्य के सपने को साकार किया था। आज राज्य सरकार प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी एवं केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के मार्गदर्शन और सहयोग से राज्य आंदोलनकारियों की आकांक्षाओं के अनुरूप उत्तराखण्ड को विकसित और समृद्ध बनाने के लिए निरंतर कार्य कर रही है।