पीएम मोदी ने वर्चुअल माध्यम से उत्तराखंड को दी तीन आवासीय छात्रावासों की सौगात

धरती आबा जनजातीय ग्राम उत्कृष्ट अभियान के तहत 1055 लाख की लागत से बनेंगे छात्रावास
चमोली, देहरादून और ऊधमसिंहनगर के जनजातीय क्षेत्र के छात्रों को मिलेगा लाभ

देहरादून । ‘जनजातीय गौरव दिवस’ एवं धरती आबा भगवान बिरसा मुंडा की 150वीं जयंती के अवसर पर गुजरात के नर्मदा जिले में आयोजित राष्ट्रीय समारोह के दौरान प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने आज वर्चुअल माध्यम से उत्तराखंड में तीन आवासीय छात्रावासों के निर्माण कार्य का शिलान्यास किया। ये छात्रावास धरती आबा जनजातीय ग्राम उत्कृष्ट अभियान के तहत कुल रु.1055 लाख की लागत से बनाए जाएंगे।
इस अवसर पर राजकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय बनियावाला में आयोजित राज्य स्तरीय कार्यक्रम में बतौर मुख्यातिथि विद्यालयी शिक्षा मंत्री डॉ. धन सिंह रावत ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि केन्द्र सरकार द्वारा जनजातीय समाज के उत्थान हेतु निरंतर अभूतपूर्व कार्य किए जा रहे हैं। छात्रावासों के निर्माण से दूरस्थ जनजातीय क्षेत्रों के आर्थिक रूप से कमजोर छात्र छात्राएं गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के साथ आवासीय सुविधा प्राप्त कर सकेंगे। डॉ रावत ने बताया कि योजना के तहत चमोली जनपद के माणा–घिंघराणा व देहरादून जिले के क्वांसी मे रु. 360-360 लाख की लागत से आवासीय छात्रावासों का निर्माण होगा, जबकि ऊधमसिंहनगर जनपद के झांकत में रु. 335 लाख की लागत से छात्रावास का निर्माण किया जाएगा। डॉ. रावत ने इस अवसर पर समग्र शिक्षा वर्ष 2023–24 के अंतर्गत नेताजी सुभाष चंद्र बोस आवासीय छात्रावास, बनियावाला के उच्चीकरण हेतु रु. 320 लाख की लागत से निर्मित नवीन भवन का लोकार्पण भी किया। साथ ही उन्होंने समग्र शिक्षा वर्ष 2025–26 के अंतर्गत राजकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय बनियावाला के उच्चीकरण हेतु स्वीकृत रु. 170 लाख की लागत से बनने वाले नवीन भवन का शिलान्यास भी किया। शिक्षा मंत्री ने कहा कि राज्य सरकार प्रदेश की शिक्षा व्यवस्था को मजबूत बनाने के लिए प्रतिबद्ध है। सरकार विद्यालयों में भौतिक संसाधनों के सुदृढ़ीकरण के साथ-साथ शिक्षकों की नियुक्ति और सुविधाओं का विस्तार लगातार कर रही है। कार्यक्रम में एससीईआरटी निदेशक वंदना गर्ब्याल, निदेशक माध्यमिक शिक्षा डॉ. मुकुल कुमार सती, निदेशक प्राथमिक शिक्षा अजय कुमार नौटियाल सहित अन्य विभागीय अधिकारी व बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed

राज्योत्सव समारोह में मुख्यमंत्री ने केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह का किया स्वागत एवं अभिनंदन देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शुक्रवार को परेड ग्राउंड, देहरादून में आयोजित राज्योत्सव समारोह में केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह का समस्त प्रदेशवासियों की ओर से स्वागत एवं अभिनंदन किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखण्ड राज्य स्थापना की 26वीं वर्षगांठ से पूर्व केंद्रीय गृह मंत्री का देवभूमि आगमन प्रदेशवासियों के लिए खुशी और गौरव का विषय है। मुख्यमंत्री ने कहा कि आजादी के बाद सरदार वल्लभभाई पटेल ने देश की एकता और अखंडता की मजबूत नींव रखी थी। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह उसी संकल्प को आगे बढ़ाते हुए देश की आंतरिक सुरक्षा को सुदृढ़ करने के लिए निरंतर कार्य कर रहे हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व और केंद्रीय गृह मंत्री के मार्गदर्शन में देश ने अनेक ऐतिहासिक निर्णय लिए हैं। अनुच्छेद 370 के प्रावधानों को हटाने, नागरिकता संशोधन अधिनियम तथा तीन नए आपराधिक कानूनों के माध्यम से राष्ट्रीय एकता, सुरक्षा और न्याय व्यवस्था को मजबूती प्रदान की गई है। आतंकवाद, अलगाववाद और नक्सलवाद के विरुद्ध कठोर कार्रवाई से देश में शांति एवं विकास का मार्ग प्रशस्त हुआ है। वहीं, सहकार से समृद्धि अभियान के माध्यम से किसानों, पशुपालकों और छोटे उद्यमियों को आत्मनिर्भर बनने के नए अवसर मिल रहे हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखण्ड पुलिस को प्रतिष्ठित राष्ट्रपति पुलिस कलर प्रदान किया जाना पूरे प्रदेश के लिए गौरवपूर्ण उपलब्धि है। उन्होंने इस उपलब्धि के लिए उत्तराखण्ड पुलिस के समस्त अधिकारियों, जवानों और प्रदेशवासियों को बधाई देते हुए केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह का आभार व्यक्त किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि 9 नवंबर को उत्तराखण्ड राज्य की स्थापना के 26 वर्ष पूर्ण हो रहे हैं। भारत रत्न पूर्व प्रधानमंत्री स्वर्गीय अटल बिहारी वाजपेयी ने राज्य आंदोलनकारियों के संघर्ष, त्याग और बलिदान का सम्मान करते हुए पृथक उत्तराखण्ड राज्य के सपने को साकार किया था। आज राज्य सरकार प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी एवं केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के मार्गदर्शन और सहयोग से राज्य आंदोलनकारियों की आकांक्षाओं के अनुरूप उत्तराखण्ड को विकसित और समृद्ध बनाने के लिए निरंतर कार्य कर रही है।