दिव्यांगता नहीं रोक सकती उड़ान: दक्षता पुरस्कार समारोह में सुबोध उनियाल का संबोधन

देहरादून। बुधवार को समाज कल्याण विभाग एवं राष्ट्रीय दृष्टि दिव्यांगजन सशक्तिकरण संस्थान की ओर से आयोजित राज्य स्तरीय दक्षता पुरस्कार वितरण समारोह में मंत्री सुबोध उनियाल ने सहभागिता की और दिव्यांग कर्मचारियों एवं खिलाड़ियों को सम्मानित किया।
कार्यक्रम में संबोधित करते हुए मंत्री सुबोध उनियाल ने कहा— “हमारे साथी अपने कर्म, प्रतिबद्धता और अदम्य जज़्बे से यह साबित करते हैं कि दिव्यांगता किसी व्यक्ति की क्षमताओं को कभी सीमित नहीं करती। यदि संकल्प प्रबल हो, हौसला अडिग हो और लक्ष्य पर दृढ़ विश्वास हो, तो इंसान किसी भी चुनौती को पार करते हुए समाज में अपनी अलग पहचान स्थापित कर सकता है। सुबोध उनियाल ने समाज कल्याण विभाग और राष्ट्रीय दृष्टि दिव्यांगजन सशक्तिकरण संस्थान के इस उत्कृष्ट आयोजन की सराहना की। उन्होंने कहा कि संस्थान द्वारा समाज में समावेश, संवेदना और समान अवसरों को बढ़ावा देने का सतत प्रयास अत्यंत सराहनीय है और ऐसे कार्यक्रम दिव्यांगजनों के मनोबल को मजबूत करते हैं। कार्यक्रम में विधायक सविता हरबंस कपूर सहित अनेक अधिकारी एवं गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed

राज्योत्सव समारोह में मुख्यमंत्री ने केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह का किया स्वागत एवं अभिनंदन देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शुक्रवार को परेड ग्राउंड, देहरादून में आयोजित राज्योत्सव समारोह में केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह का समस्त प्रदेशवासियों की ओर से स्वागत एवं अभिनंदन किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखण्ड राज्य स्थापना की 26वीं वर्षगांठ से पूर्व केंद्रीय गृह मंत्री का देवभूमि आगमन प्रदेशवासियों के लिए खुशी और गौरव का विषय है। मुख्यमंत्री ने कहा कि आजादी के बाद सरदार वल्लभभाई पटेल ने देश की एकता और अखंडता की मजबूत नींव रखी थी। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह उसी संकल्प को आगे बढ़ाते हुए देश की आंतरिक सुरक्षा को सुदृढ़ करने के लिए निरंतर कार्य कर रहे हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व और केंद्रीय गृह मंत्री के मार्गदर्शन में देश ने अनेक ऐतिहासिक निर्णय लिए हैं। अनुच्छेद 370 के प्रावधानों को हटाने, नागरिकता संशोधन अधिनियम तथा तीन नए आपराधिक कानूनों के माध्यम से राष्ट्रीय एकता, सुरक्षा और न्याय व्यवस्था को मजबूती प्रदान की गई है। आतंकवाद, अलगाववाद और नक्सलवाद के विरुद्ध कठोर कार्रवाई से देश में शांति एवं विकास का मार्ग प्रशस्त हुआ है। वहीं, सहकार से समृद्धि अभियान के माध्यम से किसानों, पशुपालकों और छोटे उद्यमियों को आत्मनिर्भर बनने के नए अवसर मिल रहे हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखण्ड पुलिस को प्रतिष्ठित राष्ट्रपति पुलिस कलर प्रदान किया जाना पूरे प्रदेश के लिए गौरवपूर्ण उपलब्धि है। उन्होंने इस उपलब्धि के लिए उत्तराखण्ड पुलिस के समस्त अधिकारियों, जवानों और प्रदेशवासियों को बधाई देते हुए केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह का आभार व्यक्त किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि 9 नवंबर को उत्तराखण्ड राज्य की स्थापना के 26 वर्ष पूर्ण हो रहे हैं। भारत रत्न पूर्व प्रधानमंत्री स्वर्गीय अटल बिहारी वाजपेयी ने राज्य आंदोलनकारियों के संघर्ष, त्याग और बलिदान का सम्मान करते हुए पृथक उत्तराखण्ड राज्य के सपने को साकार किया था। आज राज्य सरकार प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी एवं केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के मार्गदर्शन और सहयोग से राज्य आंदोलनकारियों की आकांक्षाओं के अनुरूप उत्तराखण्ड को विकसित और समृद्ध बनाने के लिए निरंतर कार्य कर रही है।