ग्राम्य विकास मंत्री गणेश जोशी ने पीएमजीएसवाई से संबंधित अधिकारियों के साथ की विभागीय समीक्षा 

देहरादून। प्रदेश के ग्राम्य विकास मंत्री गणेश जोशी ने बुधवार को अपने कैंप कार्यालय में प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना (पीएमजीएसवाई) से संबंधित अधिकारियों के साथ विभागीय समीक्षा बैठक की। बैठक के दौरान मंत्री ने पीएमजीएसवाई के अंतर्गत चल रहे एवं प्रस्तावित सड़कों और पुलों के निर्माण कार्यों की विस्तृत जानकारी ली तथा कार्यों को गति देने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

ग्राम्य विकास मंत्री ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि केंद्र सरकार द्वारा राज्य को स्वीकृत 1700 करोड़ रुपये की लागत से 1228 किलोमीटर लंबाई की 184 ग्रामीण सड़कों के निर्माण से संबंधित सभी कागजी औपचारिकताएं शीघ्र पूर्ण कर निर्माण कार्य प्रारंभ किया जाए। उन्होंने पीएमजीएसवाई के अंतर्गत क्षतिग्रस्त सड़कों की मरम्मत को प्राथमिकता देते हुए इन कार्यों को जल्द से जल्द पूरा करने के निर्देश भी दिए।

मंत्री गणेश जोशी ने स्पष्ट कहा कि पीएमजीएसवाई के तहत सड़कों एवं पुलों के निर्माण कार्य समयबद्ध, गुणवत्ता पूर्ण एवं पारदर्शी तरीके से किए जाएं, ताकि ग्रामीण क्षेत्रों को बेहतर सड़क कनेक्टिविटी का लाभ मिल सके। साथ ही उन्होंने भूमि मुआवजा वितरण से जुड़े लंबित प्रकरणों को प्राथमिकता के आधार पर शीघ्र निस्तारित करने के निर्देश दिए।

बैठक में अधिकारियों द्वारा अवगत कराया गया कि पीएमजीएसवाई फेज-03 के अंतर्गत 212 सड़कों का निर्माण कार्य पूर्ण हो चुका है, जबकि शेष 80 सड़कों पर कार्य तेजी से प्रगति पर है।

इस अवसर पर यूआरआरडीए मुख्य कार्यकारी अधिकारी आलोक पांडेय, मुख्य अभियंता संजय कुमार पाठक सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed

राज्योत्सव समारोह में मुख्यमंत्री ने केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह का किया स्वागत एवं अभिनंदन देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शुक्रवार को परेड ग्राउंड, देहरादून में आयोजित राज्योत्सव समारोह में केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह का समस्त प्रदेशवासियों की ओर से स्वागत एवं अभिनंदन किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखण्ड राज्य स्थापना की 26वीं वर्षगांठ से पूर्व केंद्रीय गृह मंत्री का देवभूमि आगमन प्रदेशवासियों के लिए खुशी और गौरव का विषय है। मुख्यमंत्री ने कहा कि आजादी के बाद सरदार वल्लभभाई पटेल ने देश की एकता और अखंडता की मजबूत नींव रखी थी। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह उसी संकल्प को आगे बढ़ाते हुए देश की आंतरिक सुरक्षा को सुदृढ़ करने के लिए निरंतर कार्य कर रहे हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व और केंद्रीय गृह मंत्री के मार्गदर्शन में देश ने अनेक ऐतिहासिक निर्णय लिए हैं। अनुच्छेद 370 के प्रावधानों को हटाने, नागरिकता संशोधन अधिनियम तथा तीन नए आपराधिक कानूनों के माध्यम से राष्ट्रीय एकता, सुरक्षा और न्याय व्यवस्था को मजबूती प्रदान की गई है। आतंकवाद, अलगाववाद और नक्सलवाद के विरुद्ध कठोर कार्रवाई से देश में शांति एवं विकास का मार्ग प्रशस्त हुआ है। वहीं, सहकार से समृद्धि अभियान के माध्यम से किसानों, पशुपालकों और छोटे उद्यमियों को आत्मनिर्भर बनने के नए अवसर मिल रहे हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखण्ड पुलिस को प्रतिष्ठित राष्ट्रपति पुलिस कलर प्रदान किया जाना पूरे प्रदेश के लिए गौरवपूर्ण उपलब्धि है। उन्होंने इस उपलब्धि के लिए उत्तराखण्ड पुलिस के समस्त अधिकारियों, जवानों और प्रदेशवासियों को बधाई देते हुए केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह का आभार व्यक्त किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि 9 नवंबर को उत्तराखण्ड राज्य की स्थापना के 26 वर्ष पूर्ण हो रहे हैं। भारत रत्न पूर्व प्रधानमंत्री स्वर्गीय अटल बिहारी वाजपेयी ने राज्य आंदोलनकारियों के संघर्ष, त्याग और बलिदान का सम्मान करते हुए पृथक उत्तराखण्ड राज्य के सपने को साकार किया था। आज राज्य सरकार प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी एवं केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के मार्गदर्शन और सहयोग से राज्य आंदोलनकारियों की आकांक्षाओं के अनुरूप उत्तराखण्ड को विकसित और समृद्ध बनाने के लिए निरंतर कार्य कर रही है।