देहरादून। उत्तरांचल विश्वविद्यालय परिसर में केंद्रीय संचार ब्यूरो, सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय, भारत सरकार द्वारा आयोजित जनजागरूकता अभियान का आज दूसरा दिन विभिन्न प्रतियोगिताओं और सांस्कृतिक कार्यक्रमों के साथ उत्साहपूर्वक संपन्न हुआ। कार्यक्रम में उत्तराखंड राज्य महिला आयोग की अध्यक्ष कुसुम कंडवाल मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहीं।
आज दूसरे दिन महिला बास्केटबॉल प्रतियोगिता का आयोजन किया गया, जिसमें प्रथम स्थान यूपीईएस विश्वविद्यालय, द्वितीय स्थान देवभूमि उत्तराखंड विश्वविद्यालय तथा तृतीय स्थान दून विश्वविद्यालय ने प्राप्त किया। इसके अलावा गायन और भाषण प्रतियोगिताओं में भी छात्र-छात्राओं ने बढ़-चढ़कर भाग लिया।
गायन प्रतियोगिता में प्रथम स्थान समीक्षा श्रीवास्तव, द्वितीय स्थान श्रेयांशी नेगी और तृतीय स्थान वंशिका भारद्वाज ने हासिल किया। वहीं भाषण प्रतियोगिता में प्रथम स्थान सिद्धि, द्वितीय स्थान कली और तृतीय स्थान तन्वी श्रीवास्तव को प्राप्त हुआ। भाषण प्रतियोगिता के दौरान विद्यार्थियों ने विकसित भारत की परिकल्पना पर प्रभावशाली विचार व्यक्त किए। उन्होंने आत्मनिर्भर भारत, महिला सशक्तिकरण, डिजिटल प्रगति और सामाजिक समरसता जैसे विषयों पर अपने विचार रखे, जिससे सभागार तालियों की गूंज से भर उठा।
कार्यक्रम स्थल पर लगी प्रदर्शनी में विभिन्न स्टॉलों पर भी अच्छी-खासी भीड़ देखने को मिली। विशेष रूप से “रूरल इंडियन क्राफ्ट” नामक स्टॉल आकर्षण का केंद्र रहा, जहां हाथ से बनी जैकेट, टोपी और अन्य पारंपरिक वस्त्र उपलब्ध थे।
कार्यक्रम के सफल संचालन में , एन एस नयाल नोडल अधिकारी , कार्यक्रम अधिकारी गोपेश बिष्ट, आनंद सिंह, व विभाग के पीयूष, राहुल, हेमंत कुमार, दीवान सिंह की महत्वपूर्ण भूमिका रही। मंच संचालन प्रभावी ढंग से संपन्न हुआ।
जनजागरूकता अभियान के दूसरे दिन आयोजित कार्यक्रमों ने विद्यार्थियों में जागरूकता के साथ-साथ राष्ट्र निर्माण में सहभागिता का संदेश भी दिया।
