आरोपी से तमंचा, चार कारतूस व हजारों की नगदी बरामद
उधमसिंहनगर। पुलिस टीम पर हमले के मामले में फरार चल रहे शातिर बदमाश को पुलिस ने मुठभेड़ में गोली लगने के बाद गिरफ्तार कर लिया है। जिसके कब्जे से एक तमंचा, चार कारतूस, हजारों की नगदी व बाइक बरामद की गई है। आरोपी बदमाश पुलिस अभिरक्षा में उपचाराधीन है।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अजय गणपति ने जानकारी देते हुए बताया गया कि बीती रात एएनटीएफ ऊधमसिंह नगर व एसओजी रुद्रपुर की संयुक्त टीम सूचना मिली कि सुभाष कॉलोनी में पूर्व में पुलिस टीम पर पथराव एवं जानलेवा हमला करने वाला व एनडीपीएस एक्ट में फरार आरोपी नदीम उर्फ नजीम उर्फ नाजिम पुत्र कल्लू निवासी सुभाष कॉलोनी, रुद्रपुर बिना नम्बर प्लेट की मोटरसाइकिल से सिडकुल की ओर से हल्द्वानी जा रहा है। सूचना पर कार्यवाही करते हुए एएनटीएफ व एसओजी टीम ने पारले चौक, निर्माणाधीन फ्लाईओवर के पास घेराबंदी कर सघन चेकिंग अभियान चला दिया गया। इस दौरान टीम को बिन्दुखेड़ा बाईपास की ओर से बाइक सवार एक संदिग्ध आता हुआ दिखायी दिया। पुलिस ने जब उसे रूकने का इशारा किया तो बाइक सवार बाइक मोड़कर भागने लगा। जिससे वह अनियंत्रित होकर गिर गया।
उन्होंने बताया कि गिरने के पश्चात आरोपी ने पुलिस टीम पर जान से मारने की नीयत से फायरिंग की। जिस पर पुलिस टीम ने जवाबी कार्यवाही की। जवाबी कार्रवाई के दौरान आरोपी के पैर में गोली लगी। जिसके बाद पुलिस टीम ने सावधानीपूर्वक घेराबंदी कर आरोपी को घायल अवस्था में गिरफ्तार किया। जिसके पास से एक तमंचा, दो खोखा कारतूस, दो जिंदा कारतूस, 4100 की नगदी व बाइक बरामद हुई। पूछताछ में आरोपी ने स्वीकार किया कि वह मादक पदार्थों की तस्करी में संलिप्त है। पूर्व में पुलिस टीम पर हमला कर फरार चल रहा था। घायल आरोपी को तत्काल प्राथमिक उपचार उपलब्ध कराते हुए जिला चिकित्सालय रुद्रपुर में भर्ती कराया गया, जहां वह पुलिस अभिरक्षा में उपचाराधीन है।
