पिछले साल 1041 करोड़ का राजस्व हुआ था हासिल
देहरादून। खनन विभाग ने वित्तीय वर्ष 2025—26 में अब तक के सभी राजस्व रिकॉर्ड तोड़ दिए हैं। विभाग को 950 करोड़ रूपये के लक्ष्य के मुकाबले 1130 करोड़ रूपये का राजस्व ट्रेजरी में प्राप्त हुआ, जबकि जिला खनिज फाउंडेशन न्यास से 80 करोड़ रूपये और एसएमईटी से 7 करोड़ सहित कुल 1217 करोड़ का राजस्व हासिल किया है। विभागीय अधिकारी इसे बड़ी उपलब्धि बता रहे हैं।
पिछले वित्तीय वर्ष 2024—25 में 1041 करोड़ के मुकाबले इस वर्ष की यह उपलब्धि और भी बड़ी छलांग मानी जा रही है। एक दशक पहले 2012—13 में जहां यह आंकड़ा मात्र 110 करोड़ था, वहीं अब इसमें कई गुना वृद्धि दर्ज की गई है। विभागीय अधिकारियों की मानें तो एमडीटीएसएस (माइनिंग डिजिटल ट्रांसफार्मेशन एंड सर्वीलेंस सिस्टम) और ई—रवन्ना जैसे सिस्टम लागू होने से अवैध खनन, परिवहन और भंडारण पर प्रभावी नियंत्रण लगा है। जिससे राजस्व में वृद्धि हुई है।
राज्य के चार मैदानी जिलों में 45 हाई—टेक ई—चेक गेट स्थापित किए गए हैं, जिनमें एएनपीआर कैमरा, आरएफआईडी और अन्य आधुनिक उपकरण लगाए गए हैं। ई—रवन्ना को सिक्योरिटी फीचर वाले विशेष कागज पर लागू करने से फर्जीवाड़े पर अंकुश लगने में सफलता मिली है। विभाग को इस उपलब्धि के लिए 28 मार्च 2026 को नई दिल्ली में आयोजित समारोह में प्रतिष्ठित स्कॉच अवार्ड (गोल्ड) से सम्मानित किया गया है।
