सीमा सुरक्षा बल द्वारा देहरादून में भव्य हाफ मैराथन का शानदार समापन

देहरादून । सीमा सुरक्षा बल और भारतीय खेल प्राधिकरण की ओर से आयोजित एक भव्य हाफ मैराथन दौड़ देहरादून स्थित राजीव गांधी क्रिकेट स्टेडियम परिसर में सफलतापूर्वक संपन्न हुई। इस दौड़ में न केवल पेशेवर धावकों, बल्कि बच्चों, बुजुर्गों और महिलाओं सहित बड़ी संख्या में प्रतिभागियों ने बड़े उत्साह के साथ भाग लिया। कार्यक्रम के अंत में आयोजित पुरस्कार वितरण समारोह में मुख्य अतिथि सतीश श्रीरामजी खण्डारे, भारतीय पुलिस सेवा, अपर महानिदेशक, पश्चिमी कमान, सीमा सुरक्षा बल द्वारा विजेताओं को पदक और नकद पुरस्कार प्रदान कर सम्मानित किया गया। इस प्रतियोगिता में कुल 10 लाख रुपये की नकद राशि पुरस्कार के रूप में वितरित की गई।
विभिन्न श्रेणियों के परिणामों में हाफ मैराथन के 19 से 50 आयु वर्ग में राहुल ने पुरुष वर्ग और रेणु सिंह ने महिला वर्ग में प्रथम स्थान प्राप्त किया। 50 वर्ष से अधिक के आयु वर्ग में भास्कर कांवले पुरुष श्रेणी और जयसिका पोलशेराऊ महिला श्रेणी में विजेता रहे। 10 किलोमीटर की दौड़ में 19 से 50 आयु वर्ग में गौरव ने पुरुष और सुशीला ने महिला वर्ग में प्रथम पुरस्कार जीता, जबकि 50 वर्ष से अधिक आयु वर्ग में रामराज पुरुष और ज्योतिपर्व दत्त महिला वर्ग में प्रथम रहे। इसके अतिरिक्त, 10 किलोमीटर की श्रेणी में 14 से 18 वर्ष के बालक वर्ग में अभिमन्यु छेत्री और बालिका वर्ग में लावन्य नागरकर ने प्रथम स्थान प्राप्त कर अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया।
समारोह को संबोधित करते हुए मुख्य अतिथि सतीश श्रीरामजी खण्डारे ने कहा कि यह मैराथन केवल एक दौड़ नहीं है, बल्कि यह स्वास्थ्य, अनुशासन और देशभक्ति का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि जिस प्रकार सीमा सुरक्षा बल के जवान दिन-रात देश की सीमाओं की रक्षा करते हैं, उसी प्रकार यह आयोजन हमें भी अपने जीवन में फिटनेस और समर्पण का महत्व सिखाता है। उन्होंने देहरादून की प्राकृतिक सुंदरता की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे आयोजनों से युवाओं को नई ऊर्जा और सकारात्मक सोच मिलती है, जिसकी आज की बदलती जीवनशैली में अत्यधिक आवश्यकता है। इस अवसर पर कमांडेंट गजेंद्र सिंह रावत, सीमा सुरक्षा बल साहसिक प्रशिक्षण संस्थान, देहरादून ने अपने संबोधन में सफल आयोजन के लिए स्थानीय प्रशासन और सभी प्रतिभागियों का आभार व्यक्त किया।
विशेष रूप से उल्लेखनीय है कि इस दौड़ का आयोजन सीमा सुरक्षा बल द्वारा अपनी सेवा, सुरक्षा और पराक्रम के 60 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में ‘हीरक जयंती’ उत्सव के रूप में किया गया है। इस गौरवशाली उत्सव को मनाने के लिए देश के विभिन्न स्थानों पर इस प्रकार के कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। आयोजन के दौरान सुरक्षा और स्वास्थ्य के पुख्ता इंतजाम किए गए थे, जिसमें मेडिकल सहायता और हाइड्रेशन पॉइंट शामिल रहे। इस दौड़ में बालक-बालिकाओं, महिला-पुरुषों सहित सुरक्षा बलों के वर्तमान एवं भूतपूर्व कार्मिकों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया, जो स्वास्थ्य के प्रति उनकी जागरूकता और समाज एवं राष्ट्र निर्माण में उनकी सक्रिय भागीदारी को सुनिश्चित करता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed

राज्योत्सव समारोह में मुख्यमंत्री ने केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह का किया स्वागत एवं अभिनंदन देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शुक्रवार को परेड ग्राउंड, देहरादून में आयोजित राज्योत्सव समारोह में केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह का समस्त प्रदेशवासियों की ओर से स्वागत एवं अभिनंदन किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखण्ड राज्य स्थापना की 26वीं वर्षगांठ से पूर्व केंद्रीय गृह मंत्री का देवभूमि आगमन प्रदेशवासियों के लिए खुशी और गौरव का विषय है। मुख्यमंत्री ने कहा कि आजादी के बाद सरदार वल्लभभाई पटेल ने देश की एकता और अखंडता की मजबूत नींव रखी थी। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह उसी संकल्प को आगे बढ़ाते हुए देश की आंतरिक सुरक्षा को सुदृढ़ करने के लिए निरंतर कार्य कर रहे हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व और केंद्रीय गृह मंत्री के मार्गदर्शन में देश ने अनेक ऐतिहासिक निर्णय लिए हैं। अनुच्छेद 370 के प्रावधानों को हटाने, नागरिकता संशोधन अधिनियम तथा तीन नए आपराधिक कानूनों के माध्यम से राष्ट्रीय एकता, सुरक्षा और न्याय व्यवस्था को मजबूती प्रदान की गई है। आतंकवाद, अलगाववाद और नक्सलवाद के विरुद्ध कठोर कार्रवाई से देश में शांति एवं विकास का मार्ग प्रशस्त हुआ है। वहीं, सहकार से समृद्धि अभियान के माध्यम से किसानों, पशुपालकों और छोटे उद्यमियों को आत्मनिर्भर बनने के नए अवसर मिल रहे हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखण्ड पुलिस को प्रतिष्ठित राष्ट्रपति पुलिस कलर प्रदान किया जाना पूरे प्रदेश के लिए गौरवपूर्ण उपलब्धि है। उन्होंने इस उपलब्धि के लिए उत्तराखण्ड पुलिस के समस्त अधिकारियों, जवानों और प्रदेशवासियों को बधाई देते हुए केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह का आभार व्यक्त किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि 9 नवंबर को उत्तराखण्ड राज्य की स्थापना के 26 वर्ष पूर्ण हो रहे हैं। भारत रत्न पूर्व प्रधानमंत्री स्वर्गीय अटल बिहारी वाजपेयी ने राज्य आंदोलनकारियों के संघर्ष, त्याग और बलिदान का सम्मान करते हुए पृथक उत्तराखण्ड राज्य के सपने को साकार किया था। आज राज्य सरकार प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी एवं केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के मार्गदर्शन और सहयोग से राज्य आंदोलनकारियों की आकांक्षाओं के अनुरूप उत्तराखण्ड को विकसित और समृद्ध बनाने के लिए निरंतर कार्य कर रही है।