डीएम के निर्देश पर अवैध गैस कारोबार पर बड़ी कार्रवाई, 32 सिलेंडर, 4 गैस रिफिलिंग उपकरण जब्त; 327 सिलेंडरों से लदा वाहन कब्जे में, मुकदमा दर्ज

  • निरंजनपुर सब्जी मंडी के समीप सिद्ध पीठ प्राचीन मंदिर के निकट बंद पेट्रोल पंप के कमरे में की जा रही थी गैस रिफिलिंग
  • पेट्रोल पंप पर 327 गैस सिलेंडर लदा वाहन UP17BT0390 लिया कब्जे में
  • गैस सिलेंडर की कालाबाजारी अवैध रिफिलिंग पर रात्रि 12:00 बजे से सुबह 4:00 तक चली जिला प्रशासन क्यूआरटी की छापेमारी

देहरादून:  जनपद में एलपीजी गैस की कालाबाजारी, अवैध भंडारण एवं रिफिलिंग पर प्रभावी अंकुश लगाने हेतु जिलाधिकारी सविन बंसल के निर्देशों के क्रम में जिला प्रशासन द्वारा सख्त कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में जिला प्रशासन की क्यूआरटी टीम द्वारा रात्रि में चलाए गए विशेष अभियान के दौरान बड़ी कार्यवाही को अंजाम दिया गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार निरंजनपुर सब्जी मंडी के समीप स्थित सिद्ध पीठ प्राचीन मंदिर के निकट एक बंद पड़े पेट्रोल पंप के कमरे में अवैध रूप से गैस सिलेंडरों की रिफिलिंग की जा रही थी। सूचना पर त्वरित कार्रवाई करते हुए क्यूआरटी टीम ने देर रात्रि लगभग 12:00 बजे से प्रातः 4:00 बजे तक सघन छापेमारी अभियान चलाया। छापेमारी के दौरान मौके से कुल 27 घरेलू, 4 छोटे तथा 1 व्यावसायिक गैस सिलेंडर जब्त किए गए। इसके अतिरिक्त मौके पर एक वाहन संख्या UP17BT0390, जिसमें 327 गैस सिलेंडर लदे हुए थे, को भी कब्जे में लिया गया। कार्रवाई के दौरान वाहन चालक मौके से फरार हो गया।
वाहन स्वामी से दूरभाष पर संपर्क करने पर ज्ञात हुआ कि उक्त वाहन लोनी बोटलिंग गैस प्लांट से लगभग 360 सिलेंडर लेकर निकला था। अवैध रूप से महंगे दामों पर बेचने के उद्देश्य से रिफिलिंग किया जा रहा था। प्रथम दृष्टया यह स्पष्ट हुआ कि गैस सिलेंडरों की अवैध रिफिलिंग कर उन्हें ऊंचे दामों पर बाजार में बेचने की तैयारी की जा रही थी। यह गतिविधि न केवल आवश्यक वस्तु अधिनियम का उल्लंघन है, बल्कि जनसुरक्षा के लिए भी गंभीर खतरा उत्पन्न करती है। उक्त प्रकरण में थाना पटेल नगर में संबंधित धाराओं के अंतर्गत मुकदमा दर्ज कर लिया गया है तथा फरार आरोपियों की तलाश की जा रही है। जिलाधिकारी सविन बंसल के निर्देश हैं कि जनपद में गैस की कालाबाजारी एवं अवैध गतिविधियों में संलिप्त किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा। इस प्रकार की कार्रवाइयां आगे भी निरंतर जारी रहेंगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed

राज्योत्सव समारोह में मुख्यमंत्री ने केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह का किया स्वागत एवं अभिनंदन देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शुक्रवार को परेड ग्राउंड, देहरादून में आयोजित राज्योत्सव समारोह में केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह का समस्त प्रदेशवासियों की ओर से स्वागत एवं अभिनंदन किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखण्ड राज्य स्थापना की 26वीं वर्षगांठ से पूर्व केंद्रीय गृह मंत्री का देवभूमि आगमन प्रदेशवासियों के लिए खुशी और गौरव का विषय है। मुख्यमंत्री ने कहा कि आजादी के बाद सरदार वल्लभभाई पटेल ने देश की एकता और अखंडता की मजबूत नींव रखी थी। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह उसी संकल्प को आगे बढ़ाते हुए देश की आंतरिक सुरक्षा को सुदृढ़ करने के लिए निरंतर कार्य कर रहे हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व और केंद्रीय गृह मंत्री के मार्गदर्शन में देश ने अनेक ऐतिहासिक निर्णय लिए हैं। अनुच्छेद 370 के प्रावधानों को हटाने, नागरिकता संशोधन अधिनियम तथा तीन नए आपराधिक कानूनों के माध्यम से राष्ट्रीय एकता, सुरक्षा और न्याय व्यवस्था को मजबूती प्रदान की गई है। आतंकवाद, अलगाववाद और नक्सलवाद के विरुद्ध कठोर कार्रवाई से देश में शांति एवं विकास का मार्ग प्रशस्त हुआ है। वहीं, सहकार से समृद्धि अभियान के माध्यम से किसानों, पशुपालकों और छोटे उद्यमियों को आत्मनिर्भर बनने के नए अवसर मिल रहे हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखण्ड पुलिस को प्रतिष्ठित राष्ट्रपति पुलिस कलर प्रदान किया जाना पूरे प्रदेश के लिए गौरवपूर्ण उपलब्धि है। उन्होंने इस उपलब्धि के लिए उत्तराखण्ड पुलिस के समस्त अधिकारियों, जवानों और प्रदेशवासियों को बधाई देते हुए केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह का आभार व्यक्त किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि 9 नवंबर को उत्तराखण्ड राज्य की स्थापना के 26 वर्ष पूर्ण हो रहे हैं। भारत रत्न पूर्व प्रधानमंत्री स्वर्गीय अटल बिहारी वाजपेयी ने राज्य आंदोलनकारियों के संघर्ष, त्याग और बलिदान का सम्मान करते हुए पृथक उत्तराखण्ड राज्य के सपने को साकार किया था। आज राज्य सरकार प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी एवं केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के मार्गदर्शन और सहयोग से राज्य आंदोलनकारियों की आकांक्षाओं के अनुरूप उत्तराखण्ड को विकसित और समृद्ध बनाने के लिए निरंतर कार्य कर रही है।