महाराज ने किया ऋषिकेश स्थित ट्रांजिट कैंप का औचक निरीक्षण, पुलिस कंट्रोल रूम में वायरलेस सेट न होने पर जताई नाराजगी

ऋषिकेश। प्रदेश के पर्यटन, धर्मस्व, संस्कृति, लोक निर्माण, सिंचाई एवं ग्रामीण निर्माण मंत्री सतपाल महाराज ने चारधाम यात्रा पर जाने वाले यात्रियों के पंजीकरण हेतु ऋषिकेश स्थित ट्रांजिट कैंप का औचक निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया।

प्रदेश के पर्यटन, धर्मस्व, संस्कृति, लोक निर्माण, सिंचाई एवं ग्रामीण निर्माण मंत्री सतपाल महाराज ने शनिवार को अचानक चारधाम यात्रियों के पंजीकरण के लिए बने ऋषिकेश बस टर्मिनल के समीप स्थित सबसे बड़े ट्रांजिट कैंप और जांच केंद्र पहुंच कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने पुलिस कंट्रोल रूम में वायरलेस सेट न होने पर नाराजगी जाहिर करते हुए एसएसपी प्रमेंद्र डोभाल से दूरभाष पर बात कर उन्हें तत्काल वायरलेस सेट मशीन लगाने के निर्देश दिए। उन्होंने वहां स्थित यात्री विश्राम कैम्पों में जाकर यात्रियों से भी बातचीत की। सभी यात्री सरकार द्वारा की गई व्यवस्थाओं से संतुष्ट नजर आये।

इस अवसर पर प्रेस से बातचीत करते हुए प्रदेश के पर्यटन एवं धर्मस्व मंत्री श्री महाराज ने कहा कि जैसे-जैसे गर्मी बढ़ेगी वैसे-वैसे यात्रियों की संख्या में भारी इजाफा होगा इसलिए हमें अभी से तैयार रहने की आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि ट्रांजिट कैंप में सभी व्यवस्थाएं चाक चौबंद हैं। यात्रियों का ऑफलाइन रजिस्ट्रेशन और स्वास्थ्य जांच लगातार चल रही है। ट्रांजिट कैंप में यात्रियों के खानपान, आराम और स्वच्छता का पूरा ध्यान रखा जा रहा है। उन्होंने चारधाम यात्रा पर आने वाले श्रद्धालुओं से अनुरोध करते हुए कहा कि उत्तराखंड देवी-देवताओं की पवित्र भूमि है। इसलिए इस बात का प्राथमिकता से ध्यान रखें कि यात्रा के दौरान कहीं भी प्लास्टिक, कचरा और शोर-शराबा न हो। धामों को साफ-सुथरा रखना ही सबसे बड़ी पूजा है। सेवा कार्य में लगे अधिकारियों, कर्मचारियों, जिला प्रशासन से उन्होंने कहा है कि यात्री हमारे अतिथि हैं इसलिए उनके साथ हमेशा मधुर व्यवहार रखें।

उन्होंने कहा कि climatization का ध्यान रखें। जल्दबाजी में सीधे धाम न पहुंचें। हरिद्वार, ऋषिकेश, देवप्रयाग, जोशीमठ आदि स्थानों पर 1 दिन अवश्य रुकें। शरीर को ऊंचाई का आदी होने दें। और यात्री बिना पंजीकरण के यात्रा ना करें। QR कोड पास और आधार कार्ड अपने साथ रखें। स्वास्थ्य जांच कराएं। चारधाम यात्रा हम सबकी साझी जिम्मेदारी है। श्रद्धालु नियम मानें, कर्मचारी सेवा करें, व्यापारी ईमानदारी बरतें तभी चारधाम यात्रा सफल होगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed

राज्योत्सव समारोह में मुख्यमंत्री ने केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह का किया स्वागत एवं अभिनंदन देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शुक्रवार को परेड ग्राउंड, देहरादून में आयोजित राज्योत्सव समारोह में केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह का समस्त प्रदेशवासियों की ओर से स्वागत एवं अभिनंदन किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखण्ड राज्य स्थापना की 26वीं वर्षगांठ से पूर्व केंद्रीय गृह मंत्री का देवभूमि आगमन प्रदेशवासियों के लिए खुशी और गौरव का विषय है। मुख्यमंत्री ने कहा कि आजादी के बाद सरदार वल्लभभाई पटेल ने देश की एकता और अखंडता की मजबूत नींव रखी थी। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह उसी संकल्प को आगे बढ़ाते हुए देश की आंतरिक सुरक्षा को सुदृढ़ करने के लिए निरंतर कार्य कर रहे हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व और केंद्रीय गृह मंत्री के मार्गदर्शन में देश ने अनेक ऐतिहासिक निर्णय लिए हैं। अनुच्छेद 370 के प्रावधानों को हटाने, नागरिकता संशोधन अधिनियम तथा तीन नए आपराधिक कानूनों के माध्यम से राष्ट्रीय एकता, सुरक्षा और न्याय व्यवस्था को मजबूती प्रदान की गई है। आतंकवाद, अलगाववाद और नक्सलवाद के विरुद्ध कठोर कार्रवाई से देश में शांति एवं विकास का मार्ग प्रशस्त हुआ है। वहीं, सहकार से समृद्धि अभियान के माध्यम से किसानों, पशुपालकों और छोटे उद्यमियों को आत्मनिर्भर बनने के नए अवसर मिल रहे हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखण्ड पुलिस को प्रतिष्ठित राष्ट्रपति पुलिस कलर प्रदान किया जाना पूरे प्रदेश के लिए गौरवपूर्ण उपलब्धि है। उन्होंने इस उपलब्धि के लिए उत्तराखण्ड पुलिस के समस्त अधिकारियों, जवानों और प्रदेशवासियों को बधाई देते हुए केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह का आभार व्यक्त किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि 9 नवंबर को उत्तराखण्ड राज्य की स्थापना के 26 वर्ष पूर्ण हो रहे हैं। भारत रत्न पूर्व प्रधानमंत्री स्वर्गीय अटल बिहारी वाजपेयी ने राज्य आंदोलनकारियों के संघर्ष, त्याग और बलिदान का सम्मान करते हुए पृथक उत्तराखण्ड राज्य के सपने को साकार किया था। आज राज्य सरकार प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी एवं केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के मार्गदर्शन और सहयोग से राज्य आंदोलनकारियों की आकांक्षाओं के अनुरूप उत्तराखण्ड को विकसित और समृद्ध बनाने के लिए निरंतर कार्य कर रही है।