- पात्र नागरिकों का नाम दर्ज कराने के साथ मतदाता सूची की शुद्धता और पारदर्शिता सुनिश्चित करने के डीएम ने दिए निर्देश
देहरादून। भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार मतदाता सूची के विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण कार्यक्रम के अंतर्गत जनपद देहरादून में प्राप्त दावों एवं आपत्तियों के निस्तारण हेतु सुपर चेकिंग का कार्य किया जा रहा है। इसी क्रम में जिला निर्वाचन अधिकारी/जिलाधिकारी डॉ0 आशीष चौहान ने आज 22-मसूरी विधानसभा क्षेत्र में सुपर चेकिंग के दौरान प्राप्त दावों एवं आपत्तियों का निरीक्षण एवं सत्यापन किया। इस दौरान विशेष रूप से फॉर्म-6 के माध्यम से प्राप्त मतदाता पंजीकरण संबंधी आवेदनों की अद्यतन स्थिति की जानकारी ली गई तथा संबंधित अधिकारियों एवं बीएलओ को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
सुपर चेकिंग के दौरान 22-मसूरी विधानसभा क्षेत्र के अभिषेक कुमार, निवासी 237/2 इन्द्र कालोनी, नेशविला रोड, देहरादून द्वारा फॉर्म-6 के माध्यम से प्रस्तुत आवेदन को प्रक्रियाधीन पाया गया। वहीं इसी विधानसभा क्षेत्र की सोनिया, निवासी न्यू खाला गांव, मसूरी रोड, देहरादून द्वारा फॉर्म-6 के माध्यम से प्रस्तुत आवेदन की जांच के उपरांत उसे निरस्त पाया गया। संबंधित आवेदक को आवेदन में पाई गई कमी की जानकारी दी गई तथा आवश्यक अभिलेख संलग्न करते हुए पुनः फॉर्म-6 भरवाने के लिए संबंधित बीएलओ को निर्देशित किया गया।
जिला निर्वाचन अधिकारी डॉ0 आशीष चौहान ने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि मतदाता सूची के पुनरीक्षण कार्य में प्राप्त प्रत्येक दावा एवं आपत्ति की निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार निष्पक्षता एवं गहनता से जांच की जाए। उन्होंने कहा कि सुपर चेकिंग का उद्देश्य मतदाता सूची की शुद्धता सुनिश्चित करने के साथ-साथ यह भी सुनिश्चित करना है कि कोई भी पात्र नागरिक अपना नाम मतदाता सूची में दर्ज कराने से वंचित न रहे।
उन्होंने सभी बूथ लेवल अधिकारियों (बीएलओ) एवं सुपरवाइजरों को निर्देश दिए कि मतदाता सूची पुनरीक्षण कार्य को पूरी पारदर्शिता, शुद्धता एवं समयबद्धता के साथ संपादित करें। आवेदनों की जांच के दौरान आवश्यक अभिलेखों एवं निर्धारित प्रक्रिया का विशेष ध्यान रखा जाए तथा किसी भी पात्र आवेदक को अनावश्यक कठिनाई न हो।
जिला निर्वाचन अधिकारी ने यह भी निर्देशित किया कि प्राप्त दावों एवं आपत्तियों के निस्तारण की प्रक्रिया में निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों का अक्षरशः अनुपालन सुनिश्चित किया जाए, ताकि आगामी निर्वाचन के लिए शुद्ध, अद्यतन एवं त्रुटिरहित मतदाता सूची तैयार की जा सके। निरीक्षण के दौरान सहायक जिला निर्वाचन अधिकारी नरेन्द्र देवली सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।
