होली से पहले बड़ी राहत, गैस सिलेंडर के दाम में भारी गिरावट
नई दिल्ली। मार्च की शुरुआत आम लोगों के लिए राहत भरी खबर के साथ हुई है। देश की तेल एवं गैस वितरण कंपनियों ने Gas Cylinder Price में 53 रुपये तक की भाव कमी का ऐलान किया है। इससे 10 तारीख को मनायी जाने वाली होली से पहले आम लोगों को काफी राहत मिली है। Indian Oil की वेबसाइट पर प्रकाशित संशोधित रेट चार्ट के मुताबिक अब लोगों को गैस सिलेंडर खरीदने के लिए कम राशि का भुगतान करना पड़ेगा। गैस सिलेंडर में कमी के फैसले से बिना सब्सिडी वाले सिलेंडर खरीदने वाले ग्राहकों को फायदा होगा। साथ ही कॉमर्शियल सिलेंडर यूज करने वाले कारोबारियों को भी राहत मिली है। राष्ट्रीय राजधानी में बिना सब्सिडी वाले सिलेंडर के लिए अब आपको 858.50 रुपये की बजाय 805.50 रुपये चुकाने होंगे। इससे पहले 12 फरवरी को दिल्ली में बिना सब्सिडी वाले गैस सिलेंडर की कीमतों में 144.50 रुपये की भारी बढ़ोत्तरी की गई थी। राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली सहित देश के विभिन्न हिस्सों में LPG Price में आखिरी बार एक अगस्त को कमी हुई थी। उसके बाद से लगातार Gas Price में तेजी दर्ज की जा रही थी। इस तरह देखा जाए तो रसोई गैस की कीमतों में छह माह बाद कमी हुई है।
