रुड़की में बेकाबू हो रहा डेंगू, 55 नए मरीजों में हुई पुष्टि, एक संदिग्ध की मौत

उत्तराखंड के रुड़की और लंढौरा क्षेत्र में डेंगू बेकाबू होता जा रहा है। शनिवार को 55 मरीजों की पुष्टि के बाद जिले में यह आंकड़ा बढ़कर 167 पर जा पहुंचा है। वहीं गाधारोणा में एक व्यक्ति की संदिग्ध मौत हो गई है। हालांकि स्वास्थ्य विभाग की टीम ने गांव पहुंचकर जानकारी ली है, जिसके अनुसार मृतक को बुखार की शिकायत नहीं थी।

पेट संबंधी दिक्कत चल रही थी, जिसके कारण उसकी मौत हुई है। वहीं दूसरी ओर, मंगलौर के हरजौली गांव में स्वास्थ्य विभाग की टीम ने शिविर लगाकर 38 लोगों के सैंपल लिए। हालांकि इस गांव में मलेरिया के 22 सैंपल की रिपोर्ट निगेटिव आई है। ऐसे में माना जा रहा है कि इन लोगों को डेंगू की शिकायत हो सकती है।

गाधारोणा गांव में डेंगू ने पूरी तरह पैर पसार लिए हैं। हर घर में डेंगू पीड़ित व्यक्ति मौजूद है। शनिवार को आई रिपोर्ट में 33 में डेंगू की पुष्टि हुई है। वहीं आधा दर्जन से अधिक गंभीर मरीजों को सिविल अस्पताल में भर्ती कराया गया है। गांव में लगातार स्वास्थ्य विभाग की टीम डेरा जमाए हुए है। आशा व स्वास्थ्यकर्मी घर-घर जाकर लोगों को जागरूक करने के बाद दवाई भी दे रहे हैं। सीएचसी लंढौरा प्रभारी डॉ. अमित डाबरा शनिवार को गांव पहुंचे और डेंगू पीड़ित मरीजों से उनका हाल जाना। उन्होंने घर में साफ सफाई रखने का आह्वान किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed