नैनीताल, चंपावत, बागेश्वर पिथौरागढ़ में आज भारी बारिश के आसार
नैनीताल, चंपावत, बागेश्वर और पिथौरागढ़ जैसे जिलों में अगले 24 घंटे में कहीं-कहीं भारी बारिश होने के साथ ही तेज गर्जना और आकाशीय बिजली गिरने की संभावना है। मौसम विभाग ने राजधानी देहरादून में भी कुछ स्थानों पर तेज गर्जना के साथ बारिश की संभावना जताई है।
राजधानी दून व आसपास के इलाकों में मंगलवार को सुबह से लेकर अपराह्न चार बजे तक मौसम का मिजाज बदला रहा। सुबह जहां चटख धूप निकली, वहीं थोड़ी देर बाद आसमान में बादल छा गए। चार बजे के आसपास थोड़ी देर जमकर बारिश हुई। इससे गर्मी से जूझ रहे लोगों को भी थोड़ी राहत मिली।
मूसलाधार बारिश के चलते राजधानी के ज्यादातर चौराहे पर जलभराव हो गया। चौराहों पर जाम लग गया और लोगों को परेशानियों का सामना करना पड़ा। जाम हटवाने के लिए पुलिसकर्मी मशक्कत करते नजर आए।
शुक्रवार से राजधानी दून में झमाझम बारिश के आसार
मौसम विभाग के अनुसार राजधानी दून व आसपास के इलाकों में शुक्रवार से अगले चार दिनों तक आसमान में बादल छाए रहने के साथ झमाझम बारिश के आसार हैं। आने वाले दिनों में बारिश के चलते अधिकतम और न्यूनतम तापमान में भी भारी गिरावट दर्ज की जाएगी।
