श्रीकृष्ण के जयकारों के बीच दिव्य ज्योति जाग्रति संस्थान के भगवाधारियों ने किया जी20 के वेदांतिक मॉडल का अनावरण!

देहरादून। दिव्य ज्योति जाग्रति संस्थान की ओर से विलक्षण एवं विशाल श्रीकृष्ण जन्माष्टमी का आयोजन किया गया। जिसमें हज़ारों की संख्या में श्रद्धालुओं ने बढ़-चढ़ कर भाग लिया। इस जन्माष्टमी की विशेषता थी जी20 की थीम- ‘वसुधैव कुटुम्बकम्’ पर आधारित वेदांतिक मॉडल का अनावरण। दिल्ली के द्वारका स्थित सेक्टर-10 के डीडीए ग्राउंड में संस्थान के सनातनी युवा कार्यकर्ताओं के संग दिव्य ज्योति जाग्रति संस्थान के भगवाधारी सन्यासियों ने गणमान्य अतिथियों की उपस्थिति में इस जी20 के वेदांतिक मॉडल का लॉन्च किया। लहराते भगवा झंडों एवं तिरंगों के बीच, और श्रीकृष्ण के जयकारों की गूंज के साथ, यह मॉडल लॉन्च किया गया, जिसने इस उपलक्ष्य को और सुंदर व उत्साहपूर्ण बना दिया। इस मॉडल में जी20 के एजंडे में अंकित प्रासंगिक पहलुओं, जैसे कि पर्यावरण और जलवायु परिस्थितियाँ, महिला सशक्तिकरण, संस्कृति संवर्धन और संरक्षण इत्यादि का वेदों में निहित ज्ञान द्वारा निदान प्रस्तुत किया गया। आपको बता दें कि इस लॉन्च को 3000 वर्ग फुट की एलईडी स्क्रीन से बने पूर्ण डिजिटल मंच एवं पंडाल में स्थापित विशाल आकार की 10 एलईडी पर भी प्रदर्शित किया गया।
इसके अलावा इस भव्य महोत्सव में अनेकानेक श्रीकृष्ण लीलाओं पर आधारित नृत्य-नाटिकाएँ तो हुई हीं। साथ ही उनमें छिपे श्रीकृष्ण-तत्व की सरल आध्यात्मिक विवेचनाओं को भी आशुतोष महाराज के पूर्ण रूप से समर्पित विद्वत स्वामी तथा साध्वी शिष्यों द्वारा प्रस्तुत किया गया। पंडाल में 350 फीट से अधिक क्षेत्रफल झाँकियों के लिए समर्पित किया गया था, जिनमें श्रद्धालुओं को श्रीकृष्ण की लीलाओं में सहभागी होने का विलक्षण अवसर भी प्राप्त हुआ। भक्तों को उत्सुकता एवं उत्साह के साथ इन प्रदर्शनियों में भाग लेते और फोटो खिंचवाते हुए पाया गया। कार्यक्रम में केंद्रीय मंत्री, सोम प्रकाश समेत दिल्ली प्रदेश के कई गणमान्य अतिथि भी पधारे। गत दिवस इसी कार्यक्रम में केंद्रिय मंत्री स्मृति ईरानी जी ने भी शिरकत की थी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed

राज्योत्सव समारोह में मुख्यमंत्री ने केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह का किया स्वागत एवं अभिनंदन देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शुक्रवार को परेड ग्राउंड, देहरादून में आयोजित राज्योत्सव समारोह में केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह का समस्त प्रदेशवासियों की ओर से स्वागत एवं अभिनंदन किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखण्ड राज्य स्थापना की 26वीं वर्षगांठ से पूर्व केंद्रीय गृह मंत्री का देवभूमि आगमन प्रदेशवासियों के लिए खुशी और गौरव का विषय है। मुख्यमंत्री ने कहा कि आजादी के बाद सरदार वल्लभभाई पटेल ने देश की एकता और अखंडता की मजबूत नींव रखी थी। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह उसी संकल्प को आगे बढ़ाते हुए देश की आंतरिक सुरक्षा को सुदृढ़ करने के लिए निरंतर कार्य कर रहे हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व और केंद्रीय गृह मंत्री के मार्गदर्शन में देश ने अनेक ऐतिहासिक निर्णय लिए हैं। अनुच्छेद 370 के प्रावधानों को हटाने, नागरिकता संशोधन अधिनियम तथा तीन नए आपराधिक कानूनों के माध्यम से राष्ट्रीय एकता, सुरक्षा और न्याय व्यवस्था को मजबूती प्रदान की गई है। आतंकवाद, अलगाववाद और नक्सलवाद के विरुद्ध कठोर कार्रवाई से देश में शांति एवं विकास का मार्ग प्रशस्त हुआ है। वहीं, सहकार से समृद्धि अभियान के माध्यम से किसानों, पशुपालकों और छोटे उद्यमियों को आत्मनिर्भर बनने के नए अवसर मिल रहे हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखण्ड पुलिस को प्रतिष्ठित राष्ट्रपति पुलिस कलर प्रदान किया जाना पूरे प्रदेश के लिए गौरवपूर्ण उपलब्धि है। उन्होंने इस उपलब्धि के लिए उत्तराखण्ड पुलिस के समस्त अधिकारियों, जवानों और प्रदेशवासियों को बधाई देते हुए केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह का आभार व्यक्त किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि 9 नवंबर को उत्तराखण्ड राज्य की स्थापना के 26 वर्ष पूर्ण हो रहे हैं। भारत रत्न पूर्व प्रधानमंत्री स्वर्गीय अटल बिहारी वाजपेयी ने राज्य आंदोलनकारियों के संघर्ष, त्याग और बलिदान का सम्मान करते हुए पृथक उत्तराखण्ड राज्य के सपने को साकार किया था। आज राज्य सरकार प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी एवं केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के मार्गदर्शन और सहयोग से राज्य आंदोलनकारियों की आकांक्षाओं के अनुरूप उत्तराखण्ड को विकसित और समृद्ध बनाने के लिए निरंतर कार्य कर रही है।